जापान की राजधानी टोक्यो में एक बहुत ही अजीबो-गरीब मामला सामने आया। हाल ही में एक टोक्यो में घड़ी की दुकान से एक घड़ी चोरी हो गई। घड़ी किसने चुराई इसकी कोई जानकारी CCTV कैमरों में मौजूद नहीं थी, चोर किस तरह घड़ी को चुराकर ले गया ये भी पता नहीं चला। दुकानदार ने आनन-फानन में पुलिस कंप्लेन कर दी और पुलिस भी अपने काम में जुट गई। मामला पुलिस तक इसलिए पहुंचा क्योंकि जिस घटी की चोरी हुई थी उसकी कीमत बहुत ज्यादा थी, जिसे चोर दुकानदारों को चकमा देकर उड़ा ले गया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जिस घड़ी की चोरी हुई उसकी कीमत 2.4 करोड़ रुपये थी।

यह वॉच स्विट्जरलैंड की मशहूर लग्जरी वॉच कंपनी ऑडेमार्स पिगे (Audemars Piguet) की थी, जिसकी कीमत करीब 2,90,000 डॉलर यानी लगभग 2.4 करोड़ रुपये बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि एक अजनबी शख्स दुकान में दाखिल हुआ और उसने घड़ी खरीदने की इच्छा ज़ाहिर की। दुकानदार ने घटी दिखाई तो वो एक के बाद दूसरी घड़ी देखता रहा और इसी दौरान मौका मिलते ही घड़ी लेकर फरार हो गया। कुछ समय बाद जब दुकान में घड़ियों के मॉडल का मिलान हुआ तो एक घड़ी कम पाई गई, जिसके बाद दुकान में घड़ी की पड़ताल शुरु हुई।

दो दिन बाद चोर ने खत के साथ लौटाई घड़ी

हैरानी तो तब हुई जब चोर घड़ी चोरी करके ले गया और  उसके बाद उसने घड़ी को माफीनामे के साथ लौटा भी दिया। घड़ी लौटाने का तरीका भी चोर का ऐसा था जिसने लोगों को हैरान कर दिया। चोर ने तीन दिन बाद घड़ी को लौटा दिया। घड़ी के साथ चोर ने एक खत भी दिया जिसमें उसने लिखा था कि घड़ी को किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचा और मैं इसे माफीनामे के साथ आपको वापस कर रहा हूं। जापानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घड़ी के सीरियल नंबर से उसकी पहचान चोरी हुई घड़ी के रूप में की गई। जो घड़ी चोरी हुई थी वहीं वापस मिल चुकी है।  पैकेट पर एक नाम और पता भी लिखा था, लेकिन पुलिस को शक है कि ये जानकारियां फर्जी हो सकती हैं।

सोशल मीडिया पर लोग दे रहे दिलचस्प प्रतिक्रिया

घड़ी की चोरी और फिर माफीनामे के साथ उसकी वापसी की खबर ने सोशल मीडिया पर लोगों को प्रतिक्रिया देने पर मजबूर कर दिया है। लोगों ने इस घटना की तरह-तरह से प्रतिक्रिया दी है। किसी ने चोरी की घड़ी को लौटाने को शालीन चोरी बताया तो कुछ लोगों ने कहां कि टोक्यो में चोर कभी नर्म स्वभाव के होते हैं। चोर ने दुकान में ना सिर्फ घड़ी को लौटाया बल्कि उसने घड़ी पहुंचाने के साथ ही मांफी भी मांगी। एक यूजर्स ने चोर को सोशल मीडिया पर फाइव स्टार भी दिए। एक यूजर ने लिखा कीमती सामान पहुंचाने का ये मामला सिर्फ जापान में ही देखने को मिल सकता है।

पुलिस कर रही है अभी भी पड़ताल

टोक्यो के दुकानदार को बेशक उसकी कीमती घड़ी मिल गई है लेकिन फिर भी पुलिस चोर की पड़ताल कर रही है। जापानी अखबार असाही शिंबुन और दूसरी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टोक्यो पुलिस आरोपी की पहचान करना चाहती है और उसके घड़ी के लौटाने की वजह भी जानना चाहती है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कुछ दिन पहले भी इस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से एक घड़ी चोरी हुई थी जिसके बाद पुलिस ने लग्जरी घड़ियों के दुकानदारों से महंगी घड़ियों को डिस्प्ले नहीं करने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा कि आप महंगी घड़ियों की जगह डिस्प्ले में उनकी नकली घड़िया रखें और शीशे का डिस्प्ले बॉक्स और भी ज्यादा मजबूत बनाएं।

डिस्क्लेमर: यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल फुटेज, ट्रेंडिंग पोस्ट्स और इंटरनेट पर उपलब्ध विवरणों के आधार पर तैयार की गई है। Jansatta इसमें किए गए दावों, घटनाओं के संदर्भ या इनकी पूर्ण प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।