भागदौड़ भरी जिंदगी और करियर की अंधी दौड़ के बीच कई बार इंसान अपने सबसे करीबियों यानी परिवार से दूर हो जाता है। लेकिन सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वाकया वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को रिश्तों की अहमियत पर सोचने के लिए मजबूर कर दिया है। दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) में काम करने वाले एक युवक ने अपनी हाई-पेइंग जॉब से रिटायरमेंट ले लिया है। जब उससे वजह पूछी गई, तो उसने सीधे दिल को छू लेने वाला जवाब दिया “अब मुझे अपने मां-बाप के साथ वक्त बिताना है। उसकी इस वायरल पोस्ट ने इंटरनेट पर हर किसी को भावुक कर दिया है।
कौन है ये आज्ञाकारी बेटा जिसने पैरेंट्स को लिए करियर से ली रिटायरमेंट?
माइक्रोसॉफ्ट जैसी दुनिया की बड़ी टेक कंपनी में काम करने वाले केशवन शनमुगम (Kesavan Shanmugam) पेशे से इंजीनियर हैं और पिछले 23 सालों से माइक्रोसॉफ्ट कंपनी में वाइस प्रेसिडेंट ऑफ इंजीनियरिंग के पद पर काम करते हैं। वह माइक्रोसॉफ्ट के एक्सेल को पायलट और एजेंटिक AI सिस्टम को विकसित करने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। जहां दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है वहीं इस दौर में शनमुगम ने अपने करियर से विदाई लेने का निर्णय लिया है।
Microsoft से विदाई के लिए खास वजह नाराज़गी या कुछ और
शनमुगम ने Microsoft जैसी बड़ी कंपनी में 23 साल काम करने के बाद रिटायरमेंट के लिए नौकरी से नाराजगी या काम का दबाव को वजह नहीं बताया। उन्होंने एक भावुक नोट में लिखा कि अब अपने बूढ़े होते माता-पिता के साथ ज्यादा से ज्यादा वक्त बिताने की इच्छा है। केशवन का यह फैसला उन लोगों के लिए एक भावुक संदेश है, जो जिंदगी की दौड़ में अक्सर अपने परिवार और माता-पिता के साथ बिताए जाने वाले अनमोल पलों को पीछे छोड़ देते हैं। उन्होंने अपने करियर में लंबा सफर तय किया, लेकिन अब वह अपने माता-पिता और दोस्तों के साथ जिंदगी के कुछ और खूबसूरत पल बिताना चाहते हैं। उनके इस फैसले की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है।
23 साल की नौकरी छोड़ना क्या आसान था?
केशवन शनमुगम ने अपने रिटायरमेंट के फैसले की जानकारी लिंक्डइन पर एक पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट छोड़ने का फैसला उनके लिए आसान नहीं था। कंपनी में काम करना उन्हें पसंद था। खासकर एक्सेल को पायलट (Excel Copilot) पर काम करने और अपने सहकर्मियों के साथ मिलकर कुछ नया करने का अनुभव उनके लिए काफी खास रहा। इसके बावजूद उन्होंने काम से आगे अपने परिवार को तर्जी दी। उन्होंने काम से ज्यादा अपने बूढ़े होते मां-बाप के साथ वक्त गुजारने की ख्वाहिश को पूरा किया। केशवन का यह फैसला बताता है कि जिंदगी में सफलता का मतलब सिर्फ बड़ा पद, अच्छी सैलरी या शानदार करियर बनाना ही नहीं है बल्कि अपने रिश्तों को भी तर्जी देना है।
केशवन ने Microsoft के लिए जताया आभार
केशवन ने अपनी लिंक्डइन पोस्ट में माइक्रोसॉफ्ट के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मैं अपनी कंपनी का शुक्रगुजार हूं जहां मैंने 23 साल गुजारे हैं। उन्होंने लिखा, “मैं माइक्रोसॉफ्ट का दिल से आभारी हूं कि उसने मुझे ऐसा फैसला लेने का मौका दिया। माइक्रोसॉफ्ट में मेरे सफर को मजेदार, रोमांचक और संतोषजनक बनाने वाले सभी मौजूदा और पूर्व सहयोगियों का भी बहुत-बहुत धन्यवाद। उनके इस संदेश से साफ झलकता है कि वह अपने काम और सहकर्मियों से जुड़े अनुभवों को भी बेहद अहम मानते हैं। हालांकि, अब वह अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू करना चाहते हैं, जिसमें परिवार और दोस्तों के लिए अधिक समय हो।
सोशल मीडिया पर लोगों ने की फैसले की तारीफ
केशवन के रिटायरमेंट की खबर सामने आने के बाद लिंक्डइन पर लोगों ने उनकी सोच और फैसले की जमकर सराहना की। कई यूजर्स ने कहा कि माता-पिता के साथ समय बिताने के लिए अपने सफल करियर से अलग होने का फैसला लेना बड़ी बात है। एक यूजर ने लिखा, शायद यह आपके सबसे बेहतरीन फैसलों में से एक है। वहीं, दूसरे यूजर ने कहा मैं आपको व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता, भाई, लेकिन अपने माता-पिता को प्राथमिकता देने के आपके फैसले ने मेरा ध्यान खींचा। आपको मेरी शुभकामनाएं।
एक दूसरे यूजर ने लिखा कि जिस काम को आप आज भी पसंद करते हैं, उसे छोड़ना आसान नहीं हो सकता। लेकिन अपने माता-पिता के साथ ज्यादा समय बिताना जिंदगी का एक नया अध्याय शुरू करने की बेहद खूबसूरत वजह है। वहीं इन सब के बीच एक यूजर ने ये भी लिखा “हो सकता है कि आपको अभी इसका एहसास न हो, लेकिन यह आपकी जिंदगी के सबसे बेहतरीन कामों में से एक साबित होगा।
करियर अपनी जगह, माता-पिता के साथ बिताया वक्त भी अनमोल
केशवन शनमुगम की कहानी इसलिए खास है, क्योंकि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कई लोग करियर, पैसा और शोहरत हासिल करने की दौड़ में परिवार और माता-पिता को पर्याप्त समय नहीं दे पाते। वहीं, केशवन ने अपने 23 साल के करियर को पीछे छोड़कर उम्रदराज माता-पिता के साथ अधिक समय बिताने का फैसला किया। माता-पिता से मिले संस्कार और नैतिक मूल्य ही हमें रिश्तों की अहमियत समझाते हैं और यह एहसास दिलाते हैं कि जिंदगी में सफलता के साथ अपनों का साथ भी बेहद जरूरी है।
बेशक, हर व्यक्ति के लिए नौकरी छोड़ना या रिटायरमेंट लेना संभव नहीं होता। परिवार की जिम्मेदारियां और आर्थिक जरूरतें भी अपनी जगह अहम हैं। लेकिन केशवन का फैसला हमें यह जरूर याद दिलाता है कि व्यस्त जिंदगी में अपने माता-पिता के लिए समय निकालना कितना जरूरी है। आखिरकार, करियर में आगे बढ़ने के मौके बार-बार मिल सकते हैं, लेकिन माता-पिता के साथ बिताए गए अनमोल पल दोबारा नहीं लौटते।
डिस्क्लेमर: यह खबर केशवन शनमुगम की लिंक्डइन पोस्ट और उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। उनके फैसले को व्यक्तिगत जीवन की प्राथमिकता के रूप में देखा जाना चाहिए; यह हर व्यक्ति के लिए नौकरी छोड़ने या रिटायरमेंट लेने की सलाह नहीं है।
