प्रवासी भारतीय सम्मेलन (Pravasi Bharatiya Divas) को लेकर इंदौर में कई तरह की तैयारियां की गई। इसी क्रम में इंदौर नगर निगम इंदौर ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के रंग में फुटपाथ को भी रंग दिया। जिसको लेकर कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी (Imran Pratapgarhi) और समाजवादी पार्टी के नेता राजीव राय (Rajiv Rai) ने सोशल मीडिया (Social Media) के जरिए बीजेपी (BJP) पर हमला बोला। वहीं, आम सोशल मीडिया यूजर्स ने भी बीजेपी पर कटाक्ष किया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि फुटपाथ को तिरंगे के रंग में रंग दिया गया है। इसको लेकर कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति जताते हुए कहा है कि रंग को लेकर सियासत करने वाली भारतीय जनता पार्टी ने तिरंगे का अपमान किया है। जानकारी के लिए बता दें कि मध्य प्रदेश के इंदौर में तीन दिवसीय प्रवासी भारतीय सम्मेलन चल रहा है। जिसमें 70 देशों से 35 सौ से अधिक प्रवासी हिस्सा ले रहे।
कांग्रेस और सपा नेता ने बीजेपी पर कसा तंज
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने इस तस्वीर को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर कर लिखा, “ये शर्मनाक तस्वीर मध्यप्रदेश के इंदौर से आई है, रंगो के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा ने पुल के फुटपाथ को तिरंगे के कलर से सजाया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी, क्या इन रंगों का स्थान सही है?” समाजवादी पार्टी के नेता राजीव राय ने कमेंट किया कि क्या उम्मीद करें उन लोगों से जिन्होंने तिरंगे के बदले अंग्रेजों से पेंशन चुना।
सोशल मीडिया यूजर्स के रिएक्शन
रजत कुमार नाम के एक टि्वटर यूजर लिखते हैं कि तिरंगे का अपमान आज से नहीं भाजपा हमेशा से ही करती आई है। आयशा खान नाम की एक ट्विटर यूजर ने कमेंट किया, “यह केवल तिरंगे का अपमान किया गया है।” प्रियंका आचार्य नाम की एक टि्वटर यूजर्स ने बीजेपी पर तंज कसते हुए लिखा कि कोई भी फर्क बीजेपी वालों को नहीं पड़ता क्योंकि यह हमेशा धर्मवाद और जातिवाद के नाम पर कंपनी चलाते हैं लेकिन मां भारती का कभी भी सम्मान नहीं करते।
प्रशांत वर्मा नाम की एक यूजर ने लिखा, ” जब तक उसमें अशोक चक्र नहीं बनाया जाता है तब तक वह तिरंगा नहीं कहा जा सकता।” साकिब नावेद नाम की एक यूजर ने पूछा कि अब बायकाट गैंग कहां गायब हो गया, वैसे भाजपा वाले देश की अस्मिता अखंडता को ठेस पहुंचाने का कोई भी मौका नहीं छोड़ते। अनिल नाम के एक यूजर ने पूछा कि हर बात पर अपनी भावनाएं आहत करने वाले एमपी के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा इस पर कब बोलेंगे?