जिस उम्र में अक्सर लोगों की आंखों की रोशनी कमजोर होने लगती है और शारीरिक क्षमताएं धीरे-धीरे कम होने लगती हैं, उसी उम्र में एक बुजुर्ग महिला अपने अनोखे अंदाज में बच्चों को तालीम देती नजर आ रही हैं। जमीन पर बिछी रेत पर वह लकड़ी की मदद से कभी अ, आ तो कभी इ, ई जैसे अक्षर लिखकर बच्चों को सिखाती हैं। इसके बाद वह रेत को हाथों से समतल कर देती हैं, ताकि बच्चे दोबारा अभ्यास कर सकें।
बच्चे भी इस अनोखे तरीके से पूरे उत्साह और आनंद के साथ अक्षरों का ज्ञान लेते नजर आते हैं। पढ़ाने के इस अंदाज के लिए दादी मां को न किसी विशेष कक्षा की जरूरत है और न ही ब्लैकबोर्ड की। बेहद सादगी और धैर्य के साथ बच्चों को शिक्षा देते दादी मां का यह अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है।
कहां का है ये मामला ?
बिना कॉपी किताब के अक्षरों का ज्ञान देने वाली दादी का ये वीडियो केरल का है जो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रही है। जहां आजकल बच्चे लग्जरी क्लास में डेस्क और बेंच पर बैठकर पढ़ाई करते हैं वहीं ये बच्चे जमीन पर बैठकर बेहद मजेदार और रोचक अंदाज में अक्षरों का ज्ञान ले रहे हैं। बच्चों के पढ़ने का ये अंदाज लोगों को बेहद भा रहा है। जिस खूबसूरत अंदाज में दादी बच्चों को खेल-खेल में अक्षरों का ज्ञान दे रही है वो बेहद रोचक है जिससे साफ ज़ाहिर होता है सीखने की लगन और सीखने का जज्बा किसी मेहंगे संसाधनों का मोहताज नहीं है।
दादी की पहचान कैसे और किस नाम से होती है?
केरल अलाप्पुझा जिले के इरुवकाड क्षेत्र में रहने वाली ये दादी आशाट्टी अम्मुम्मा (Ashaatti Ammumma) के नाम से पहचानी जाती है। लोग इन्हें इंदिरा अम्मा (Indira Amma) के नाम से भी जानते हैं। 85 साल की उम्र में जहां लोग आमतौर पर बिस्तर ही पकड़े रहते हैं उस उम्र में इंदिरा अम्मा बच्चों को कर्सिव राइटिंग सिखाती हैं। बच्चों को रेत पर अक्षर और अंग्रेजी की कर्सिव राइटिंग सिखाने वाली ये बुजुर्ग महिला सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है। अम्मा का ये वीडियो Mom of Safaachiii’ नाम के अकाउंट से साझा किया गया है। इस वीडियो में दादी खुले आंगन में बैठकर बच्चों को हिन्दी और इंग्लिश के अक्षरों को लिखना सिखा रही हैं। बच्चे जमीन पर पालथी मारकर बैठे हैं और लिखना पढ़ना सीख रहे हैं।
जमीन पर पड़ी रेत बन गई है नेचुरल स्लेट
जमीन पर पड़ी रेत पर लकड़ी से लिखती और फिर मिटाती दादी का ये अंदाज चॉक और स्लेट का काम कर रहा है। गलतियां सुधारने और दोबारा लिखने का ये आसान तरीका बच्चे बिना किसी दबाव के आराम से सीख रहे हैं। अगर बच्चों से कुछ अक्षर गलत बन जाता है, तो रेत को दोबारा समतल करके वे फिर से लिखना शुरू कर देते हैं। इस आसान तरीके से बच्चे बिना कागज, कलम के आसानी से अक्षरों को समझ रहे हैं और सीखने की प्रक्रिया भी उनके लिए बेहद रोचक बनी हुई है।
लोगों को क्यों पसंद आ रहा है पढ़ाने का अंदाज
दादी मां के पढ़ाने का अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों को खूब भा रहा है। दादी मां बेहद रोचक अंदाज में बच्चों को खेल खेल में पढ़ा रही है। बिना किसी संसाधनों के बिना किसी खास माहौल के वो बच्चों को पढ़ाई की तरफ बांधे हुए हैं। बच्चे जहां खेल कूद में दिलचस्पी ज्यादा लेते है, उन्हें उन्ही के अंदाज में पढ़ाने का हुनर लोगों का दिल जीत रहा है। इस वीडियो के जरिए दादी मां का बच्चों के प्रति अपनापन और उन्हें सिखाने का आसान तरीका लोगों का ध्यान खींच रहा है। उनका यह प्रयास याद दिलाता है कि सीखने की शुरुआत किसी बड़ी कक्षा या महंगी किताब से ही हो, यह जरूरी नहीं है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में लिखी गई सारी जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के हिसाब से दी गई है इसमें जनसत्ता की अपनी राय शामिल नहीं है।
