कैसा लगेगा जब एंकर्स शूटिंग के समय सहकर्मी से न्यूजरूम में भिड़ जाए… असल में डेट्रॉइट की टीवी एंकर टैरिन एशर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह अपने एक साथी के साथ तीखी बहस करती दिख रही हैं। फॉक्स के साथ चल रही कानूनी लड़ाई के बीच इस वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा है। इस फुटेज को सबसे पहले FTVLive और Deadline Detroit ने दिखाया था।
यह वीडियो तब रिकॉर्ड किया गया था जब एशर WJBK-TV फॉक्स 2 डेट्रॉइट में एक पब्लिक सर्विस अनाउंसमेंट (जनहित संदेश) की शूटिंग कर रही थीं। वीडियो में स्क्रिप्ट और रिकॉर्डिंग तैयार करने की प्रक्रिया को लेकर असहमति दिख रही है। उन्हें पिछले साल नवंबर में ऑन-एयर से हटा दिया गया था, अब यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय है।
वीडियो में एशर को स्क्रिप्ट के रिव्यू का इंतज़ार करने को लेकर झुंझलाहट ज़ाहिर करते हुए सुना जा सकता है, जिसके बिना वह आगे नहीं बढ़ सकती थीं। इसके बाद बहस और बढ़ जाती है; वह अपने साथी पर गुस्से में बातचीत छोड़कर चले जाने का आरोप लगाती हैं और फिर अपने व्यवहार के बारे में लगातार की जा रही शिकायतों का ज़िक्र करती हैं।
वीडियो में क्या कहा?
एशर कहती हैं, “मुझे नहीं लगता कि तुम ऐसा कर रही हो। तुम बहुत गुस्से में बाहर जा रही हो और फिर अपने साथी को “बिच” (b***ch) कहती हैं। इसके बाद वह कहती हैं, “क्या मैं अपनी बात पूरी कर सकतीं?” और फिर कहती हैं, “क्या बकवास है। थोड़ी समझदारी दिखाओ (grow up)।” वीडियो में वह कहती है, “मैं उसकी हरकतों से तंग आ चुकी हूं, हर पांच सेकंड में मेरी शिकायत करती रहती है, बस… अब और नहीं।”
यह क्लिप एशर और फॉक्स टेलीविज़न स्टेशन्स व डेट्रॉइट के न्यू वर्ल्ड कम्युनिकेशन्स के बीच चल रहे कानूनी विवाद के दौरान सामने आई है। एशर इन कंपनियों पर फ़ेडरल और मिशिगन के नागरिक अधिकारों के कानूनों के तहत लिंग के आधार पर भेदभाव और बदले की कार्रवाई का आरोप लगाते हुए मुकदमा कर रही हैं। उनका दावा है कि गलत व्यवहार के आरोपी पुरुष कर्मचारियों के साथ नरमी बरती गई और भेदभाव के बारे में चिंता जताने के बाद उन्हें बदले की कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
फॉक्स ने इन आरोपों से इनकार किया है, उनका तर्क है कि एशर को उनके साथियों के साथ व्यवहार के कारण हटाया गया था, न कि उनके लिंग या भेदभाव की शिकायतों के कारण। मुकदमे के जवाब में 14 अगस्त को फॉक्स ने कहा कि 5 नवंबर को एशर को पेड लीव पर भेजे जाने से पहले के हफ़्ते में कई कर्मचारियों ने उनके बारे में शिकायतें की थीं। स्टेशन के मुताबिक, इन शिकायतों में आरोप शामिल थे कि वह गेस्ट-इंटरव्यू असाइनमेंट को लेकर स्टाफ़ पर चिल्लाती थीं, बार-बार अपशब्दों का इस्तेमाल करती थीं और झगड़ालू व बदतमीज़ी भरा व्यवहार करती थीं।
फॉक्स ने यह भी आरोप लगाया कि एशर ने एक ऐसे कर्मचारी से झगड़ा किया, जिसके बारे में उन्हें शक था कि उसने मैनेजमेंट से उनकी शिकायत की है। स्टेशन ने इंटरव्यू असाइनमेंट से जुड़े दूसरे मतभेदों का भी ज़िक्र किया और दावा किया कि एशर कभी-कभी उन एडिटोरियल मीटिंग्स में शामिल नहीं होती थीं जिनमें असाइनमेंट पर चर्चा होती थी, जबकि उन्हें शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जाता था।
हालांकि यह झगड़ा पिछले साल हुआ था, लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर इस वीडियो ने फिर से ध्यान खींचा है। इसे लाखों बार देखा गया है और यूज़र्स इस बात पर बहस कर रहे हैं कि न्यूज़रूम के अंदर क्या हुआ था। एक यूज़र ने लिखा, “मुकदमा वापस लिया गया और अचानक पुराना टेप सामने आ गया।”
एक और यूज़र ने कमेंट किया, “इसमें बड़ी बात क्या है? ऐसा लगता है कि यह लोगों के बीच काम के दौरान हुई एक आम गरमा-गरम बहस थी।” तीसरे शख्स ने लिखा, “मीडिया में काम करने के अनुभव के आधार पर, इस बात की काफ़ी संभावना है कि कैमरे के पीछे मौजूद शख्स बस अपना काम कर रहा था असल समस्या एंकर की है। उनमें से कई लोग ‘प्रिमाडोना’ (खुद को बहुत खास समझने वाले) होते हैं और उन्हें लगता है कि वे कभी कुछ गलत नहीं कर सकते।”
