मध्यप्रदेश के शहडोल जिले से एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। घर छोड़ने का झांसा देकर एक शख्स ने 92 साल की महिला के साथ रेप किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि समाज दूषित होता जा रहा है।
जानिए पूरा मामला
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 92 साल की एक महिला जबलपुर से शहडोल आई थी। बस स्टैंड पर उतर कर घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही महिला के पास एक शख्स ने आकर कहा कि वह उसे घर छोड़ देगा। घर छोड़ने के बजाय शख्स ने महिला को जंगल में ले जाकर उसके साथ रेप किया। इस घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। महिला ने थाने में आकर आपबीती बताई को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
अभिनेता केआरके ने इस घटना पर लिखा , “अल्फाज ही नहीं बचे हैं कुछ कहने के लिए।” सुधीर कुमार नाम के एक यूजर ने लिखा- ऐसे दरिंदे को गोली मार देनी चाहिए, ऐसे लोग समाज का हिस्सा नहीं हो सकते हैं। अशोक शेखावत नाम के एक यूजर ने पूछा, “यह शर्मनाक और निंदनीय घटना है, क्या ऐसा बन रहा है नया भारत?” नदीम नाम के एक यूजर लिखते हैं कि लोगों में इंसानियत खत्म होती जा रही है।
प्रदीप गुप्ता नाम के एक यूजर ने एमपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान और बड़बोले गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा में जरा भी नैतिकता बची हो तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। मध्यप्रदेश में बच्चियां तो क्या 90 साल की बुजुर्ग महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं। कन्हैयालाल नाम के एक यूजर ने लिखा, ” ऐसे लोगों को समाज पर रहने का कोई हक नहीं है, पुलिस को एनकाउंटर कर देना चाहिए।”
जानकारी के लिए बता दें कि इंसानियत को शर्मसार करने वाली इस घटना ने सभी को सकते में डाल दिया है। गौरतलब है कि पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।