उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट (Mainpuri Lok Sabha Seat) पर उपचुनाव हो रहे हैं। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) की तरफ से डिंपल यादव (Dimple Yadav) को उम्मीदवार बनाया गया है जबकि बीजेपी ने शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) के पुराने सहयोगी रघुराज सिंह शाक्य (Raghuraj Singh Shakya) को उम्मीदवार बनाया है। शिवपाल सिंह और अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav, Samajwadi Party) के एक साथ आने के कारण यह मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। हालांकि मैनपुरी में डिंपल यादव के समर्थन में आयोजित एक सभा के संबोधन के दौरान शिवपाल यादव का दर्द छलक आया। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश मेरा फायदा उठाये होते तो आज वह सीएम होते।
मैनपुरी में क्या बोले शिवपाल यादव?
शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) ने कहा कि अखिलेश यादव हमारा फायदा नहीं ले पाए। 2022 के चुनाव में भी नहीं ले पाए। 22 अच्छा समय था, अगर हमारा सहयोग लेते तो उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) की सरकार होती और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री होते। अगर अखिलेश यादव मुख्यमंत्री होते तो किसानों को, महिलाओं को कोई दिक्कत नहीं होती। शिवपाल यादव के इस बयान पर सोशल मीडिया पर तमाम लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
लोगों की प्रतिक्रियाएं
बलवीर सिंह नाम के यूजर ने लिखा कि चाचाजी, बिलकुल भैया CM होते लेकिन जब जागे तभी सवेरा। उनकी भूल पर धूल डालो, बहू की लाज तो बचानी है, नेता जी का सम्मान बढ़ा दो। अवधेश दास नाम के यूजर ने लिखा कि अखिलेश जी चाचा को रामगोपाल से ज्यादा नहीं तो बराबर का दर्जा जरूर देना चाहिए। जयपाल नाम के यूजर ने लिखा कि अखिलेश यादव जी को अब शिवपाल यादव को सम्मानजनक पद देना चाहिए, उनके जनाधार का उपयोग करना चाहिए।
आजाद सिंह नाम के यूजर ने लिखा कि शिवपाल सिंह यादव जी थोड़ा शान्ति करो ,अभी देखना आपका होता क्या है? भाजपा कार्यकर्ता हिन्दूओं को जगाने में कामयाब हो गए हैं आप यादव का वोट नहीं ले पाएंगे। हरेंद्र शर्मा नाम के यूजर ने लिखा कि पहले घर का मसला सुलझा लो। देश में नेताओं की कमी नहीं है। वैसे भी आप सबने देश या समाज के लिए किया ही क्या है? एक यूजर ने लिखा कि बेचारे चाचा ना घर के रहे और ना ही घाट के!
रघुराज सिंह शाक्य पर भी कसा तंज
बता दें कि सभा को संबोधित करते हुए शिवपाल यादव अपने पुराने सहयोगी और भाजपा उम्मीदवार रघुराज सिंह शाक्य पर भी हमला बोला है। शिवपाल यादव ने कहा कि शिष्य इतना वफादार होता है कि अपने गुरु की कोई बात छुपाता नहीं है और बिना गुरु के कहीं जाता नहीं है। उन्होंने लोगों से पूछा कि मैंने उन्हें विधायक बनाया, उन्हें सांसद बनाया, क्या उन्हें यहां से चुनाव लड़ना चाहिए? शिवपाल यादव ने कहा कि चुनाव के दिन आपको रोकने की कोशिश की जायेगी, लेकिन हमें रुकना नहीं है।