अमेरिका-इजरायल ने साझा ऑपरेशन में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की हत्या कर दी थी। उनकी मौत के बाद इजरायल और ईरान की जंग जारी है। खामेनेई की हत्या पर योग गुरु बाबा रामदेव ने प्रतिक्रिया दी है। रामदेव ने कहा कि किसी व्यक्ति की हत्या हो सकती है लेकिन उसके विचारों को मिटाया नहीं जा सकता।

एक चैनल को दिए इंटरव्यू में जब बाबा रामदेव से सवाल किया गया कि क्या भारत को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का साथ देना चाहिए या अली खामेनेई का , तो इस पर रामदेव ने जवाब देते हुए कहा, “आप किसी व्यक्ति को मार सकते हैं, उसके विचार, दर्शन, सोच, जज्बे और शौर्य वीरता को खत्म नहीं कर सकते हैं।”

इनको कोई झुका नहीं सकता- रामदेव

रामदेव ने कहा, “मैं ईरान के बारे में बहुत ज्यादा नहीं जानता हूं, लेकिन इतना जरूर जानता हूं कि ये पैगंबर मोहम्मद के रियल खानदान के लोग हैं। इनको शिया कहा जाता है, इनको कोई झुका नहीं सकता है, इनको कोई मिटा नहीं सकता है और इनको कोई हरा भी नहीं सकता है। उस करीब 9-10 करोड़ की आबादी में एक करोड़ से ज्यादा लोग खामेनेई के विचारों को पूरे अस्तित्व के साथ रोम-रोम से जीते हैं। ये एक तरह से अमेरिका की राजनीतिक परिपक्वता है।”

यह भी पढ़ें: ईरान युद्ध का अमेरिका पर असर, पेट्रोल के बढ़े दाम, 2022 के बाद सबसे अधिक कीमत

नेतन्याहू के बारे में क्या बोले रामदेव

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें नेतन्याहू के बारे में कुछ कहना है, तो उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और नेतन्याहू “दोनों एक ही सांचे में ढले हुए हैं, जैसा कि कहावत है, चोर-चोर मौसेरे भाई।” उन्होंने आगे कहा, “मैं किसी को चोर नहीं कह रहा हूं, मैं बस एक कहावत का हवाला दे रहा हूं, इसका अर्थ है कि वे दोनों एक ही तरह के हैं और मैं उन दोनों को युद्ध अपराधी मानता हूं। मैं उन्हें मानवता के खिलाफ अपराधी मानता हूं, मैं उन्हें प्रकृति और पर्यावरण के खिलाफ अपराधी मानता हूं।”

योग गुरु रामदेव ने ये भी कहा, ”इन्होंने राजनीतिक अविश्वास का हिमालय खड़ा कर दिया, इसे तोड़ने में बहुत वक्त लगेगा। इस युद्ध का खामियाजा आने वाले 500 सालों तक इजरायल और अमेरिका को भुगतना पड़ेगा। इसमें अमेरिका और इजरायल न तो जीत सकते हैं और ना ही इसमें ईरान हार सकता है।”

ईरान पर अमेरिका का ‘बंकर बस्टर’ अटैक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में हुए एक बड़े विस्फोट का वीडियो शेयर किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मंगलवार तड़के ईरान के इस्फहान में एक बड़ा ब्लास्ट हुआ। ट्रंप ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें कई धमाके दिखाई दे रहे हैं जिसके बाद रात के आसमान को नारंगी रंग की बड़ी-बड़ी आग की लपटें नजर आती हैं। पढ़ें पूरी खबर…