महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में जब तीन स्कूली छात्राओं ने स्कूल के रास्ते में गड्ढों वाली सड़क का एक वीडियो बनाया तो उन्हें अंदाज़ा नहीं था कि उन्हें इतनी जबरदस्त प्रतिक्रिया मिलेगी। वीडियो में एक स्कूली छात्रा ‘रिपोर्टर’ की भूमिका निभाते हुए अपनी सहेली का साक्षात्कार करती दिखती है।
वीडियो में ये छात्राएं कर्जत तहसील में खांडपे-कोंडीवाडे सड़क की खराब हालत के बारे में बात करती हुई दिखती हैं, जबकि तीसरी छात्रा कैमरामैन बनकर अपने मोबाइल फोन पर बातचीत को रिकॉर्ड करती है, यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
छात्रा बनी रिपोर्टर
वीडियो में सड़क के बीचों-बीच खड़ी तीन छात्राओं में से एक छात्रा एक बंद छतरी को माइक की तरह पकड़े हुए सवाल करती है, ”क्या सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क है?” वीडियो के आखिर में छात्रा यह कहते हुए सुनी जा सकती है, ”मैं हूं रिपोर्टर नेहा घारे और मेरे साथ हैं कैमरामैन मानसी पवार।”
विधायक ने रातों रात ठीक कराई सड़क
गड्ढों वाली इस सड़क को लेकर स्कूली छात्राओं के इस अनोखे अंदाज ने जल्द ही सबका ध्यान खींचा, जिसके बाद स्थानीय विधायक महेंद्र थोर्वे ने लगभग रातों-रात गड्ढे भरवा दिए।
राज्य में सत्तारूढ़ शिवसेना के विधायक थोर्वे ने कहा, ”भारी बारिश के कारण सड़क का कुछ हिस्सा बह गया था। मानसून बीत जाने के बाद इस सड़क को नयी सड़की के जैसा बना दिया जायेगा।” इस वीडियो के सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद सड़क मरम्मत का कार्य शुरू हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासन ने इस पर ध्यान दिया और बाद में सड़क की मरम्मत की गई। अपनी कम्युनिटी से जुड़े मुद्दे पर आवाज़ उठाने के लिए लड़कियों को उनके परिवारों, ग्रामीणों और राजनीतिक नेताओं से तारीफ़ मिली है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे के भी इन छात्राओं से मिलने की उम्मीद है। वहीं, उनके माता-पिता को इस बात पर गर्व है कि लड़कियों ने एक ऐसे नागरिक मुद्दे को उठाया जो उन्हें और उनके आस-पास के लोगों को प्रभावित कर रहा था।
नेहा के पिता आत्माराम घारे ने कहा, “हमें अपनी बेटियों के काम पर गर्व है। सरकार को ऐसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।” 10वीं कक्षा की इन तीन छात्राओं के लिए, जो काम उनके घर के बाहर की सड़क की स्थिति को दिखाने के एक रचनात्मक तरीके के तौर पर शुरू हुआ था, वह लाखों लोगों तक पहुँचा और उससे भी ज़रूरी बात यह हुई कि सड़क की मरम्मत हो गई।
यह भी पढ़ें- “मुंबई का सिंघम” एफडीए के कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने दोस्तों के लिए बनाई चाय
Tukaram Mundhe Makes Tea for Friends, Video Goes Viral: महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंढे भले ही पूरे राज्य में फ़ूड सेफ़्टी की देखरेख करते हैं लेकिन वीडियो में वे बस एक मेज़बान नजर आ रहे हैं जो दोस्तों के लिए चाय बना रहे हैं। रोहन भामकर के इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में मुंढे को एक कार्यक्रम के बाद अपने घर पर दोस्तों के लिए चाय बनाते हुए देखा जा सकता है। और अधिक पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
