तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में बगावत से बंगाल की राजनीति में हलचल मची हुई है। मिदनापुर से सांसद जून मालिया भी बागी सांसदों के गुट में शामिल हैं। इस बीच उनका सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि इंडियन एक्सप्रेस ने वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है। गौरतलब है कि यह वीडियो इस साल के विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित होने से पहले का है।
जून मालिया का वीडियो वायरल
इसी तनावपूर्ण माहौल में जून मालिया का एक पुराना वीडियो फिर से वायरल हो गया है। इसमें वह बेहद आक्रामक मूड में नजर आ रही हैं। वायरल वीडियो में जून मालिया पार्टी कार्यकर्ताओं से कहती सुनाई दे रही हैं, “5 तारीख को (विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के अगले दिन), डीजे ज़रूर बजेगा! जिस तरह से उन्होंने दीदी का दिन-ब-दिन अपमान किया है… सबने देखा है! आप सभी युवा लड़के-लड़कियों ने देखा है! लेकिन हम इस अपमान का जवाब देंगे! हम 5 तारीख से जवाब देंगे। हम उन्हें सबक सिखाएंगे।”
कुछ राजनीतिक विशेषज्ञों का दावा है कि मिदनापुर सांसद ने उस समय भाजपा कार्यकर्ताओं को परोक्ष रूप से धमकी देने के लिए ऐसी टिप्पणियां की थीं। हालांकि, मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में उनकी स्थिति पूरी तरह से विपरीत होने के कारण सूत्रों का मानना है कि यह पुराना वीडियो अब उनकी परेशानी बढ़ा रहा है।
शुभेंदु अधिकारी की बैठक में हो चुकी हैं शामिल
बता दें कि चुनावी नतीजों से पहले जून मालिया तृणमूल की एक कट्टर सांसद और वफादार कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता था। हालांकि बंगाल में राजनीतिक उथल-पुथल के बाद उनकी स्थिति पूरी तरह बदल गई है। हाल के कुछ घटनाक्रमों ने इस अटकल को और बल दिया है। कुछ दिन पहले मिदनापुर सांसद को कोलाघाट में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की प्रशासनिक बैठक में देखा गया था।
इतना ही नहीं दिल्ली में शताब्दी रॉय के घर पर शुभेंदु अधिकारी द्वारा नाराज तृणमूल सांसदों के साथ हुई गुप्त बैठक में भी जून मालिया मौजूद थीं। नतीजतन, यह कहना गलत नहीं होगा कि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी से उनकी दूरी कुछ हद तक बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें- कौन है साथ, कौन बना बागी, किसने अब तक नहीं खोले हैं पत्ते, तृणमूल के तीन धड़ों का विश्लेषण
पश्चिम बंगाल की सत्ता से टीएमसी बाहर हो गई है और उसके बाद से पार्टी में भगदड़ मची हुई है। पहले विधायकों में टूट हुई और अब टीएमसी के आधे से अधिक सांसद बगावत के रास्ते पर हैं। टीएमसी के लोकसभा में 28 सांसद हैं। पढ़ें पूरी खबर
