जरा सोचिए वो मंजर कैसा होगा जब आप अपने घर में रोजमर्रा के काम कर रहे हैं और अचानक जमीन के नीचे से पानी की ऐसी बौछार निकले जैसे ज्वालामुखी फटता है। ऐसी ही एक घटना छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में घटी है जिसका वीडियो इंटरनेट पर काफी वायरल हो रहा है। यह घटना 29 जनवरी की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के उसलापुर गोकुलधाम इलाके में एक रिहायशी कॉलोनी के अंदर एक घर में अचानक से पानी की बौछार निकली। पानी का प्रेशर ऐसा था कि उसने फर्श और उस पर लगी टाइलों को तोड़ दिया।
पानी के ज्वालामुखी ने तोड़ दिया फर्श
यह घटना उस वक्त घटी जब घर के सदस्य रोजमर्रा के काम कर रहे थे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति सीढ़ियो से नीचे उतरता है तभी वह मेन की तरफ से थोड़ा पानी घर के अंदर आता हुआ देखता है और अचानक फर्श उखड़ना शुरू हो जाता है और फिर कुछ ही सेकंड में पानी का प्रेशर टाइल को तोड़ता हुआ बाहर निकल जाता है। अब सवाल उठता है कि आखिर इस घटना के पीछे की वजह क्या थी?
क्यों फटा पानी का पाइप?
स्थानीय लोगों ने बताया है कि जिस घर में पानी का यह पाइप फटा है उसी के आसपास एक प्लॉट में नई बोरिंग का काम चल रहा था और उसी दौरान जमीन के भीतर दबाव असंतुलन बना और यह ब्लास्ट हो गया। भू-विशेषज्ञों का कहना है कि यदि पहले से मौजूद बोरिंग के पास नई ड्रिलिंग की जाए तो भूमिगत जलधाराओं पर दबाव बनता है और फिर इस तरह की घटना हो सकती है। बिलासपुर में घटी यह घटना रात के वक्त की है।
वीडियो पर लोगों के रिएक्शन
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को सचिन गुप्ता नाम के यूजर ने शेयर किया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, “छत्तीसगढ़ | बिलासपुर में एक प्लॉट में हैवी मशीन से बोरिंग करने का काम हो रहा था। हाईप्रेशर बनने से पड़ोसी के मकान का बोरिंग पाइप फट गया। एकदम जमीन फट गई और पानी की धार फूट पड़ी।”
वायरल वीडियो पर रिएक्शन देते हुए लोगों ने रिहायशी कॉलोनियों में होने वाले बोरिंग को लेकर बहस छेड़ दी है। एक यूजर ने लिखा है कि प्रकृति की शक्ति के आगे सारी मशीनें फेल हो जाती हैं। एक और अन्य यूजर ने लिखा है- बिलासपुर का इंजीनियरिंग टैलेंट तो देखिए। एक प्लॉट में खुदाई हुई और दूसरे का पाइप फट गया। इसे कहते हैं ‘डिजिटल कनेक्टिविटी’—काम कहीं और, असर कहीं और!
