Wayanad landslide CCTV Video: केरल के वायनाड में भूस्खलन से हुई तबाही के कुछ सेकंड पहले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, यह घटना कल्लाडी के मीनाक्षी पुल के पास की है। सोशल मीडिया पर भूस्खलन का वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में मलबे का बड़ा हिस्सा सड़क पर गिरता हुआ नजर आ रहा है, जिससे लोग दहशत में आ गए और फिर वहां तबाही का मंजर नजर आ रहा है। भूस्खलन टनल रोड प्रोजेक्ट के पास हुआ है जो वायनाड और मलप्पुरम जिलों को जोड़ती है। इसी जगह पर निर्माण का काम चल रहा था।
नए वीडियो में मिट्टी और मलबे की एक बड़ी लहर को पहाड़ी से नीचे की ओर आते हुए दिखाई दे रही है, वहीं मजदूर और राहगीर अपनी जान बचाने के लिए भागते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा एक बड़े टैंकर ट्रक को भी मलबे में बहते हुए देखा जा सकता है, जबकि कई लोग उस इलाके के मलबे में डूबने से कुछ पल पहले अपनी जान बचाने के लिए भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो के अनुसार, भूस्खलन अचानक आया और टनल के पास मजदूरों और स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। इस भयानक पल को याद करते हुए एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, “हमने पहले एक अजीब सी आवाज सुनी, और हम सभी दुकान से भागने लगे। पहले हमने मिट्टी का एक छोटा सा हिस्सा नीचे खिसकते देखा… जब हमने आवाज सुनी और बाहर आए तो छोटा भूस्खलन अचानक एक बड़े हादसे में बदल गया। हमने पास मौजूद सभी लोगों को वहां से दूर जाने के लिए कहा। कुछ लोग बस स्टॉप पर इंतजार कर रहे थे, और वहीं कुछ मजदूर उस इलाके में काम कर रहे थे। जब हम उन्हें भागने के लिए कह रहे थे, पुल के दूसरी तरफ एक टैंकर लॉरी भूस्खलन में बह गई और हमारी तरफ आ गई… मुझे लगता है कि करीब 10-15 लोग दब गए। अभी तक, चार लोगों को बचाया जा चुका है… हम अभी भी नहीं जानते कि पुल पर मौजूद लोग नदी में गिर गए या मलबे के नीचे दब गए हैं।” फिलहाल घटनास्थल पर कुछ लोगों के मौत ही खबर आ रहा है, वहीं राहत बचाव का काम जारी है।
