दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच हाथों में लाल झंडा थामे और पुलिस की बैरिकेडिंग को चकमा देकर दौड़ती एक लड़की की तस्वीर सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रही है। आंखों में व्यवस्था बदलने का जुनून और हाथों में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) का झंडा लिए दिख रही यह छात्रा कोई और नहीं, बल्कि दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज की 20 वर्षीय छात्रा पूझक्कल पवित्रा (Puzhakkal Pavithra) हैं। केरल के पालक्काड़ की रहने वाली एंथ्रोपोलॉजी (मानवशास्त्र) थर्ड ईयर की यह छात्रा इस समय पूरे देश में चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली छात्रा प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली के जंतर मंतर आई थीं। इसी दौरान पुलिस की कार्रवाई के बीच उनकी दौड़ती हुई तस्वीर कैमरे में कैद हो गई, जो बाद में वायरल हो गई।
कौन हैं 20 साल की पवित्रा और उनकी फैमिली हिस्ट्री क्या है?
सोशल मीडिया पर इस जोश के साथ झंडा फहराती हुई लड़की का फोटो तेजी से वायरल हो रहा है। हाथ में SFI का झंडा लिए सड़क पर दौड़ती इस लड़की की तस्वीर ने लोगों का ध्यान खींचा है। आखिर यह लड़की कौन है और तस्वीर के पीछे की पूरी कहानी क्या है? आपको बता दें कि पुझक्कल पवित्रा मूल रूप से केरल की रहने वाली हैं। वह दिल्ली यूनिवर्सिटी मानवशास्त्र की थर्ड ईयर की छात्रा हैं। वह पिछले दो साल से छात्र संगठन SFI से जुड़ी हुई हैं। उनके परिवार का भी राजनीतिक जुड़ाव रहा है। उनकी मां बैंक कर्मचारी होने के साथ-साथ पलक्कड़ में CPI(M) की सदस्य हैं। वहीं, उनके नाना के वी चंद्रन प्रमुख कम्युनिस्ट नेता और पलक्कड़ के मंकारा के पूर्व सरपंच रह चुके हैं।
कैसे वायरल हुई पवित्रा की तस्वीर?
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को पवित्रा और SFI के दूसरे सदस्य दिल्ली में प्रदर्शन के लिए जुटे थे। वे AKG भवन से जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। पुलिस जबरन इन छात्रों को अपनी गिरफ्त में ले रही थी जिनसे बचने के लिए ये GEN Z भागते-दौड़ते पुलिस से बचते हुए नजर आए। पवित्रा ने बताया कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों को महिला पुलिसकर्मियों को बुलाने के लिए कहते सुना। इसके बाद प्रदर्शनकारी भागने लगे और वो भी दूसरी दिशा में दौड़ पड़ीं। लड़की को दौड़ते समय ये अहसास नहीं था कि उसके हाथों में SFI का झंडा है। उनकी झेंडे के साथ ये तस्वीर आकाशवाणी भवन के पास खींची गई थी जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पवित्रा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को रास्ते में कई बैरिकेड पार करने पड़े और पुलिस उन्हें पकड़कर हिरासत में ले रही थी।
अब सिस्टम बदलने का वक्त आ गया है
पवित्रा ने प्रदर्शन में शामिल होने की वजह बताते हुए कहा कि विरोध करना उनका मौलिक अधिकार है और सरकार हमारे इस अधिकार पर रोक लगाना चाहती है। सरकार हमें प्रदर्शन करने से रोक रही है जिसके लिए हमारे रास्ते में बाधाएं पैदा की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जुलाई में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान वह केरल में छुट्टियां मना रही थीं, इसलिए शामिल नहीं हो सकी थीं। लेकिन इस बार उन्हें लगा कि उन्हें वहां मौजूद रहना चाहिए। उनको शब्दों को बताएं तो ‘अब वक्त आ गया है कि हम इस सिस्टम को बदलने के लिए कुछ करें’ पवित्रा की इसी बात ने वायरल तस्वीर के पीछे की कहानी को और चर्चा में ला दिया है।
प्रदर्शन से पहले ही हिरासत में लिए गए लोग
रिपोर्ट के अनुसार रविवार शाम SFI की तिरंगा महिला रैली आयोजित होनी थी जिसका समय शाम 6:30 बजे था। हालांकि, रैली शुरू होने से पहले ही करीब शाम 6 बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। पवित्रा समेत कम से कम 25 महिलाओं को हिरासत में लिया गया। पवित्रा ने बताया कि सभी महिलाओं को एक साथ हिरासत में लिया गया। SFI दिल्ली की संयुक्त सचिव मेहिना फातिमा ने भी आरोप लगाया कि महिला प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने जबरन खींचकर हिरासत में लिया और उनके साथ मारपीट की गई।
फातिमा के मुताबिक उन्हें और एक दूसरी महिला को थप्पड़ मारा गया। प्रदर्शनकारियों को मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन और कापसहेड़ा बॉर्डर ले जाया गया, जहां से उन्हें रात करीब 9 बजे रिहा कर दिया गया। पवित्रा और फातिमा की कहानी सिर्फ एक वायरल तस्वीर तक सीमित नहीं है। यह छात्र राजनीति, विरोध के अधिकार और प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई से जुड़ा मामला भी है। उनकी तस्वीर के साथ कही गई सिस्टम बदलने की बात ने लोगों का ध्यान खींचा है।
डिस्क्लेमर: यह खबर द इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित रिपोर्ट पर आधारित है। पुलिस कार्रवाई और प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार से जुड़े आरोप संबंधित लोगों के बयानों के अनुसार प्रस्तुत किए गए हैं।
