ओडिशा के पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के 214 फीट ऊंचे मुख्य शिखर पर रोज चढ़कर ध्वज बदलने की अनूठी परंपरा है। जो शख्स मंदिर के शिखर पर जाकर ध्वज बदलता है उसे चुनारा सेवन कहा जाता है। ये सेवक रोजाना मंदिर के शिखर पर ध्वज बदलने की परंपरा को कायम रखे हुए हैं। चुनारा सेवन शिखर से ध्वज बदलने का ये काम रोजाना अपनी जान पर खेलकर करते हैं।

आपको वीडियो देखकर हैरानी होगी कि एक युवक ना कोई रस्सी, ना कोई सीढ़ी का इस्तेमाल किए बिना किसी सहारे दीवार पर पैर रख कर 214 फीट की ऊंचाई पर पहुंच जाता है। नजारा दिल को दहला सकता है लेकिन भगवान के प्रति आस्था और अटूट विश्वास के सहारे ये सेवन बिना डरे चोटी तक पहुंच जाते हैं और नीलचक्र पर लगे पवित्र ध्वज को बदलते है। यह एक ऐसा रोमांचक चढ़ाव है, जहां भक्ति, डर से कहीं ऊपर होती है।

ओडिशा के पुरी में स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर सनातन धर्म के सबसे पवित्र और प्रमुख स्थलों में से एक है जो चार धामों बद्रीनाथ, द्वारका, रामेश्वरम और पुरी में गिना जाता है। इस विशाल मंदिर का निर्माण 12वीं शताब्दी में पूर्वी गंग राजवंश के प्रतापी राजा अनंतवर्मन चोडगंग देव ने शुरू करवाया था। इस मंदिर का मुख्य शिखर लगभग 214 फीट ऊंचा है, जिसके शीर्ष पर नीलचक्र पतितपावन ध्वज लहराता है। मंदिर के शिखर पर लगा ध्वज हमेशा हवा की दिशा के विपरीत लहराता है।

कब से है ये ध्वज बदलने की परंपरा?

मंदिर के शिखर पर मौजूद नीलचक्र पर लगे इस ध्वज को बदलने की परंपरा आज कल की नहीं है बल्कि ये 45 साल पुरानी परंपरा है। रोजाना चाहे कुछ भी हो बिना नागा ये ध्वज रोजाना इसी रास्ते से बदला जाता है। एक युवक हाथ में पोटरी और ध्वज लेकर शीर्ष तक पहुंचता है और ध्वज फहराता है। मान्यता है कि अगर एक दिन भी ध्वज न बदला जाए तो मंदिर 18 सालों के लिए बंद हो जाएगा। जगन्नाथ मंदिर का ये ध्वज हमेशा हवा की दिशा के विपरीत फहराया जाता है। चुनारा सेवक जब ऊपर पहुंचते हैं, तो खुद को भगवान के करीब महसूस करते हैं। श्रद्धालुओं के लिए यह नजारा किसी चमत्कार से कम नहीं होता।

मनोकामना पूरी होने पर ध्वज चढ़ाने की है परंपरा?

मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराने की परंपरा मन्नत पूरी होने पर भी पूरी की जाती है। जिस शख्स की भी मुराद पूरी होती है वो चुनारा सेवक के जरिए मनोकामनाओं और प्रार्थनाओं वाले ध्वज को नीलचक्र तक पहुंचाते हैं। आस्था है कि चुनारा सेवक के जरिए भक्तों की पुकार सीधे महाप्रभु के श्रीचरणों तक पहुंचती है।

चुनारा सेवक का अधिकार कैसे मिलता है?

चुनारा सेवा का अधिकार किसी आम इंसान के पास नहीं होता बल्कि ये पीढ़ी-दर-पीढ़ी चुनारा सेवक समुदाय के परिवारों में ही चलता है। इस समुदाय के बालक बचपन से ही अपने बुजुर्गों को देखकर यह कला सीख जाते हैं। ये समुदाय ध्वज फहराने के इस आस्था से जुड़े काम को काम नहीं बल्कि अपने जीवन का परम सौभाग्य और धार्मिक कर्तव्य मानते हैं।

मंदिर की भव्यता और बनावट

श्री जगन्नाथ मंदिर प्राचीन भारतीय वास्तुकला और कलिंग शैली का एक अद्भुत और भव्य उदाहरण है, जो लगभग 10 एकड़ के विशाल क्षेत्र में बना हुआ है। मंदिर की सबसे बड़ी खासियत इसका 214 फीट ऊंचा मुख्य शिखर है, जिसके शीर्ष पर अष्टधातु से बना विशाल नीलचक्र और लहराता हुआ ध्वज है। ये पूरा मंदिर विशाल मंदिर अपनी बारीक नक्काशी के लिए प्रसिद्ध है। बिना किसी आधुनिक तकनीक और सीमेंट के केवल बलुआ व ग्रेनाइट पत्थरों को जोड़कर बनाया गया यह विशाल मंदिर अपनी भव्य बनावट, ऊंचे शिखरों और अलौकिक वास्तुकला के कारण पूरी दुनिया के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है।

डिस्क्लेमर: यह खबर और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल फुटेज और स्थानीय मान्यताओं पर आधारित है। जनसत्ता इसकी प्रामाणिकता और हवा के विपरीत ध्वज फहराने की पुष्टि नहीं करता है। बिना किसी सुरक्षा के इतनी ऊंचाई पर चढ़ना जोखिम भरा और जानलेवा है इसलिए खुद से मंदिर में चढ़ने का प्रयास न करें।