फ्रांस के एवियन-ले-बैं में मंगलवार को आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में दुनिया के बड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। नेताओं ने यूक्रेन के समर्थन को दोहराया और अमेरिका-ईरान संबंधों में हालिया सकारात्मक प्रगति का स्वागत किया। हालांकि, सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच हुई एक हल्की-फुल्की बातचीत की रही।

शिखर सम्मेलन का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दोनों नेता ग्रुप फोटो से पहले एक-दूसरे का अभिवादन करते नजर आते हैं। इसके बाद वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत अन्य नेताओं के साथ पारंपरिक ग्रुप फोटो के लिए शामिल हो जाते हैं।

हालांकि वीडियो की आवाज पूरी तरह साफ नहीं है। लेकिन उसमें प्रधानमंत्री मोदी दोनों की सोशल मीडिया पर लोकप्रियता का जिक्र करते हुए सुनाई देते हैं। इस पर मुस्कुराते हुए जॉर्जिया मेलोनी कहती हैं, “हां, हम इंस्टाग्राम पर सबसे मशहूर कपल हैं।”

दोनों नेताओं के बीच यह मजाकिया बातचीत इंटरनेट पर खूब पसंद की जा रही है और सोशल मीडिया यूजर्स इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

आपको बता दें कि कुछ सप्ताह पहले अपने इटली दौरे के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोम यात्रा के दौरान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को पारले की ‘मेलोडी’ टॉफी भेंट की थी। इसके बाद इंटरनेट पर ‘मेलोडी’ मूमेंट वायरल हो गया था। यह इंटरनेट पर लोकप्रिय हो चुके ‘मेलोडी (Melodi)’ शब्द की ओर एक मजाकिया इशारा था।

इस मुलाकात का वीडियो खुद जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इस वीडियो में उन्होंने लिखा था, “तोहफे के लिए धन्यवाद।”

वीडियो में दोनों नेता हाथ में भारतीय टॉफी ‘मेलोडी’ पकड़े हुए नजर आते हैं और इस वायरल ट्रेंड पर हंसते हुए बातचीत करते दिखते हैं।

वीडियो में मेलोनी कहती हैं, “प्रधानमंत्री मोदी मेरे लिए एक बहुत, बहुत अच्छी टॉफी तोहफे में लाए हैं।” इस पर प्रधानमंत्री मोदी मुस्कुराते हुए कहते हैं, “मेलोडी।”

दरअसल, ‘मेलोडी’ (Melodi) नाम मेलोनी (Meloni) और मोदी (Modi) के नामों को मिलाकर बना है। यह निकनेम पहली बार साल 2023 में दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हुआ था।

तब से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मोदी और मेलोनी की दोस्ताना मुलाकातों की तस्वीरें, वीडियो और मीम्स करोड़ों बार देखे जा चुके हैं और इंटरनेट पर लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं।