कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान की कई तस्वीरें सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल होती रहती हैं। राहुल गांधी कभी ढोल बजाते नजर आते हैं तो कभी किसी बच्ची को जूता पहनाते दिखाई देते हैं। इस बीच भगवा टोपी पहने राहुल गांधी की एक तस्वीर सामने आई है। कांग्रेस (Congress) के ट्विटर हैंडल से यह फोटो शेयर की गई तो लोग कई तरह के कमेंट करने लगे।
कांग्रेस ने शेयर की तस्वीर
कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भगवा टोपी पहने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तस्वीर साझा कर लिखा गया कि, ‘रंग केसरी वीरों का… देश जोड़ेने निकले रणधीरों का।’ इस तस्वीर पर लोग कई तरह के कमेंट कर रहे हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स उन पर तंज कसते हुए रिएक्शन दे रहे हैं तो वहीं कुछ लोगों ने कहा है कि आखिर उन्हें भगवा के शरण में आना ही पड़ा है।
लोगों के रिएक्शन
बीजेपी नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने राहुल की तस्वीर पर लिखा कि, ‘जब होश ठिकाने आएगा, रंग भगवा याद आएगा।’ बीजेपी नेत्री जानवी व्यास ने लिखा – अंततः भगवा का सहारा। संतोष नाम के ट्विटर यूजर द्वारा कमेंट किया गया, ‘ गुजरात चुनाव आया है, केसरिया रंग याद आया है।’ पितांबर नाम के एक यूजर ने लिखा – देखिए मित्रों, मोदी जी का असर और क्या चाहिए। राहुल गांधी ने भी भगवा टोपी पहन ली, अब शायद कांग्रेस देश व धर्म हित में कार्य करने लगे सच्चे मन से।
सुमित नाम के एक यूज़र ने चुटकी लेते हुए लिखा – जो करे मोदी से प्यार, वो भगवा टोपी से कैसे करेगा। धर्मेंद्र सिंह नाम के एक ट्विटर यूजर द्वारा लिखा गया, ‘ये भगवा टोपी? जनेऊ धारी के बाद भगवाधारी।’ आलोक भट्ट नाम के ट्विटर यूजर कमेंट करते हैं – क्या समय आ गया है राहुल गांधी का, आज हम भगवा आतंकवादियों का केसरिया पहना पड़ रहा है। अनुभव गोयल नाम के एक यूजर द्वारा लिखा गया, “भगवा हिंदुत्व की शान है और हिंदुत्व को आतंकवादी कहने वाले, आज भगवा पहन रहे हैं l”
जानकारी के लिए बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी बीजेपी पर जमकर निशाना साध रहे हैं। इस यात्रा को लेकर राहुल गांधी का कहना है कि भारत को बांटा नहीं जा सकता है और नफरत नहीं फैलाई जा सकती है। गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर को मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी, इससे पहले यह यात्रा महाराष्ट्र के 5 जिलों में 382 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।