तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने फ्लाइट में अपने साथ कथित तौर पर बदसलूकी और उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें कुछ लोग जय श्री राम के नारे लगाते हुए सुनाई दे रहे हैं। महुआ मोइत्रा ने बताया कि वह आधिकारिक कार्य के लिए दिल्ली जा रही थी और उन्हें रक्षा मामलों से जुड़ी स्थाई समिति की बैठक में हिस्सा लेना था।
महुआ मोइत्रा ने कहा कि चार से छह लोग विमान में सवार हुए और उन्हें घूरते हुए विमान के पिछले हिस्से में जाकर बैठ गए। महुआ मोइत्रा ने इंडिगो और केंद्रीय विमानन मंत्री से मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
महुआ ने लगाया आरोप
महुआ ने अपने X पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “मैं आज आधिकारिक कार्य से रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली गई थी। मैं 6E 719 विमान में सीट नंबर 1F पर बैठी थी। 4-6 पुरुष एक ग्रुप में विमान में चढ़े और मुझे घूरने लगे और विमान के पिछले हिस्से में चले गए। विमान के उतरने और दरवाजे खुलने से पहले ही उन्होंने ये सब किया और इसका वीडियो भी बनाया। यह कोई सामान्य नागरिक आक्रोश नहीं है। यह उत्पीड़न है और विमान में मेरी सुरक्षा का उल्लंघन है। ये बदमाश विमान के अंदर इस तरह के उत्पीड़न से बच नहीं सकते। इंडिगो अपने क्रू की रिपोर्ट ढूंढें, उनके नाम उजागर करें और उन्हें नो-फ्लाई लिस्ट में डालें। राम मोहन नायडू- कृपया कार्रवाई करें।”
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें महुआ मोइत्रा अपनी सीट से उठती हैं, इस दौरान पीछे से कुछ लोग टीएमसी और भाईपो चोर के नारे लगाने लगते हैं। वीडियो में भी नारे साफ सुनाई दे रहे हैं।
