श्रीकांत त्यागी का वीडियो सामने आया, जिसमें वह महिला को अभद्र गालियां दे रहा था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और लोगों ने इसे भाजपा का नेता बताते हुए कार्रवाई की बात की। मामला तूल पकड़ते ही भाजपा ने साफ कह दिया है कि यह हमारी पार्टी का नेता ही नहीं है, पुलिस कार्रवाई करें लेकिन इसके बाद त्यागी के कई फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे जिसमें वह भाजपा के कई बड़े नेताओं के साथ नजर आ रहा है। इस पर अब प्रियंका गांधी ने प्रतिक्रिया है!
प्रियंका गांधी ने पूछा सवाल
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि ‘क्या इतने सालों से भाजपा सरकार को नहीं पता था कि नोएडा के भाजपा नेता का निर्माण अवैध है? बुलडोजर कार्रवाई दिखावटी है। इन सवालों के जवाब से सरकार बच रही है। एक महिला के साथ खुलेआम अभद्रता व 10-15 गुंडे भेजकर महिलाओं को धमकाने की हिम्मत उसे कौन दे रहा है? कौन है जो उसको बचाता रहा? किसके सरंक्षण में उसका गुंडाराज और अवैध कारोबार फला-फूला?’
कांग्रेस ने कसा तंज
यूपी कांग्रेस ने लिखा कि ‘श्रीकांत त्यागी पकड़ा क्यों नहीं गया? इसका जवाब भाजपा सरकार क्यों नहीं दे रही?’ कांग्रेस सत्याग्रह नाम के हैंडल से लिखा गया कि ‘सनद रहे कि बुलडोजर केवल अवैध निर्माण पर ही चल पाए, उसके खिलाफ दर्ज दर्जनों केस पर नहीं!’ साजिद खान नाम के यूजर ने लिखा कि ‘मीडिया में इतनी हिम्मत नहीं कि इसको बीजेपी नेता बोल सके, टीवी पर इसको गैंगस्टर बताया जा रहा है।’
लोगों की प्रतिक्रियाएं
अंकुर माधव नाम के यूजर ने लिखा कि ‘सही कहा प्रियंका गांधी जी आपने, क्या इतने सालों से भाजपा सरकार को नहीं पता था कि कांग्रेस ने इतने बड़े बड़े घोटाले किए हैं? फिर आज ED की कार्रवाई क्यों? क्या ये दिखावटी है। इन सवालों के जवाब से सरकार बच रही है।’ पीयूष उपाध्याय ने लिखा कि ‘दीदी राजस्थान देखें, ये भाजपा प्रदेश है कार्रवाई और खोज दोनों जारी है। राजस्थान के कारनामे गिना दूंगा तो सत्ता से सन्यास लेना पड़ जायेगा।’
सौरभ राय ने लिखा कि ‘गाली, नफरती देशविरोधी लोग आखिर भाजपा में ही क्यों पाए जाते हैं और फिर भाजपा इन्हें फ्रिंज एलिमेंट कहकर दूर करती है और कुछ दिन बाद घर वापसी करवा लेती है।’ आनंद सिंह नाम के यूजर ने लिखा कि ‘एक पुरानी कहावत है कि ‘संइया भै कोतवाल अब डर काहे का’ आजकल यही चल रहा है भाजपा सरकार में।’ एक यूजर ने लिखा कि ‘लो, कार्यवाही हो तो दिक्कत, ना हो तो दिक्कत। मतलब दीदी क्या कर कर के मानोगी? सरकार कम से कम कार्रवाई तो कर रही है, अभी बुलडोजर भी चला दिया, गैंगस्टर भी लगा दिया, और क्या चाहिए?’
बता दें कि श्रीकांत त्यागी का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा की तरफ से साफ कहा गया कि वो भाजपा का नेता नहीं और ना ही उसका भाजपा से कोई लेना देना है लेकिन त्यागी के सोशल मीडिया अकाउंट पर भाजपा के तमाम बड़े नेताओं के साथ तस्वीर है। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों के बाद भाजपा पर विपक्ष हमलावर है!