Flight Viral Video: सोशल मीडिया पर IndiGo की एक फ्लाइट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ यात्री अपनी सीटों से उठकर गलियारे में घूमते और एक-दूसरे को खाना पास करते हुए नजर आ रहे हैं। जिन लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया उन्होंने बताया कि केबिन क्रू कई बार इन घूमने वाले यात्रियों को अपनी सीट पर बैठने की हिदायत दे रही थीं, लेकिन विमान में सवार यात्री अपनी सीट से उठकर इधर-उधर घूमते रहे। विमान में यात्री क्रू मेंबर के निर्देशों को लगातार नजरअंदाज करते नजर आए।

कहां जा रही थी फ्लाइट

वीडियो के मुताबिक एक फ्लाइट थाईलैंड के कराबी से नई दिल्ली जा रही थी। वीडियो शेयर करने वाले यात्री ने बताया उस समय  फ्लाइट में टर्बूलेंस के चलते सीट बेल्ट साइन भी ऑन था। इसके बावजूद कुछ लोग गलियारे में खड़े होकर आपस में बातचीत और खाना बांटते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे ‘लोकल ट्रेन’ जैसा माहौल बताया।

क्या दिख रहा है वायरल वीडियो में?

वायरल क्लिप में फ्लाइट की पहली पंक्तियों में बैठे कुछ यात्री अपनी सीटों से उठते हुए दिखाई दे रहे हैं तो कुछ लोग आगे-पीछे बैठे अपने फैमिली मेंबर से बातचीत करते हुए और खाना शेयर करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में  केबिन क्रू मेंबर यात्रियों को बीच से गुजरते हुए उन्हें संभालने की कोशिश करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

किसने किया वीडियो शेयर

सूत्रो के मुताबिक इंडिगो फ्लाइट का ये वीडियो फ्लाइट में सवार नीरज प्रियंका चौधरी ने किया है। चौधरी ने बताया Rows 1 से 5 में बैठे कुछ यात्री लगातार शोर कर रहे थे और खाना एक-दूसरे के साथ शेयर कर रहे थे। विमान में इस तरह की भाग-दौड़ चल रही थी जैसे यात्री फ्लाइट में नहीं बल्कि ट्रेन में सफर कर रहे हैं। उन्होंने वीडियो में कहा कि उनकी आपत्ति खाना खाने को लेकर नहीं थी, बल्कि सेफ्टी नॉर्म्स को नजरअंदाज करने और दूसरे यात्रियों को होने वाली परेशानी को लेकर थी।

सीट बेल्ट साइन ऑन था फिर भी लगी थी भागदौड़

फ्लाइट में टर्बूलेंस के कारण सीट बेल्ट साइन ऑन किया गया था ताकि यात्री अपनी सीट पर बैठकर सीट बेल्ट को बांधलें। इस सूचना को नजरअंदाज करते हुए कुछ यात्री तो अपनी सीट पर ही नहीं थे, बल्कि दूसरों की सीट के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। वीडियो में जिक्र किया गया है कि जब इन भागदौड़ करने वाले यात्रियों के बारे में क्रू मेंबर को बोला गया तो उन्होंने जवाब दिया ‘सर ये लोग सुन ही नहीं रहे।

सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने यात्रियों के व्यवहार पर सवाल उठाए। कुछ लोगों ने कहा कि अगर कोई यात्री बार-बार सुरक्षा निर्देशों को नजरअंदाज करता है तो एयरलाइन को उसके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने फ्लाइट के माहौल की तुलना मजाकिया अंदाज में ‘लोकल ट्रेन’ से की। हालांकि वायरल वीडियो और यात्री के दावों के आधार पर घटना की पूरी परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। IndiGo की ओर से इस वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

डिस्क्लेमर: यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और वीडियो शेयर करने वाले यात्री के दावों पर आधारित है। घटना की पूरी परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। खबर प्रकाशित किए जाने तक IndiGo की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।