कहते हैं ना, जिसका कोई नहीं होता, उसका खुदा होता है। यह कहावत चीन के एक युवक के साथ सच होती नजर आई। महज 24 साल का यह युवक शादी करने को लेकर इसलिए असमंजस में था, क्योंकि उसे चिंता सता रही थी कि उसकी शादी में बाराती बनकर कौन आएगा। न उसके माता-पिता हैं और न ही कोई करीबी रिश्तेदार उस अनाथ की शादी में बाराती कौन बनेगा? ऐसे में वह खुद को बेहद अकेला और असहाय महसूस कर रहा था।

आखिरकार युवक ने एक अनोखा फैसला लिया। उसने अपनी शादी में बाराती बनने के लिए सोशल मीडिया पर अनजान लोगों को न्योता दे दिया। इसके बाद जो हुआ, उसने उसकी शादी की खुशियों में चार चांद लगा दिए। युवक की शादी का न्योता पाकर एक-दो नहीं, बल्कि सेकड़ों लोग मेहमान बनकर पहुंच गए। इतना ही नहीं, वे अपने साथ शादी के लिफाफे और उपहार भी लेकर आए और युवक को ढेर सारा आशीर्वाद दिया।

एक अनजान युवक की खुशियों में शामिल होने के लिए उमड़ी लोगों की यह भीड़ सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत रही है। जिस शादी में युवक को बारातियों की कमी खल रही थी, वहां अजनबियों ने पहुंचकर उसे एहसास करा दिया कि दुनिया में अपनापन दिखाने वाले लोगों की कमी नहीं है।

कौन हैं ये युवक?

 24 साल का शियाओ शियाओ शू (Xiao Xiao Xu) बचपन से ही अकेला है और वो चीन के युन्नान प्रांत के झाओतोंग में रहता है। उसकी शादी चीन में ही एक लड़की से हो रही थी लेकिन उसके पास बराती नहीं थे जिसकी कमी पूरी करने के लिए दूल्हे ने अजनबियों को दावत देना शुरू कर दिया।

बचपन में ही उठ गया पिता का साया

ऑनलाइन रिपोर्ट के मुताबिक शियाओ शियाओ शू जब तीन साल का था तभी उनके पिता का निधन हो गया था और उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली। ऐसे में शियाओ और उसके बड़े भाई ने एक-दूसरे का सहारा बनकर जिंदगी बिताई। दोनों भाई अकेले थे ऐसे में बारात में अपनों की कमी पूरा करने का इससे बेहतर तरीका नहीं था कि सोशल मीडिया पर लोगों को दावत दी जाए।

बेगाने मेहमानों ने दूल्हे की कमी को किया पूरा

बेगानी शादी में अब्दुल्ला दिवाना वाली कहावत हम सब सुनते आ रहे हैं लेकिन चीन के इस युवक की शादी में वो कहावत पूरी तरह फिट बैठी। सैकड़ों लोग बेगाने दूल्हा की शादी में सज-धज कर लिफाफे और गिफ्ट के साथ पहुंचे और युवक की शादी में चार चांद लगा दिए। शियाओ के भावुक न्योते ने इंटरनेट पर लोगों का दिल छू लिया। बड़ी संख्या में लोग उसकी शादी में शामिल होने पहुंच गए। 

बारातियों ने कैसे की मदद

बाराती सिर्फ शादी में रौनक बढ़ाने ही नहीं पहुंचे बल्कि उन्होंने शादी में पहुंचकर दूल्हे के करीबी होने का भी किरदार निभाया। कुछ लोगों ने उसके घर को सजाया, तो कई लोग शादी के भोज के लिए जरूरी सामग्री लेकर पहुंचे। कोई शादी का खाना बनाने के लिए शेफ लेकर आया, तो किसी ने शादी के लिए गाड़ियों का काफिला जुटाने में मदद की।  इतना ही नहीं, लोगों ने शादी की मिठाइयां भी बांटी और दूल्हा-दुल्हन को कई तरह के तोहफे दिए। एक छोटे से गांव में हुई इस शादी में अनजान लोगों का इतना प्यार और सहयोग देखने को मिला कि इसे लोग ‘wedding of the century’ तक कहने लगे।

सोशल मीडिया पर लोगों ने कही दिल छू लेने वाली बात

वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए यूजर्स बेहद भावुक हो गए। लोगों ने सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा की गई मदद को इंसानियत की मिसाल बताया। एक युवक ने कहा कि इस वीडियो को देखकर उनकी आंखें नम हो गई मुझे इस दौर में भी लोगों का ये दयालु रूप पसंद आया।  वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा कि सच में सोशल मीडिया का इस्तेमाल बेहद सही तरीके से किया गया है। मेरी तरफ से नवविवाहित जोड़े को ढेर सारी शुभकामनाएं। उन सभी लोगों का शुक्रिया, जिन्होंने इस खुशी में उनका साथ दिया। एक यूजर्स खुद को ये कहने से नहीं रोक पाया कि पराये लोगों ने शादी को उत्सव की तरह बदल दिया जिसे जिंदगीभर नहीं भूला जाएगा। लोगों में ये इंसानियत हमेशा बरकरार रहना चाहिए। नए दुल्हा-दुल्हन को शादी की बधाई। सच्चाई ये है कि जिस युवक को शादी में अपनों के न आने का डर था, उसे अनजान लोगों से इतना प्यार मिला कि उसकी शादी यादगार बन गई।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की गई वीडियो और सार्वजनिक दावों के आधार पर तैयार की गई है। जनसत्ता इसकी सत्यता या पुष्टि का दावा नहीं करता।