भारतीय रेलवे की सेवाओं को लेकर अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा होती रहती है, लेकिन इस बार मामला कुछ अलग है। इंटरनेट पर अब रेलवे की तुलना Blinkit जैसी क्विक-कॉमर्स सर्विस से की जा रही है। वजह है एक पैसेंज का अनुभव, जिसने ट्रेन में सफर के दौरान अपने 6 महीने के बच्चे के लिए डायपर की जरूरत पड़ने पर रेलवे से मदद मांगी। आमतौर पर घर बैठे कुछ मिनटों में सामान पहुंचाने वाली Blinkit की चर्चा तो आपने खूब सुनी होगी, लेकिन क्या ट्रेन में सफर के दौरान भी किसी की जरूरत इतनी जल्दी पूरी हो सकती है?
दरअसल, एक यात्री अपनी पत्नी और 6 महीने के बच्चे के साथ ट्रेन में सफर कर रहा था। सफर के बीच बच्चे के डायपर खत्म हो गए और परिवार के सामने एक मुश्किल खड़ी हो गई। ऐसे में यात्री ने मदद के लिए रेलवे के शिकायत निवारण प्लेटफॉर्म RailMadad का सहारा लिया। इसके बाद जो हुआ, उसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी। जहां कुछ लोग रेलवे की तत्परता की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ ने सवाल उठाया कि क्या भारतीय रेलवे अब Blinkit की तरह सामान भी पहुंचाने लगा है? आइए जानते हैं पूरा मामला।
10 मिनट में आया फोन, फिर अगले स्टॉपेज पर क्या हुआ?
X पर Debiprasad नाम के यात्री ने अपना रेलवे का अनुभव साझा करते हुए बताया कि सफर के दौरान उनके 6 महीने के बच्चे के छोटे साइज के डायपर खत्म हो गए थे। उन्होंने सुबह 10:07 बजे RailMadad पर शिकायत दर्ज कराई। देवी प्रसाद के मुताबिक, शिकायत दर्ज कराने के महज 10 मिनट के अंदर ही उन्हें RailMadad और ट्रेन के पैंट्री कार मैनेजर की ओर से फोन आया। इसके बाद ट्रेन के अगले स्टॉपेज पर उनके बच्चे के लिए छोटे साइज के डायपर की व्यवस्था कर दी गई। इस अनुभव को साझा करते हुए यात्री ने रेलवे की तुरंत सर्विस की तारीफ की और लिखा, “This is what transformation looks like.” यानी बदलाव ऐसा दिखता है।
किसी ने की तारीफ, तो किसी ने कहा- रेलवे को Blinkit बना दिया!
देवी दास का पोस्ट सोशल मीडिया पर आते ही लोगों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करना शुरु कर दी। कुछ यूजर्स ने रेलवे द्वारा देवी दास की मदद की जाने की तारीफ की तो कुछ ने कॉमेंट किया कि छोटे बच्चे के साथ सफर कर रहे हैं तो जरूरत का सामान साथ लेकर चलना चाहिए, कई यूजर्स ने कहा कि रेलवे द्वारा छोटे बच्चे के साथ यात्रा कर रही फैमिली की मदद करना सराहनीय है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि बहुत से यात्रियों को रेलवे की शिकायत निवारण व्यवस्था के बारे में जानकारी नहीं होती।
हालांकि सोशल मीडिया में सभी लोग इस मदद से सहमत नहीं दिखे, एक यूजर ने तो तंज कसते हुए लिखा, “You made Indian Railways as a Blinkit service.”यानी कुछ लोगों के लिए यह रेलवे की बेहतर सेवा का उदाहरण था, जबकि दूसरों के लिए यह सवाल कि क्या यात्रियों को अपनी निजी जरूरतों का इंतजाम खुद नहीं करना चाहिए? फिलहाल, यह घटना रेलवे की सेवाओं, यात्रियों की जिम्मेदारी और डिजिटल शिकायत व्यवस्था की भूमिका को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
आइए अब समझे हैं कि आखिर RailMadad क्या है और ये कैसे काम करता है?
RailMadad जैसा की नाम से ही ज़ाहिर होता है रेलवे की तरफ से दी जाने वाली सहायता और शिकायत करने का प्लैटफॉर्म। इस प्लेटफॉर्म के जरिए यात्री ट्रेन में सफर के दौरान होने वाली समस्याओं या रेलवे सेवाओं से जुड़ी शिकायतों को दर्ज करा सकते हैं। इसका मकसद यात्रियों की शिकायतों को संबंधित रेलवे अधिकारियों तक पहुंचाना और उनका समाधान कराने में मदद करना है। उदाहरण के लिए मान लीजिए कि ट्रेन में साफ-सफाई की समस्या है, पानी की कमी, कोच से जुड़ी परेशानी या किसी दूसरी दिक्कत है तो आप अपनी परेशानी को RailMadad के जरिए दर्ज करा सकते हैं।
RailMadad का इस्तेमाल कैसे करें?
इंडियन रेलवे सर्विस के मुताबिक आप शिकायत करने के लिए रेलवे की वेबसाइट या ऐप खोलकर अपनी परेशानी को दर्ज करा सकते हैं। आधिकारिक वेबसाइट खोलें और RailMadad पोर्टल पर क्लिक करें। यहां ट्रेन या स्टेशन से जुड़ी शिकायत का विकल्प चुन सकते हैं। इस पर अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए आप यात्रा और यात्रा के दौरान होने वाली समस्या की जानकारी दें। अपना मोबाइल नंबर और यात्रा से जुड़ी सारी जानकारी दें। जरूरत के अनुसार संबंधित जानकारी या फोटो भी अपलोड कर सकते हैं। आप रेलवे में होने वाली परेशानी को 139 पर फोन कॉल करके भी दर्ज करा सकते हैं। आप रेलवे से सुरक्षा या मेडिकल सहायता भी इसी नंबर पर मांग सकते हैं। इतना ही नहीं आप शिकायत दर्ज कराने के बाद अपनी शिकायत का स्टेटस भी चेक कर सकते हैं। समाधान के बाद यात्री अपना फीडबैक भी दे सकते हैं।
ट्रेन में जरूरत पड़ने पर यात्रियों को कहां से मिलती है मदद?
ट्रेन में सफर के दौरान अगर किसी यात्री को अचानक परेशानी हो जाए, तब उसे घबराने की जरूरत नहीं है। भारतीय रेलवे में यात्रियों की अलग-अलग जरूरतों के लिए हेल्पलाइन, RailMadad और ट्रेन में मौजूद कर्मचारियों से संपर्क करने जैसे विकल्प मौजूद हैं। हालांकि, किस तरह की मदद मिलेगी, यह समस्या और उपलब्ध सुविधाओं पर निर्भर करता है।
किन परिस्थितियों में कहां से मदद लें? टेबल देखिए
| परेशानी | मदद का विकल्प |
|---|---|
| साफ-सफाई, पानी या कोच से जुड़ी समस्या | RailMadad या 139 |
| मेडिकल इमरजेंसी | 139 पर कॉल करके मेडिकल सहायता मांगें |
| सुरक्षा संबंधी परेशानी | 139 पर सुरक्षा सहायता का विकल्प चुनें |
| ट्रेन में स्टाफ से जुड़ी जरूरत | TTE या ट्रेन के संबंधित कर्मचारी से संपर्क करें |
| स्टेशन पर सहायता की जरूरत | स्टेशन मास्टर या संबंधित रेलवे कर्मचारी से संपर्क करें |
डिस्क्लेमर: यह खबर सोशल मीडिया पर साझा किए गए यात्री के अनुभव और उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। ट्रेन में डायपर जैसी जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता हर ट्रेन में सुनिश्चित नहीं है। यात्रियों को ऐसी जरूरतों के लिए यात्रा से पहले तैयारी करने और सहायता के लिए रेलवे के आधिकारिक माध्यमों का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है।
