क्या किसी स्प्रे के एक हल्के से इस्तेमाल से ही कोई इंसान अपनी सुध-बुध खो सकता है? सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने लोगों को हैरत में डाल दिया है, जिसमें एक संदिग्ध लड़का स्प्रे का युवक की गर्दन पर इस्तेमाल कर उसे बेचैन करता नज़र आ रहा है। वीडियो में युवक की सुध-बुध खोने का फायदा उठाकर लड़का युवक का मोबाइल और बैग लेकर फरार होता दिखा।
यह वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इसकी सच्चाई की जांच में जुट गई हैं। अब सवाल ये है कि इस स्प्रे में ऐसा क्या था जिसने युवक के होश उड़ा दिए और भीड़-भाड़ वाली जगह पर भी चोर ने इस तरह की वारदात को अंजाम दिया। जानते हैं वायरल वीडियो का पूरा सच।
वायरल वीडियो में क्या दिखाई देता है?
वायरल वीडियो की धुंधले फुटेज में एक लड़का दूसरे शख्स के पीछे आता हुआ दिखाई देता है। उसके आस-पास के माहौल को भांपता है। नजर गढ़ाता है कि कोई उस पर नजर तो नहीं रखा हुआ। मौका देखते ही मोबाइल में मसरूफ शख्स से कुछ मांगने की कोशिश कर रहा है। ऐसा लगता है कि फोन पर बात करता हुआ युवा लड़के को भीख मांगने वाला समझकर नजरअंदाज कर रहा है। दूसरी तरफ चोर लड़का मौके का फायदा उठाते हुए फोन पर लगे व्यक्ति की गर्दन के पिछले हिस्से के पास स्प्रे की बोतल से कुछ छिड़कता हुआ दिखता है।
एक बार ही स्प्रे करते ही फोन पर लगा युवा बेकाबू होकर तेज-तेज खुजलाने लगता है। उसकी गर्दन पर खुजली और जलन इस कदर ज्यादा थी कि वो अपना आपा खो बैठा था। उसकी इस हालात में उसे ना तो अपने पर्स का ध्यान रहा और ना ही उसे अपने मोबाइल की परवाह रही। खुजली से बेकाबू होता देख चोर लड़का पहले खुजलाते शख्स से उसका बैग लेता है और फिर उसकी पॉकेट से मोबाइल निकालकर तेजी से फरार होता दिख रहा है। उसकी ये सारी करतूत किसी ने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर उसे शेयर कर दिया।
गर्दन पर अचानक खुजली और फिर चोरी! कैसे भटक सकता है ध्यान?
इस वीडियो का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि इसमें किसी व्यक्ति का ध्यान भटकाने के लिए अचानक होने वाली शारीरिक परेशानी का इस्तेमाल किया गया। जब किसी को अचानक खुजली, जलन या असहजता महसूस होती है, तो पीड़ित इंसान का पूरा ध्यान उस परेशानी को दूर करने पर चला जाता है। ऐसे में वह कुछ पलों के लिए अपने आस-पास की गतिविधियों पर कम ध्यान देता है। हालांकि, इस फुटेज से यह साबित नहीं होता कि चोर लड़के ने फोन पर बात करते हुए शख्स की गर्दन पर किस पदार्थ का इस्तेमाल किया था।
वीडियो की असलियत पर बंटे लोग, कुछ ने बताया फर्जी
इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों ने भीड़भाड़ वाली जगहों पर सतर्क रहने की सलाह दी है, जबकि कुछ लोगों ने वीडियो को ही फर्जी बताया। कुछ लोगों ने वहां मौजूद दूसरे लोगों के व्यवहार पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अगर कोई व्यक्ति इतनी परेशानी में था, तो उसकी मदद के लिए आस-पास कोई नहीं आया। कुछ लोगों का मानना है कि इस वीडियो को सार्वजनिक करने का मकसद लोगों को जागरूक करना है।
ऐसी घटनाओं से क्या सबक मिलता है?
वीडियो की असलियत क्या है इसकी तो फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है लेकिन ये वीडियो हमें खास सबक देता है कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर फोन पर मसरूफ रहने के बजाए अपने सामान और उस सामान पर निगाह गाड़े आसपास के लोगों पर रखना बेहद जरूरी है। अगर आप बाजार में मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे हैं तो भीड़ में अपने कीमती सामान पर नजर बनाए रखें। बैग और फोन संभालकर रखें। कुछ पलों के लिए भी बैग को बिना निगरानी के न रखें। अनजान लोगों से सतर्क रहें। अगर कोई अजनबी आपके काफी नजदीक आ रहा है तो उससे दूरी बनाकर रहें। जलन या खुजली को नजरअंदाज न करें, क्यों कि इस तरह की परेशानी किसी केमिकल के संपर्क में आने की वजह से हो सकती है।
डिस्क्लेमर: यह खबर वायरल वीडियो और उससे जुड़ी उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। वीडियो के मूल स्रोत और प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो दिखाने का खास मकसद आपको सतर्क करना है।
