उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे की तस्वीरें देखकर लोग सन्न रह गए। एक्सीडेंट इतना भयानक था कि कार में सवार चारों लोगों की मौत हो गई। सवार सभी युवकों के शरीर के परखच्चे उड़ गए। इतना ही नहीं, BMW कार चकनाचूर हो गई। सामने आई तस्वीरों से ही दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। अब घटना से पहले का वीडियो सामने आया है जिसमें चारों युवक गाड़ी को 300 Kmph चलाने की बात करते नजर आ रहे हैं।
दुर्घटना से पहले का वीडियो आया सामने
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक एक्सप्रेसवे पर गाड़ी को 300 किमी/प्रतिघंटा की रफ़्तार से चलने की बात कहते नजर आ रहे हैं। युवक यह भी कह रहे हैं कि आज चारो मरेंगे। इसके बाद कार 229 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ाते हैं। कहा जा रहा है कि इसी के बाद यह कार दुर्घटना का शिकार हो गई और BMW में सवार चारों युवक मौत के मुंह में समा गए।
230 Kmph की स्पीड से दौड़ाई BMW!
जानकारी के अनुसार, रोहतास के जेडीयू के जिलाध्यक्ष अजय कुमार कुशवाहा के भतीजे और डेहरी शहर के डॉ. निर्मल कुमार कुशवाहा के पुत्र आनंद प्रकाश अपने दोस्तों के साथ दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी को टॉप स्पीड पर चलाने की बात हुई और गाड़ी 90 से 229 किमी/घंटा की रफ्तार चंद सेकंड में पकड़ लेती है। इतनी तेज रफ्तार में BMW खड़े कंटेनर से जा टकराई।
BMW की स्पीड और घटना के बाद की तस्वीरों को देखने से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि जब यह टक्कर हुई होगी तो स्थिति कितनी भयानक रही होगी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो पर तमाम लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अंजनी कुमार पाण्डेय ने लिखा कि 230 किमी प्रति घंटा, पगला गए थे क्या? परेशानी मुक्त और ट्रैफिक की भीड़ से बचने के लिए एक्सप्रेस वे बनाए जाते हैं। वे सड़क पर उड़ने, बहुत तेज गति से वाहन चलाने के लिए नहीं बने हैं।
प्रेमनाथ कुमार नाम के यूजर ने लिखा कि इन्हें क्या मालूम था कि ये आगे सड़क हीं धोखा दे देगी? ये तो यही सोच रहे होंगे कि आगरा एक्सप्रेसवे की तरह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे भी स्पीड के लिए ही बेहतर बनाई गई होगी। सुनील राठौर नाम के यूजर ने लिखा कि पब्लिक रोड में चलने वाली गाड़ी की इतनी स्पीड कंपनी को देनी ही नहीं चाहिए।