पाकिस्तान की एक प्रीमियम ट्रेन का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक यूट्यूबर सामान्य दिखने वाली सुविधाओं को इस तरह बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है, मानो पाकिस्तान में इससे पहले ऐसा कुछ देखा ही न गया हो।
वीडियो में ब्लॉगर बताता है कि वह दर्शकों को पाकिस्तान की सबसे प्रीमियम ट्रेन दिखाने वाला है। वह कहता है कि आज वह ट्रेन के स्टैंडर्ड एसी क्लास का दौरा करेगा। जैसे ही वह ट्रेन के अंदर कदम रखता है, वह एक सामान्य कंट्रोल पैनल को “सर्वर रूम” बताने लगता है।
इसके बाद वह आगे बढ़ता है और दो दरवाजे खोलकर कोच के अंदर पहुंच जाता है। आमतौर पर किसी भी ट्रेन के डिब्बों में इस तरह के दो दरवाजे होते हैं, लेकिन यूट्यूबर इसे भी बढ़ा-चढ़ाकर पेश करता है और इसे पाकिस्तान का “टू-डोर सिस्टम” बताने लगता है।
जैसे ही वह कैमरा घुमाता है, ट्रेन के अंदर कचरा और गंदगी दिखाई देती है। फर्श पर भी काफी गंदगी नजर आती है, लेकिन यह सब देखकर भी यूट्यूबर विचलित नहीं होता। वह सफाई देते हुए कहता है कि ट्रेन काफी लंबा सफर तय करके आई है। उसके मुताबिक, यह कराची से लाहौर पहुंची है और अब इस्लामाबाद जाने वाली है, इसलिए थोड़ी-बहुत गंदगी होना स्वाभाविक है।
इसके बाद यूट्यूबर ट्रेन के एक साधारण एसी को भी इस तरह प्रस्तुत करता है जैसे कोई अत्याधुनिक तकनीक पहली बार पाकिस्तान में आई हो।
आगे वह ट्रेन की सीटें दिखाता है और बताता है कि एक बटन दबाने पर सीट को पूरी तरह पीछे किया जा सकता है। हालांकि, सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का कहना है कि ऐसी सुविधाएं दुनिया की तमाम लोकल ट्रेनों में भी होती हैं।
ट्रेन के बाहरी हिस्से की तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं, जिनमें पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर की तस्वीर लगी हुई दिखाई देती है। सोशल मीडिया पर लोग पाकिस्तान की इस तथाकथित प्रीमियम ट्रेन का मजाक उड़ा रहे हैं। कोई इसकी तुलना भारत की लोकल ट्रेनों से कर रहा है, तो कोई कह रहा है कि भारत की कई एसी ट्रेनों की सुविधाएं इससे कहीं बेहतर हैं।
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान सोशल मीडिया पर इस तरह ट्रोल हुआ हो। इससे पहले भी वहां के कई यूट्यूबर्स और ब्लॉगर्स सामान्य सुविधाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने के कारण आलोचनाओं का सामना कर चुके हैं।
