घर का कचरा सड़क पर लाकर फेंकना एक शख्स को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहे इस वीडियो में जैसे ही शख्स ने सड़क पर कचरा फेंका, पीछे से आवाज़ आई- ‘उठाओ भाई!’ इसके बाद जो हुआ, उसने न सिर्फ सोशल मीडिया यूजर्स को हंसने पर मजबूर कर दिया, बल्कि लोगों को एक सीख भी दी। स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी से जुड़े इस मजेदार वीडियो को लोग खूब पसंद और शेयर कर रहे हैं…
मामला दिल्ली का है जहां लोग घर से कूड़ा उठाकर गलियों में फेंक कर गली मोहल्ले में गंदगी फैलाते हैं। गली मोहल्ले में कूड़ा फेंकना केवल साफ- सफाई की समस्या नहीं है, बल्कि इससे आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। नोएडा में एक शख्स को कूड़ा फेंकने की ये गलती काफी भारी पड़ गई। कूड़ा फेंक कर साइट से निकलने वाला ये शख्स रात के अंधेरे में लाउडस्पीकर से आ रही आवाज को सुनकर सहम गया और उसने जो किया वो वीडियो में देखिए।
कूड़ा फेंकने का मामला कहां का है और कैसे आया सामने
एक शख्स रात के समय रिहायशी इलाके में दीवार के पास कूड़ा फेंकता नजर आता है। उसे शायद लगा होगा कि रात का वक्त है और आसपास कोई उसे देख नहीं रहा, लेकिन उसे क्या पता था कि उसकी हरकत कैमरे में रिकॉर्ड हो रही है! ग्रेटर नोएडा में सड़क किनारे कूड़ा फेंकने वाले इस शख्स के एक हाथ में छोटा बच्चा तो दूसरे हाथ में कूड़े की थैली थी। जैसे ही रात के अंधेरे में ये शख्स खामोशी से कूड़े की थैली रखकर वापस मुड़ने लगता है वैसे ही CCTV कैमरे की निगरानी करने वाले लोग पब्लिक अनाउंसमेंट के जरिए उस शख्स को रोकते हैं। सुनसान जगह पर अचानक एक आवाज ना सिर्फ चौंका देती है बल्कि कूड़ा फेंकने वाले शख्स को उसकी इस हरकत के लिए शर्मिंदगी का अहसास भी दिलाती है।
कूड़ा फेंकते ही ऊपर से आई आवाज, शख्स रह गया हैरान
CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि जैसे ही एक आदमी कूड़ा फेंककर वहां से जाने लगता है, CCTV कैमरों की निगरानी कर रहा व्यक्ति पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए उसे आवाज लगाता है और कूड़ा उठाने के लिए कहता है। अचानक आई आवाज सुनकर शख्स चौंक गया और इधर-उधर देखने लगा। वो ये समझने की कोशिश कर रहा था कि आखिर उसे कौन रोक रहा है। जब दोबारा अनाउंसमेंट होता है, तो उसे साफ चेतावनी दी जाती है कि अगर उसने कूड़ा नहीं उठाया, तो अगली सुबह उस पर जुर्माना लगाया जाएगा।
जुर्माने की चेतावनी मिलते ही वापस लौटा युवकवीडियो में आगे दिखता है कि जुर्माने की चेतावनी मिलने के बाद युवक वापस आता है और सड़क किनारे फेंका गया कूड़ा उठा लेता है। इसके बाद वह वहां से चला जाता है। हालांकि, कूड़ा उठाने के बाद वह उसे कहां लेकर गया, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। वीडियो में युवक कूड़े की थैली लेकर उस दिशा में जाने के बजाय दूसरी ओर मुड़ता दिखाई देता है, जहां से वह आया था। ऐसे में यह कहना मुश्किल है कि वह कूड़ा घर ले गया या किसी दूसरी जगह फेंकने के लिए चला गया। फिलहाल, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने कैसे किया रिएक्ट
वीडियो सामने आने के बाद कई यूजर्स ने CCTV और पब्लिक अनाउंसमेंट के जरिए कूड़ा फेंकने वाले व्यक्ति को रोकने की पहल की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा कि पुणे जैसे शहरों में भी इस तरह की व्यवस्था की जरूरत है। एक दूसरे यूजर्स ने कमेंट में लिखा कि व्यक्ति अपने करियर में कितना भी योग्य क्यों न हो, लेकिन उसे सार्वजनिक जगह पर सफाई बनाए रखना भी आना चाहिए। वहीं, एक दूसरे यूजर ने सुझाव दिया कि जहां सार्वजनिक कूड़ेदान चोरी हो जाते हैं, वहां भी ऐसी व्यवस्था लगाई जानी चाहिए। हालांकि, किसी भी इलाके को साफ रखने के लिए केवल कैमरे या जुर्माने की चेतावनी काफी नहीं है। इसके लिए लोगों की जिम्मेदारी, कूड़ा जमा करने की उचित व्यवस्था और नियमों का पालन भी जरूरी है।
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट और वायरल CCTV फुटेज पर आधारित है। व्यक्ति की पहचान और कूड़े के अंतिम निपटान की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है।
