सलमान खान के पिता और मशहूर फिल्म लेखक सलीम खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सलीम खान बिना किसी सहारे के चलते हुए नजर आ रहे हैं। इस उम्र में ब्रेन हेमरेज के बाद व्हील चेयर छोड़कर अपने सहारे चलना सराहनीय है। वायरल वीडियो में सलीम खान फिजियोथेरेपिस्ट और कायरोप्रैक्टर डॉ. रजनीश कांत के साथ सेशन लेते नजर आ रहे हैं। सेशन के बाद सलीम खान बिना किसी सहारे के चलने की कोशिश करते दिखाई दिए है। हालांकि कुछ सेकंड बाद वो किसी का सहारा लेते हुए भी दिखे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में डॉ. रजनीश कांत सलीम खान के शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर कायरोप्रैक्टिक सेशन करते नजर आते हैं। इसमें उनकी पीठ, हाथों, गर्दन और दूसरे जोड़ों पर काम करते हुए देखा जा सकता है। सलीम खान के वायरल वीडियो पर पूरी जानकारी के लिए बात करते हैं न्यूरोलोजिस्ट से।
सलीम खान की हेमरेज के बाद कैसे हुई रिकवरी
फोर्टिस अस्पताल, फरीदाबाद में न्यूरोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. विनीत बंगा ने जनसत्ता को बताया सलीम खान की रिकवरी बेहतर होने के पीछे तीन अहम बातें हो सकती हैं। पहली वह ब्रेन हेमरेज से पहले काफी एक्टिव और हेल्दी थे। दूसरी बात डॉक्टर द्वारा हेल्थ कार्ड जारी की गई सूचना के मुताबिक उनके ब्रेन हेमरेज में ब्लीडिंग का आकार कम था। तीसरी उन्हें समय पर इलाज और न्यूरो रिहैबिलिटेशन मिला, जिससे उनकी रिकवरी में मदद मिली। डॉक्टर ने बताया कि ब्रेन हेमरेज के बाद मरीज की स्थिति में सुधार इस बात पर निर्भर करता है कि दिमाग में कितनी ब्लीडिंग हुई है, कौन-सा हिस्सा प्रभावित हुआ है और मरीज की पहले की शारीरिक स्थिति कैसी थी।
ब्रेन हेमरेज क्या है?
ब्रेन हेमरेज (Brain Hemorrhage) एक गंभीर और जानलेवा मेडिकल इमरजेंसी है, जिसमें मस्तिष्क के अंदर या उसके चारों ओर मौजूद रक्त वाहिका (Blood Vessel) फटने से खून बहने लगता है। इससे मस्तिष्क के ऊतकों पर दबाव बढ़ता है और कोशिकाओं तक ऑक्सीजन पहुंचना बंद हो जाती है। डॉक्टर विनीत ने बताया शरीर के सभी अंगों को काम करने के लिए ऑक्सीजन की जरूरत होती है, जिसकी आपूर्ति खून के जरिए होती है। इसी तरह दिमाग तक भी रक्त पहुंचाने के लिए छोटी-बड़ी रक्त वाहिकाएं होती हैं। जब दिमाग की किसी रक्त वाहिका से खून निकलने लगता है और दिमाग के अंदर या उसके आसपास जमा होने लगता है, तो इसे ब्रेन हेमरेज कहा जाता है। यह एक गंभीर स्थिति है, जिसमें मरीज को तुरंत मेडिकल सहायता की जरूरत होती है।
ब्रेन हेमरेज होने का सबसे बड़ा कारण क्या है?
डॉक्टर विनीत ने बताया ब्रेन हेमरेज होने के लिए कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। हाई ब्लड प्रेशर ब्रेन हेमरेज का एक प्रमुख कारण है। लंबे समय तक ब्लड प्रेशर कंट्रोल न रहने से दिमाग की रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंच सकता है और उनके फटने का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा, सिर में चोट लगने, दिमाग की रक्त वाहिकाओं में असामान्यता या एन्यूरिज्म होने जैसी स्थितियों में भी ब्लीडिंग हो सकती है। हालांकि, ब्रेन हेमरेज के सभी मामलों का कारण एक जैसा नहीं होता।
क्या डायबिटीज और बढ़ती उम्र से भी ब्रेन हेमरेज का खतरा बढ़ता है?
डॉक्टर ने बताया कि हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और बढ़ती उम्र ब्रेन हेमरेज के जोखिम से जुड़ी हो सकती हैं। इसके अलावा शराब का ज्यादा सेवन, लिवर की बीमारी और खून पतला करने वाली दवाओं का ज्यादा इस्तेमाल भी ब्लीडिंग का खतरा बढ़ा सकता है। डॉक्टर की सलाह के बिना ब्लड थिनर की खुराक में बदलाव करना या इन दवाओं का इस्तेमाल करना सुरक्षित नहीं है।
क्या तंबाकू, गुटखा और सिगरेट से ब्रेन हेमरेज हो सकता है?
डॉक्टर विनीत ने बताया तंबाकू, गुटखा, बीड़ी और सिगरेट जैसी आदतें रक्त वाहिकाओं और दिल की सेहत पर बुरा असर करती हैं। इनसे ब्लड प्रेशर और रक्त वाहिकाओं से जुड़ी समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है। इसलिए ब्रेन हेमरेज सहित कई गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम करने के लिए तंबाकू से दूरी बनाना और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखना जरूरी है।
ब्रेन हेमरेज के शुरुआती लक्षण क्या हैं?
डॉक्टर विनीत ने बताया कि ब्रेन हेमरेज के लक्षण इस बात पर निर्भर करते हैं कि दिमाग का कौन-सा हिस्सा प्रभावित हुआ है और ब्लीडिंग कितनी गंभीर है। इसके लक्षणों में अचानक शरीर के एक तरफ हाथ या पैर में कमजोरी, चेहरे का एक तरफ झुक जाना, बोलने या बात समझने में परेशानी, अचानक तेज सिरदर्द, संतुलन बिगड़ना, देखने में परेशानी और बेहोशी शामिल हो सकते हैं।
ब्रेन हेमरेज के लक्षण पहचानने के लिए क्या है BE FAST फॉर्मूला?
डॉक्टर ने स्ट्रोक के लक्षण पहचानने के लिए BE FAST का जिक्र किया। यह एक आसान तरीका है, जिसकी मदद से कुछ प्रमुख वॉर्निंग साइन को पहचाना जा सकता है।
B – Balance: अचानक संतुलन बिगड़ना या चलने में परेशानी होना।
E – Eyes: अचानक देखने में परेशानी होना।
F – Face: चेहरे का एक तरफ झुक जाना।
A – Arms: हाथ या पैर में अचानक कमजोरी आना।
S – Speech: बोलने या बात समझने में परेशानी होना।
T – Time: समय बर्बाद किए बिना तुरंत इमरजेंसी मेडिकल सहायता लेना।
ब्रेन हेमरेज के बाद रिकवरी में कितना समय लगता है?
डॉक्टर विनीत ने बताया ब्रेन हेमरेज के बाद रिकवरी का समय ब्रेन में नस फटने के बाद ब्लीडिंग की मात्रा, दिमाग के प्रभावित हिस्से और मरीज की पहले की स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है। अगर ब्लीडिंग कम है और मरीज को समय पर इलाज मिल जाता है, तो रिकवरी बेहतर हो सकती है। वहीं अगर ब्लीडिंग गंभीर है तो सही होने में लंबा समय लग सकता है और कुछ मामलों में मरीज परमानेंट बेड पर रह सकता है। डॉक्टर ने यह भी बताया कि मरीज की उम्र, पहले से मौजूद बीमारियां और उसकी शारीरिक सक्रियता रिकवरी को प्रभावित करती हैं। इसलिए सभी मरीजों के लिए ठीक होने की कोई एक निश्चित समय-सीमा नहीं होती।
क्या ब्रेन हेमरेज के बाद मरीज 100 प्रतिशत ठीक हो सकता है?
डॉक्टर ने बताया कुछ मरीज ब्रेन हेमरेज के बाद काफी हद तक या पूरी तरह ठीक होकर अपनी नॉर्मल लाइफ की तरफ लौट सकते हैं। हालांकि मरीज की रिकवरी ब्लीडिंग की गंभीरता, उसके स्थान और इलाज के परिणामों पर निर्भर करती है। गंभीर मामलों में मरीज को लंबे समय तक देखभाल की जरूरत पड़ सकती है और कुछ मरीजों में हाथ-पैर की कमजोरी या दूसरी समस्याएं बनी रह सकती हैं। इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि हर मरीज पूरी तरह ठीक हो जाएगा या किसी भी मरीज की रिकवरी संभव नहीं है। हर व्यक्ति की स्थिति अलग होती है।
ब्रेन हेमरेज के बाद फिजियोथेरेपी क्यों जरूरी है?
डॉक्टर ने बताया कि ब्रेन हेमरेज के बाद मरीज की रिकवरी में न्यूरो रिहैबिलिटेशन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसमें फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी और जरूरत पड़ने पर स्पीच थेरेपी शामिल होती हैं। फिजियोथेरेपी मरीज को दोबारा चलने, संतुलन बनाने और शरीर की गतिविधियों पर कंट्रोल करने में मदद कर सकती है। ऑक्यूपेशनल थेरेपी रोजमर्रा के काम करने की क्षमता सुधारने पर ध्यान देती है, जबकि स्पीच थेरेपी बोलने और संवाद करने में होने वाली परेशानी के लिए उपयोगी हो सकती है।
क्या ब्रेन हेमरेज के बाद याददाश्त और बोलने की क्षमता प्रभावित हो सकती है?
डॉक्टर विनीत ने बताया ब्रेन हेमरेज का असर केवल चलने-फिरने की क्षमता तक सीमित नहीं रहता। दिमाग के प्रभावित हिस्से के आधार पर मरीज की याददाश्त, बोलने की क्षमता, समझने की शक्ति और निर्णय लेने की क्षमता पर भी असर पड़ सकता है। कुछ लोगों में हाथ-पैर की कमजोरी या बोलने में परेशानी लंबे समय तक बनी रह सकती है। रिकवरी के बाद भी कुछ मरीजों को पहले जैसी क्षमता हासिल करने में कठिनाई हो सकती है।
क्या ब्रेन हेमरेज दोबारा हो सकता है?
डॉक्टर विनीत ने बताया ने बताया कि ब्रेन हेमरेज दोबारा भी हो सकता है, खासकर अगर इसके पीछे मौजूद कारणों को कंट्रोल नहीं किया जाए। अगर हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल न रखा जाए, अधिक शराब पी जाएं या रक्त वाहिकाओं से जुड़ी किसी समस्या का इलाज न कराया जाए तो ये हेल्थ रिस्क भविष्य में बढ़ा रहता है। इसलिए इलाज के बाद नियमित फॉलो-अप, डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाएं लेना और जोखिम कारकों को कंट्रोल करना जरूरी है।
डिस्क्लेमर: यह खबर मीडिया रिपोर्ट और सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। वीडियो से किसी व्यक्ति की पूरी मेडिकल स्थिति का आकलन नहीं किया जा सकता। सलीम खान के इलाज, रिकवरी और स्वास्थ्य की वास्तविक स्थिति के बारे में जानकारी के लिए उनके परिवार या डॉक्टरों के आधिकारिक बयान को ही प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
