न्यू यॉर्क में हुई एक ऐतिहासिक नीलामी ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। ‘जोडी’ (Jodi) नाम का एक कंकाल  449 करोड़ रुपये में बिका। नीलामी से पहले इसकी कीमत लगभग 85 करोड़ रुपये आंकी गई थी, लेकिन बोली लगाने वालों के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ और इसकी अंतिम कीमत अनुमान से कई गुना ऊपर पहुंच गई। ये नीलामी सोथबी ऑक्शन हाउस में हुई थी, जिसे इतिहास की सबसे महंगी जीवाश्म बोलियों में से एक माना जाता है।

रिपोर्ट के मुताबिक जो कंकाल नीलाम हुआ है वो नैनोटा रैनस (Nanotyrannus) नामक डायनासोर का बताया गया है, जिसे टायरानोसोरस रेक्स (Tyrannosaurus rex) का छोटा रिश्तेदार माना जाता है। इस नीलामी में बोली लगााने के लिए छह लोगों ने हिस्सा लिया। इस डायनासोर की बोली लगभग 12 मिनट तक चली। हालांकि ये कंकाल किसने खरीदा इसकी आधिकारिक सूचना नहीं दी गई।

डायनासोर का कंकाल ‘जोडी ’क्यो दुर्लभ है?

‘जोडी’ की सबसे बड़ी खासियत इसकी दुर्लभता है। नीलामी घर सोथबी के मुताबिक वैज्ञानिकों को अब तक सिर्फ तीन कंकालों की ही जानकारी है। जोडी का पूरा संरक्षित खोपड़ी वाला हिस्सा ही इस कंकाल को खास बनाता है। रिपोर्ट के मुताबिक जब इस कंकाल को पूरी तरह जोड़कर खड़ा किया गया तो इसकी लम्बाई नाक से पूंछ तक 19.6 फीट और ऊंचाई करीब 9.6 फीट थी। इस जीवाश्म में हड्डियों के लगभग 191 हिस्से शामिल हैं। इस जीवाश्म को बेहद सावधानी के साथ जमीन से निकालने, उसे संरक्षित रखने और फिर उसे लम्बे समय तक सावधानी से रखने में काफी मेहनत होती है इसलिए ये कंकाल बेहद खास और दुर्लभ था।

कहां से मिला था ये जीवाश्म

ये दुर्लभ डायनासोर जोडी का कंकाल मोंटाना में मिला था। अमेरिका के मोंटाना राज्य में रहने वाली पशुपालक जोडी पियर्सन को अपनी निजी जमीन पर यह जीवाश्म मिला था। यह इलाका जीवों के जीवाश्म की खोज के लिए जाना जाता है। इसके बाद जीवाश्म विशेषज्ञ क्लेटन फिप्स के नेतृत्व में खुदाई का काम शुरु किया गया। इस दुर्लभ जीवाश्म को जमीन से निकालने और उसकी हड्डियों को सुरक्षित रखने के बाद कंकाल को उसका आकार दिया गया।

दुर्लभ जीवाश्म का नाम जोडी कैसे पड़ा?

इस जीवाश्म का नाम खोजकर्ता जोडी पियर्सन के नाम पर रखा गया। द गार्जियन के मुताबिक यह जीवाश्म साल 2019 में अमेरिका के मोंटाना राज्य के गारफील्ड काउंटी में स्थित ‘हेल क्रीक फॉर्मेशन’ में मिला था जिसे जोडी पियर्सन नाम की एक महिला ने अपनी निजी जमीन पर इसे खोजा था। इस महिला के नाम पर ही इसका नाम  ‘जोडी’ रखा गया। इसके बाद प्रसिद्ध व्यावसायिक जीवाश्म विज्ञानी क्लेटन फिप्स (Clayton Phipps) ने इसे वहां से खोदकर निकाला था। मोंटाना की जमीन से मिला यह जीवाश्म बाद में न्यूयॉर्क की एक बड़ी नीलामी का हिस्सा बना। नीलामी से पहले सोथबी को उम्मीद थी कि यह कंकाल लगभग 9 मिलियन डॉलर यानी करीब 85 करोड़ रुपये में बिक सकता है। लेकिन इसकी बोली उम्मीद से ज्यादा पहुंच गई। अंतिम बोली 47.3 मिलियन डॉलर तक पहुंच गई, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 449 करोड़ रुपये होती है।

नीलामी से पहले कहां था ये कंकाल?

नीलामी से पहले इस विशाल कंकाल को मैनहट्टन में पेश किया गया था , ताकि लोग इस दुर्लभ जीवाश्म को करीब से देख सकें। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक अक्टूबर 2023 में नीलामी से पहले ये कंकाल लंदन के ‘फ्रीज़ मास्टर्स’अंतर्राष्ट्रीय कला मेले में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया गया था। उस समय वैज्ञानिक रूप से इसे एक अलग प्रजाति नहीं माना गया था, इसलिए इसे ‘चॉम्पर’ (Chomper) नाम से एक युवा टी-रेक्स के रूप में प्रदर्शित किया गया था। यह बिक्री डायनासोर के जीवाश्म की दुनिया में सबसे महंगी बिक्री में शामिल हो गई। 

टी-रेक्स से छोटा, फिर भी करोड़ों की कीमत

नैनोटायरैनस और टी-रेक्स के बीच संबंध को लेकर वैज्ञानिकों की रुचि लंबे समय से बनी रही है। टी-रेक्स का आकार काफी बड़ा और शक्तिशाली जबड़ों के लिए जाना जाता है, जबकि जोड‍ी का कंकाल आकार में उससे काफी छोटा होता है। जोडी की लंबाई लगभग 19.6 फीट बताई गई है। इसके मुकाबले टी-रेक्स के एक दूसरे कंकाल ‘गस’ की बिक्री 50.1 मिलियन डॉलर यानी लगभग 476 करोड़ रुपये में होने का जिक्र किया गया है। इस लिहाज से जोडी की ब्रिक्री अपनी प्रजाति के एक दुर्लभ नमूने के तौर पर हुई। इस जीवाश्म की दुर्लभता, संरक्षित खोपड़ी और खोज से जुड़ी कहानी इसे दूसरे जीवाश्मों से अलग बनाती है।

अब कहां रखा जाएगा ‘जोडी’ का कंकाल?

नीलामी के बाद इस बात की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई कि खरीदार इसे किसी संग्रहालय में प्रदर्शित करेगा या अपने निजी संग्रह में रखेगा। लेकिन ये देखना दिलचस्प होगा कि भविष्य में इस कंकाल को देखने का मौका आम जन को मिल पाएगा या नहीं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इसका नया मालिक इसे सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए उपलब्ध कराएगा या नहीं।

डिस्क्लेमर: ये जानकारी उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर तैयार की गई है, जनसत्ता इसके दामों की पुष्टि नहीं करता।