कभी-कभी जीतने की चाह इतनी ज्यादा बढ़ जाती है कि इंसान सही और गलत के बीच का फर्क ही भूल जाता है। मंजिल तक सबसे पहले पहुंचने का जुनून जब हद पार कर जाए, तो मेहनत से हासिल की जाने वाली जीत पर सवाल खड़े हो जाते हैं। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला बर्लिन मैराथन में देखने को मिला, जहां एक चीनी महिला धावक ने दौड़ पूरी करने के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसने पूरी रेस की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए।

चीन की लोकप्रिय रनर और फिटनेस इन्फ्लुएंसर युआनयुआन सन को बर्लिन मैराथन से अयोग्य घोषित कर दिया गया। उनका कसूर था कि उन्होंने मैराथन के दौरान साइकिल का सहारा लिया और रेस का एक हिस्सा साइकिल पर बैठकर पूरा किया। खास बात यह रही कि उनकी यह चाल छिप नहीं सकी। रेस के दौरान एक प्रतिभागी ने उन्हें साइकिल पर सवारी करते हुए देख लिया और उनकी तस्वीर खींचकर मैराथन की इंटीग्रिटी यूनिट तक पहुंचा दी। इसके बाद जब उनके रेस टाइम की जांच की गई तो सारी बात सामने आई। अब सवाल ये है कि नियमों को तोड़ने के बाद मैराथन आयोजकों ने उनके खिलाफ क्या सख्त कार्रवाई की? जिस कंपनी ने उन्हें स्पॉन्सर किया था, उसने भी इस पूरे विवाद के बाद उनसे अपना रिश्ता खत्म किया या नहीं?  जानिए बर्लिन मैराथन की इस पूरी घटना की कहानी।

किस तरह महिला की चोरी पकड़ी गई?

महिला खिलाड़ी की चोरी पकड़ने के लिए मैराथन की इंटीग्रिटी यूनिट ने खिलाड़ी की दौड़ के समय और उनकी चाल का रिकॉर्ड चेक किया।  उनका सबसे तेज समय 35 से 40 किलोमीटर के बीच रिकॉर्ड हुआ था, यानी लगभग उसी दौरान जब उन्हें साइकिल पर देखा गया था। तस्वीरें सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और आखिरकार खिलाड़ी को अपनी गलती स्वीकार कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी।

क्यों महिला खिलाड़ी को लेना पड़ा साइकिल का सहारा?

 युआनयुआन सन (Yuanyuan Sun) की 27 सितंबर को एक साइकिल के पीछे बैठकर सवारी करते हुए तस्वीर सामने आई थी जिसे महिला ने स्वीकार भी कर लिया। अब ये सवाल बड़ा है कि आखिर रेस के दौरान ऐसा क्या हुआ कि एक मैराथन में दौड़ने वाली खिलाड़ी को साइकिल का सहारा लेना पड़ा? रेस जीतने का जुनून इस महिला खिलाड़ी के सिर पर ऐसा सवार हुआ कि खिलाड़ियों को इस गलत रास्ते को अपनाना पड़ा।  हालांकि महिला खिलाड़ी की ये चालाकी रेस ट्रैक पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई और नियम तोड़ने पर मैराथन आयोजकों ने महिला के खिलाफ सख्त कदम उठाया। सन की साइकिल पर सवारी करते हुए ये तस्वीरें सबसे पहले Official Marathon Time Integrity Unit (OMTIU) के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 1 अक्टूबर को प्रकाशित की गई थीं।

चीनी रनर का क्या है बैकग्राउंड

युआनयुआन सन एक लोकप्रिय फिटनेस इन्फ्लुएंसर हैं। सोशल मीडिया पर वो अबीर (Abeer) नाम से जानी जाती हैं। CBC की एक रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने शुरुआत में बर्लिन मैराथन में 4 घंटे 53 मिनट 46 सेकंड का अपना पर्सनल बेस्ट बताया था। गुरुवार को सोशल मीडिया पर उनकी साइकिल पर सवारी करते हुए तस्वीरें सामने आने के बाद सन ने शनिवार को अपनी ईमानदारी दिखाते हुए माफी मांगी। चीन की सोशल मीडिया वेबसाइट Rednote पर शेयर किए गए इस पोस्ट में उन्होंने माना कि उन्होंने रेस के नियम तोड़े थे।

युआनयुआन सन ने माफीनामा में क्या लिखा?

युआनयुआन सन ने अपने माफीनामा में लिखा “मैं अपने इस व्यवहार के लिए कोई बहाना नहीं बनाऊंगी। रेस के दौरान मेरी तबीयत ठीक नहीं लग रही थी जिसकी वजह से उन्होंने साइकिल की मदद ली। खिलाड़ी ने बताया हालांकि यह नियम तोड़ने का बिल्कुल भी सही बहाना नहीं है। सन ने कहा, “मेरी ओर से शॉर्टकट अपनाने की कोशिश प्रतियोगिता में निष्पक्षता और मैराथन की भावना का अनादर है। खिलाड़ी ने लिखा कि उन्हें अपनी गलती का अहसास है।

स्पॉन्सर ने खिलाड़ी के साथ क्या किया?

सन को स्पॉन्सर करने वाली रनिंग शूज कंपनी Brooks ने भी अब उनके साथ अपना करार खत्म कर दिया है। BBC को दिए एक बयान में Brooks ने कहा कि मेरा मानना है कि रनिंग ईमानदारी, निष्पक्षता और प्रतियोगिता के प्रति सम्मान पर आधारित होनी चाहिए। सूत्रों के मुताबिक Brooks China ने संबंधित व्यक्ति के साथ अपना संबंध खत्म कर लिया है।  CBC News को दिए बयान में OMTIU के चीफ इंटीग्रिटी ऑफिसर ने बताया कि मैराथन में हिस्सा ले रहे एक व्यक्ति ने सन की साइकिल पर सवारी करते हुए तस्वीर खींची थी और उसे OMTIU के साथ साझा किया था। बर्लिन मैराथन के एक प्रवक्ता ने CBC News से कहा कि वो किसी व्यक्ति या उसके खिलाफ की गई किसी विशेष कार्रवाई पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी नहीं करते। प्रवक्ता ने कहा कि हम प्रत्येक मामले की पूरी तरह से समीक्षा करने के बाद उचित कार्रवाई तय करते हैं और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त प्रतिबंध भी लगाए जाते हैं।

डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट्स और संबंधित स्रोतों में सामने आई जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। इसमें बताई गई घटना और कार्रवाई से जुड़ी जानकारी संबंधित रिपोर्टों के अनुसार है।