दुनियाभर में जहां धोखाधड़ी और बेईमानी के मामले सामने आते रहते हैं, वहीं भारत में एक राज्य ऐसा भी है, जहां आज भी भरोसे के दम पर कारोबार चल रहा है। इस राज्य में दुकानदार अपनी दुकानों को सामान से भरकर बिना किसी निगरानी के छोड़ देते हैं। इन दुकानों में न तो कोई दुकानदार मौजूद होता है और न ही सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे लगाए गए हैं। यहां ग्राहक खुद दुकान पर पहुंचते हैं, अपनी पसंद का सामान चुनते हैं और उसकी तय कीमत का भुगतान करके उसे अपने साथ ले जाते हैं। खास बात यह है कि इन दुकानों का पूरा कारोबार लोगों की ईमानदारी और आपसी विश्वास पर टिका हुआ है।

हम बात कर रहे हैं भारत के राज्य नागालैंड की जहां ईमानदारी के बल पर काम होता है। नागालैंड भारत का एक उत्तर पूर्वी राज्य है जिसकी राजधानी कोहिमा है। भारत के ज्यादातर राज्यों में दुकानों पर दुकानदार मौजूद होते हैं उनके साथ ही सामान की निगरानी के लिए CCTV कैमरा भी लगे होते हैं उसके बावजूद भी लोग दुकानदारों को कई बार चूना लगा जाते हैं। लेकिन नागालैंड में  ईमानदारी और भरोसे के साथ लोग अपनी दुकानें चला रहे हैं।

नागालैंड में बिना निगरानी की इन दुकानों को ‘Honesty Shops’ यानी ईमानदारी की दुकानें कहा जाता है। इन ओनेस्टी शॉप पर जो भी ग्राहक आता है वो अपनी पसंद का सामान खुद खरीदता है और सामान की निर्धारित कीमत  चुका कर चला जाता है। अब सवाल ये उठता है कि आखिर दुकानदार कहां रहते हैं जो इन दुकानों को अकेले ईमानदारी के भरोसे चलाया जा रहा है? आइए सारे सवालों के जवाब जानते हैं।

क्यों बिना दुकानदार के चलती हैं दुकानें

नागालैंड में कई गांव ऐसे हैं जहां सड़क के किनारे दुकानें बनी हुई है। इन दुकानों के मालिक खाली दुकान छोड़कर घर में आराम नहीं करते बल्कि खेतों में काम करते हैं। ये दुकानदार अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए एक से अधिक काम करते हैं। इन दुकानों के मालिक बिना दुकानदार के दुकानों पर् सामान बेचते हैं साथ ही अपनी जरूरत के दूसरे काम जैसे खेती बाड़ी करते हैं।

दुकानों पर किस तरह बिकता है सामान?

इन दुकानों पर पहुंचने वाले लोग अपनी पसंद की  सब्जियां, फल और दूसरी चीजें खुद खरीद लेते हैं। हर सामान के सामने उसकी कीमत लिखी होती है। कीमत के मुताबिक ग्राहक सामान खरीदते हैं और उस सामान के जितने पैसे लिखे हैं वहां रखें बॉक्स में डालकर चले जाते हैं। कुछ दुकानदार डिजिटल पेमेंट यानी UPI के जरिए भुगतान करके चले जाते हैं।

नागालैंड में महिलाएं चला रही हैं ऐसी 20 दुकानें

इंडिया टुडे की 2025 की एक रिपोर्ट के अनुसार, नागालैंड के फुत्सेरो में महिला किसान ऐसी लगभग 20 दुकानों चलाती हैं। इन दुकानों में मौसमी फल और सब्जियां, साथ ही घर के बने अचार, जैम और जूस मिलते हैं। इन दुकानों से लोग खुद सामान खरीदते हैं और पैसे चुका कर चले जाते हैं।

नागालैंड के मंत्री ने की तारीफ

नागालैंड के पर्यटन और उच्च शिक्षा मंत्री तेमजेन इम्ना अलॉन्ग ने भी इन दुकानों की तारीफ की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इन दुकानों की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘न कोई दुकानदार, न CCTV कैमरा, बस भरोसा। क्या आपके इलाके में भी ऐसा संभव है? मंत्री ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी की कभी-कभी कारोबार करने के लिए सिर्फ भरोसा ही काफी होता है। कोई भी कारोबार सिर्फ लेनदेन पर आधारित नहीं होता उसके लिए ईमानदारी होना भी जरूरी होता है। नागालैंड की ये दुकानें बताती हैं कि समाज में विश्वास और ईमानदारी आज भी कितनी बड़ी ताकत हैं।

डिस्क्लेमर: यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल फुटेज, ट्रेंडिंग पोस्ट्स और इंटरनेट पर उपलब्ध विवरणों के आधार पर तैयार की गई है। Jansatta इसमें किए गए दावों, घटनाओं के संदर्भ या इनकी पूर्ण प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।