किस्मत के सितारे कब बुलंद हो जाए ये कोई नहीं जानता। अमेरिका के अरकांसास में एक शख्स के साथ कुछ ऐसा ही हुआ, जब सालों से जमीन में कीमती रत्न तलाश रहे जैक पियराडिन (Jack Pearadin) को आखिरकार 6.03 कैरेट का पीला हीरा मिल गया। यह उनकी एक दशक से ज्यादा समय की तलाश में मिली अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी है। यह बेशकीमती हीरा उन्हें क्रेटर ऑफ डायमंड्स स्टेट पार्क में मिला। अब सवाल ये उठता है कि अमेरिका के इस शख्स को हीरा कैसे मिला, उसे कैसे पता चला कि हीरा वहीं है? आप जानते हैं कि दुनिया में इससे बड़े साइज के हीरे भी मौजूद हैं। दुनिया का सबसे बड़ा हीरा कहां से मिला? जानिए सारे सवालों के जवाब।

अमेरिका में शख्स को कैसे मिला 6 कैरेट का हीरा?

एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक जैक पियराडिन पिछले दस सालों से अपने दोस्त माइकल शूमाकर के साथ हीरे की तलाश कर रहे थे। उनकी ये तलाश साल 2013 से शुरु हुई थी। जैक अब तक 300 से ज्यादा हीरे खोज चुके हैं। हालांकि आपको बता दें कि जैक को इस बार जो हीरा मिला है वो उनके बाकी हीरों की खोज में सबसे नायाब और बड़ा हीरा है। जैक ने अपनी हीरे की इस खोज का वीडियो टिक टॉक पर लाइव स्ट्रीम भी किया। जैक वीडियो में हीरे को साफ करते हुए भी नजर आए। जैक को जैसे ही पत्थर के रूप में हीरा दिखाई दिया, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

6 कैरेट के हीरे की कितनी है कीमत?

रिपोर्ट के मुताबिक इस हीरे की कीमत लगभग दस लाख डॉलर आंकी जा रही है यानी 9 करोड़ रूपये। प्रमाणित कीमती पत्थरों की कीमत बताने वाला विशेषज्ञ लॉरा स्टेनली के मुताबिक, इस आकार का हाई क्वालिटी वाला पीला हीरा करीब 2.5 लाख डॉलर यानी लगभग 2.2 करोड़ रुपये का हो सकता है। हीरे की वास्तविक कीमत उसकी गुणवत्ता, रंग, शुद्धता, कटिंग और प्रमाणन जैसी चीजों पर निर्भर करती है।

किस जगह से मिला ये कीमती हीरा

अमेरिका के अर्कांसस में स्थित क्रेटर ऑफ डायमंड्स स्टेट पार्क हीरों के लिए मशहूर है। हैरानी की बात ये हैं कि यहां आने वाले लोगों को जमीन से हीरे तलाशने और उसके मिलने पर पास रखने की इज़ाज़त है। यही वजह है कि यह जगह रत्नों की खोज में दिलचस्पी रखने वाले लोगों को आकर्षित करती है। इस पार्क में मिला सबसे प्रसिद्ध हीरा ‘अंकल सैम’ (Uncle Sam) है जो साल 1924 में मिला था।  यह हीरा 40.23 कैरेट का था। बाद में इसे काटकर 12.42 कैरेट का रत्न बनाया गया। अब यह स्मिथसोनियन नेशनल म्यूजियम ऑफ नेचुरल हिस्ट्री के संग्रह का हिस्सा है।

दुनिया के सबसे बड़े हीरे कहां मिले?

दुनिया के सबसे बड़े कच्चे हीरों में से कई दक्षिणी अफ्रीका के देशों में मिले हैं। इनमें दक्षिण अफ्रीका और बोत्सवाना प्रमुख हैं। दक्षिण अफ्रीका में प्रिटोरिया के पास साल 1905 में कुल्लिनन हीरे की खोज हुई थी। इसका कच्चा वजन 3,106.75 कैरेट था। इसे अब तक खोजा गया सबसे बड़ा रत्न-गुणवत्ता वाला कच्चा हीरा माना जाता है। बाद में इसे कई हिस्सों में काटा गया। इनमें से एक प्रमुख हिस्सा कुल्लिनन-I है, जो ब्रिटिश शाही आभूषणों का हिस्सा है।

मोट्सवेदी हीरा , बोत्सवाना

कनाडा की खनन कंपनी लुकारा डायमंड कॉर्प ने अगस्त 2024 में बोत्सवाना की कारोवे खदान में 2,492 कैरेट के एक विशाल हीरे की खोज की थी। इस हीरे का नाम बाद में मोट्सवेदी रखा गया। यह दुनिया में खोजे गए सबसे बड़े कच्चे हीरों में शामिल है। साल 2025 में जेमोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ अमेरिका (GIA) ने भी इस हीरे की जांच की।

लेसेडी ला रोना , बोत्सवाना

बोत्सवाना की कारोवे खदान में साल 2015 में 1,109 कैरेट का लेसेडी ला रोना हीरा मिला था। यह भी दुनिया के सबसे चर्चित बड़े कच्चे हीरों में शामिल है। बाद में इसे काटकर 302.37 कैरेट का पॉलिश किया हुआ हीरा बनाया गया।

जमीन में हीरे कहां से आते हैं?

हीरे धरती की गहराई में अत्यधिक तापमान और दबाव की परिस्थितियों में बनते हैं। ज्वालामुखीय गतिविधियों के कारण ये धरती की सतह के करीब पहुंच सकते हैं। इसके बाद प्राकृतिक प्रक्रियाओं के जरिए आसपास की जमीन में बिखर सकते हैं। कीमती पत्थरों की कीमत बताने वाला विशेषज्ञ के मुताबिक अमेरिका में हीरों के प्राथमिक प्राकृतिक भंडार बहुत कम ज्ञात हैं। ऐसे में क्रेटर ऑफ डायमंड्स स्टेट पार्क खास है, क्योंकि यहां आम लोग भी किसी व्यावसायिक खदान तक पहुंच के बिना हीरे खोज सकते हैं।

हीरे की खोज ने कैसे जैक की बदली है तकदीर?

जैक पियराडिन को उम्मीद है कि इस खोज से उन्हें अपनी क्रिस्टल खदान शुरू करने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस खोज में साथ देने वाले अपने दोस्त माइकल शूमाकर के साथ हीरे से मिलने वाली रकम साझा करने की योजना बनाई है। जैक का मानना है कि पिछले दस सालों की खोज के बाद जैक को मिली ये कामयाबी उनकी मेहनत का परिणाम है।

डिस्क्लेमर: इस लेख में हीरे की कीमत से जुड़े आंकड़े विभिन्न रिपोर्टों और विशेषज्ञों के अनुमान पर आधारित हैं। हीरे की वास्तविक कीमत उसकी गुणवत्ता, रंग, शुद्धता और प्रमाणन के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।