Retired Army Brigadier Kashmir Experience: इंटरनेट पर भारतीय सेना के एक पूर्व अधिकारी का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में ब्रिगेडियर दीप भगत (रिटायर्ड) जो जम्मू कश्मीर घूमने गए हैं, अपना अनुभव शेयर करते दिख रहे हैं। भारतीय सेना में तीन दशकों तक अलग-अलग पदों पर काम करने वाले पूर्व अधिकारी ने बताया कि उन्होंने कभी ऐसी कल्पना भी नहीं की थी कि वो शोपियां जिले में कभी बिना हथियार के भी आ पाएंगे।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में भगत कहते हैं, “मैं शोपियां में इंचर रहा हूं, और मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं अपनी जिंदगी में यहां बिना किसी हथियार और सुरक्षा के वापस आऊंगा। कभी नहीं। कभी नहीं।” उन्होंने आगे कहा: “जिन लोगों ने 90 के दशक और 2000 के दशक में यहां आतंकवाद से लड़ाई लड़ी है, उन्होंने कभी नहीं सोचा होगा कि हम यहां वापस आ सकते हैं।”
भगत ने कहा कि शोपियां में वापस आकर अजीब लग रहा था, जहां सीमा पार आतंकवाद अपने चरम पर था, तब हिंसा आम बात थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात देखकर उन्हें खुशी हुई। उन्होनें वीडियो के कैप्शन में लिखा, “दो दशक पहले, मैं कश्मीर में एक सैनिक के तौर पर कॉम्बैट गियर और हथियारों के साथ काम कर रहा था। दो साल पहले, मैं अपनी बाइक पर एक टूरिस्ट के तौर पर वापस आया। कोई हथियार नहीं। कोई सुरक्षा नहीं। बस खुली सड़कें और खुले दिल।”
उन्होंने लिखा, “शोपियां, जिसका नाम कभी तनाव में फुसफुसाया जाता था, आज उसने शांति से मेरा स्वागत किया। बदलाव ऐसा दिखता है। उम्मीद ऐसी महसूस होती है। कश्मीर अब वैसा नहीं है जैसा 90 के दशक और 2000 के दशक में था। और यह मुझे बहुत गर्व महसूस कराता है।”
खबर लिखे जाने तक वीडियो को 4 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वीडियो के कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।अधिकतर यूजर्स भगत के आकलन से सहमत थे और उनकी सेवा के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। वीडियो पर टिप्पणी करते हुए एक यूजर ने लिखा, “हम, दो और कपल दोस्तों के साथ, फरवरी 2024 में कश्मीर की कुछ ऑफबीट जगहों जैसे शोपियां, अहरबल और यूसमर्ग में बाइक राइड पर गए। मेरा यकीन मानिए – यह सुरक्षित और बहुत खूबसूरत है। शोपियां भारत का सेब शहर।”
वहीं, एक अन्य टिप्पणी में लिखा था – देश के लिए आपकी सेवाओं के लिए धन्यवाद..हम अपनी सशस्त्र सेनाओं के सच में बहुत आभारी हैं..जय हिंद सर। बहरहाल, वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो आपको कैसा लगा, कमेंट करके बताएं।
