हमारा नाम ही हमारी पहचान है। घर हो, ऑफिस हो या सोशल लाइफ, किसी भी व्यक्ति को पहचानने का पहला जरिया उसका नाम होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में एक ऐसा गांव भी है, जहां लोगों को सिर्फ नाम से नहीं, बल्कि एक खास संगीतमय धुन से भी पहचाना जाता है? मेघालय के कोंगथोंग गांव में सदियों पुरानी यह अनूठी परंपरा आज भी जिंदा है। इसे ‘व्हिसलिंग विलेज’ यानी ‘सीटी वाला गांव’ भी कहा जाता है। यहां मां अपने बच्चे के जन्म के बाद उसे एक खास धुन देती है, जो उसकी पहचान बन जाती है। इस धुन के जरिए लोग एक-दूसरे को बुलाते हैं। आइए, जानते हैं मेघालय के इस अनोखे गांव और इसकी सदियों पुरानी लोक-परंपरा के बारे में…
कहां है ये गांव और कैसे बनी ये परम्परा?
मेघालय के खासी पहाड़ियों के बीच बसा ‘कोंगथोंग’ (Kongthong) गांव अपनी इस अनूठी परंपरा के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। यहां लोग एक-दूसरे को नाम से नहीं, बल्कि एक खास और सुरीली धुन से बुलाते हैं। इस अनोखी सांस्कृतिक परंपरा को स्थानीय भाषा में ‘जिंगरवाई इआवबेई’ (Jingrwai Iawbei) कहा जाता है। यहां लोगों को एक-दूसरे को बुलाने के लिए हमेशा शब्दों की जरूरत नहीं पड़ती। कोई किसी को आवाज देता है, तो जवाब में दूसरी ओर से एक सुरीली धुन सुनाई देती है। पहाड़ियों के बीच गूंजती ये आवाजें किसी लोकगीत जैसी लगती हैं।
कल्पना कीजिए कि आप मेघालय के किसी खूबसूरत गांव में घूम रहे हैं। तभी अचानक आपको किसी पक्षी जैसी मधुर आवाज सुनाई देती है। कुछ देर बाद पास के घर से दूसरी धुन सुनाई देती है। पहली बार सुनने वाले को लग सकता है कि आसपास कोई गीत गा रहा है, लेकिन कोंगथोंग में हो सकता है कि कोई अपने दोस्त को दोपहर के खाने के लिए बुला रहा हो। यही खासियत इस गांव को देश की अनोखी जगहों में शामिल करती है।
सोशल मीडिया पर चर्चा में आया गांव
कोंगथोंग गांव की इस अनोखी परंपरा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आया। इसे यात्री साक्षी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट (@thatgirl_sakshi) पर शेयर किया था। वीडियो में गांव के रोजमर्रा के जीवन और यहां की खास संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। इस गांव को ‘व्हिसलिंग विलेज’ यानी सीटी वाला गांव और ‘सिंगिंग विलेज’ यानी गाने वाला गांव भी कहा जाता है। यह परंपरा केवल कोंगथोंग तक सीमित नहीं है। स्थानीय जानकारियों के अनुसार, खातारशनोंग क्षेत्र के 22 से अधिक गांवों में भी इस सांस्कृतिक परंपरा का इतिहास रहा है।
गांव में हर इंसान की अपनी धुन कैसे निश्चित होती है?
इस गांव में हर इंसान का अपना है एक खास धुन होती है जो मां जन्म के समय अपने बच्चे को देती है। इस परंपरा को ‘जिंगरवाई इयावबेई’ कहा जाता है, जिसका मतलब ‘मां का प्रेम गीत’ होता है। गांव के लोगों के मुताबिक, हर व्यक्ति की धुन की अपनी अलग पहचान होती है, जिससे उसे दूसरे लोगों की धुन से अलग पहचाना जा सकता है। यह परंपरा सुनने में जितनी अनोखी लगती है, इसके पीछे का सांस्कृतिक महत्व भी उतना ही खास है। खासी समुदाय की परंपरा में ‘इयावबेई’ का संबंध पूर्वज माता से है। इस तरह ये धुनें केवल लोगों को बुलाने का तरीका नहीं, बल्कि परिवार, पूर्वजों और समुदाय से जुड़ाव का प्रतीक भी हैं।
इस गांव से जुड़ी स्थानीय परंपरा के मुताबिक जब किसी व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है, तो उसकी धुन भी उसके साथ ही समाप्त हो जाती है। उस धुन को किसी दूसरे इंसान को नहीं दिया जाता। इस तरह हर धुन उस व्यक्ति की अपनी पहचान और जीवन से जुड़ी रहती है।
संयुक्त राष्ट्र की पहल तक पहुंची कोंगथोंग की पहचान
कोंगथोंग की अनोखी सांस्कृतिक विरासत ने देश ही नहीं बल्कि दुनिया के लोगों का भी ध्यान खींचा है। साल 2021 में भारत के पर्यटन मंत्रालय ने इस गांव को संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (UNWTO) की ‘बेस्ट टूरिज्म विलेज’ पहल के लिए नामांकित करने की सिफारिश की थी।
डिस्क्लेमर : इस लेख में दी गई जानकारी उपलब्ध स्रोतों और स्थानीय परंपराओं पर आधारित है। गांव की सांस्कृतिक परंपराओं में समय के साथ बदलाव संभव है।
