स्कूल में जब मां का दिया टिफिन बॉक्स खुलता है, तो दिल में मनपसंद सैंडविच की उम्मीद होती है… लेकिन जब उसमें से निकली आलू की सब्जी, तो मासूमियत से भरा रिएक्शन आना तो तय है! सोशल मीडिया पर इन दिनों एक छोटी सी बच्ची का वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसने अपनी मासूम सी निराशा और क्यूट एक्सप्रेशन्स से लाखों लोगों का दिल जीत लिया है। सैंडविच की जगह आलू की सब्जी मिलने पर बच्ची ने जिस अंदाज़ में अपनी प्रतिक्रिया दी, उसे देखकर आप भी अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे…
टिफिन खोलते ही बच्ची के चेहरे पर छाई मायूसी
तस्वीर में स्कूल की यूनिफॉर्म पहने एक छोटी बच्ची लंच ब्रेक के दौरान अपना टिफिन खोलती नजर आ रही है। उसे उम्मीद होती है कि टिफिन में उसकी पसंद का सैंडविच मिलेगा, लेकिन जैसे ही वह डिब्बा खोलती है, अंदर आलू की सब्जी देखकर उसका चेहरा उतर जाता है। बच्ची की मासूम नाराजगी उसके हाव-भाव में साफ झलकती है। वह अपनी डेस्क से नीचे उतर जाती है और रोने जैसी शक्ल बना लेती है।
बच्ची की इस प्यारी-सी अदा ने लोगों का ध्यान खींच लिया है। पोस्ट के साथ दिए गए कैप्शन के मुताबिक, बच्ची को उम्मीद थी कि आज टिफिन में सैंडविच मिलेगा, लेकिन उसमें फिर से आलू की सब्जी ही थी। पसंदीदा खाने की उम्मीद टूटने पर उसके चेहरे पर दिखी मायूसी और मासूम भाव ने लोगों का दिल जीत लिया।
बचपन और टिफिन की पुरानी यादें
इस वीडियो को देखने वालों को भी अपने बचपन के स्कूल के दिनों की याद आ सकती है। हम सभी ने कभी न कभी स्कूल टिफिन में अपनी पसंद की मैगी, पास्ता या सैंडविच की उम्मीद की है और अंदर लौकी, तरोई या आलू-गोभी देखकर दिल टूटता है। इस वीडियो ने लोगों की बचपन की यादे ताजा कर दी। लोग सोचने पर मजबूर हो गए कि कैसे स्कूल की असेंबली से ही उनका ध्यान टिफिन पर होता था और टिफिन खुलते ही उम्मीदों पर पानी फिर जाता था।
वायरल वीडियो में बच्ची का मासूम रिएक्शन भी कुछ ऐसी ही यादों को ताजा करता है। सैंडविच की उम्मीद में टिफिन खोलना और उसमें फिर से आलू की सब्जी देखकर मायूस हो जाना बचपन की उन छोटी-छोटी बातों की याद दिलाता है, जो उस समय बहुत बड़ी लगती थीं। आज भले ही उन घटनाओं को याद करके हंसी आती हो, लेकिन उस वक्त मनपसंद खाना न मिलने की निराशा बिल्कुल असली होती थी। यही वजह है कि स्कूल के टिफिन से जुड़ी ऐसी छोटी-छोटी घटनाएं लोगों को अपने बचपन से जोड़ देती हैं। पसंदीदा खाने की फरमाइश, मां के हाथ का खाना, दोस्तों के साथ टिफिन साझा करना और अपनी पसंद की चीज न मिलने पर नाराज हो जाना ये सभी यादें बचपन का खास हिस्सा रही हैं।
सोशल मीडिया यूजर्स के रिएक्शन
सोशल मीडिया पर मासूम बच्ची का रिएक्शन देखकर यूजर्स अपना भी रिएक्शंस दे रहे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि बच्ची का दर्द सिर्फ वही समझ सकता हैं जो आलू-पूरी की उम्मीद में रोज कद्दू खाता है। एक यूजर्स ने लिखा कि बच्ची को रोज सैंडविच लंच में दिया करो इसका बिल मैं चुका दूंगा। किसी महिला ने कहा कि सही लंच दिया है तो किसी ने कहा मुझे अगर मनचाहा लंच नहीं मिलता था तो मैं उसे फेंक देता था। किसी ने बच्चे का चेहर देखते हुए भावुक मैसेज कर दिया। बच्चों का दिल बहुत नाजुक होता है। बच्ची के चेहरे का रिएक्शन देखकर लोग बच्ची के सपोर्ट में आ गए हैं और मज़ाकिया अंदाज़ में मां की ‘आलू भक्ति’ पर कमेंट्स करने लगे।
मां का प्यार vs बच्चे की पसंद
हर मां की पहली प्राथमिकता अपने बच्चे की सेहत होती है, जबकि बच्चों के लिए खाने में स्वाद और अपनी पसंद ज्यादा मायने रखती है। मां चाहती है कि बच्चा ऐसा पौष्टिक खाना खाएं, जो उसके शारीरिक विकास के साथ-साथ दिमागी विकास में भी मदद करे। लेकिन आजकल कई बच्चों की पसंद सैंडविच, बर्गर, चाउमीन, पास्ता और दूसरे फास्ट फूड तक सीमित होती जा रही है।
हालांकि, हर फास्ट फूड या सैंडविच को अनहेल्दी कहना सही नहीं है। लेकिन अगर बच्चों की डाइट में ज्यादा नमक, चीनी, अनहेल्दी फैट और कम पोषक तत्वों वाले खाद्य पदार्थ नियमित रूप से शामिल हों, तो इससे वजन बढ़ने और पोषण की कमी जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। बच्चों के बेहतर विकास के लिए उनकी डाइट में संतुलित मात्रा में प्रोटीन, फल, सब्जियां, साबुत अनाज और दूसरे जरूरी पोषक तत्व शामिल करना जरूरी है।
ऐसे में मांओं को चाहिए कि वे बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए टिफिन में हेल्दी और स्वादिष्ट विकल्प दें। खाने को आकर्षक तरीके से सर्व करना और बच्चों को उनकी पसंद का लंच चुनने में उनकी राय को शामिल करना मददगार हो सकता है। वीडियो में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिलता है। मां ने प्यार और बच्चे की सेहत की चिंता करते हुए टिफिन में आलू की सब्जी दी, लेकिन बच्ची को तो सैंडविच का क्रंच और अपनी पसंद का स्वाद चाहिए था! यह छोटा-सा पल बताता है कि बच्चों को पौष्टिक खाना खिलाने के लिए सिर्फ प्यार ही नहीं, बल्कि उनकी पसंद और खाने की आदतों को समझना भी जरूरी है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और उससे जुड़ी प्रतिक्रियाओं पर आधारित है। बच्चों के खानपान से संबंधित जानकारी सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से दी गई है। हर बच्चे की पोषण संबंधी जरूरतें अलग हो सकती हैं। बच्चों की उम्र और जरूरत के अनुसार संतुलित आहार के लिए विशेषज्ञ की सलाह लेना उचित है।
