रमजान के दौरान शॉर्ट्स पहनकर बस में चढ़ी लड़की तो शख्स ने पूरे रास्ते किया परेशान, देखें वीडियो
हमलावर को जल्द ही हिरासत में ले लिया गया था लेकिन पूछताछ करने के बाद उसे छोड़ दिया था।

जाति और धर्म के नाम पर महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है। उनको डराया धमकाया जाता है। उन्हें शर्मिंदा किया जाता है, लेकिन किसी महिला पर हमला करना चिंता का विषय है वो भी सिर्फ इसलिए कि उसने रमजान के महीने में छोटे कपड़े पहन रखे हैं। तुर्की में एक छात्रा पर बस में हमला किया गया। एक शख्स ने सिर्फ इसलिए उस स्टूडेंट पर हमला किया क्योंकि उसने रमजान के महीने में शॉर्ट्स पहन रखे थे। यूनिवर्सिटी की छात्रा असीना मैलिसा पर उस समय हमला किया गया जब वह इस्तांबुल में एक बस में सफर कर रही थी। असीना के मुताबिक यात्रा के दौरान वह आदमी असीना के पीछे बैठकर बार बार यही कहे जा रहा था कि उसको रमजान के महीने में शॉर्ट्स नहीं पहनने चाहिए थे। बार बार ऐसा कहकर वह उसे परेशान किए जा रहा था। हमलावर को जल्द ही हिरासत में ले लिया गया था लेकिन पूछताछ करने के बाद उसे छोड़ दिया गया था। पूछताछ के दौरान उसने कहा कि वह कथित तौर पर उसको उत्तेजित कर रही थी।
इस घटना का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक बस में 6-7 लोग सवार हैं। दो लोग एक महिला और एक पुरुष खड़े हुए हैं। बस चल रही है। थोड़ी देर में बस रुकती है। बस रुकने के बाद बस के गेट के पास खड़ी महिला और पुरुष उतर जाते हैं। इसके बाद बस का गेट बंद हो जाता है। गेट बंद होने के बाद बस जैसे ही आगे बढ़ती है असीना के पीछे बैठा आदमी खड़ा होता है।
İstanbul Pendik'te şort giydiği için 21 yaşındaki Asena Melisa Sağlam'ı minibüste darp eden saldırganın görüntüleri ortaya çıktı. pic.twitter.com/7rn7BWDVlK
— Haberler (@Haberler) June 21, 2017
असीना के बराबर में आता है और असीना के गाल पर अपने उल्टे हाथ से थप्पड़ मारता है। थप्पड़ मारने के बाद वह आगे बढ़ जाता है। इतने में असीना अपनी सीट से खड़ी होती है और उसके पीछ दौड़ती है। वह उसके थप्पड़ मारती है लेकिन वह आदमी असीना को अपने दोनों हाथों से पकड़कर झकझोर देता है। इसके बाद उसे जोर से धक्का देकर बस के फर्श पर गिराकर बस से उतरकर भाग जाता है।