संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले एक भारतीय ड्राइवर की किस्मत रातोंरात चमक गई है। उसने ‘बिग टिकट’ ड्रॉ में Dh15 मिलियन (लगभग 37 करोड़ रुपये) का जैकपॉट जीत लिया है। सालों तक चुपचाप अपनी किस्मत आजमाने के बाद ड्राइवर को आखिरकार सफलता मिल ही गई। खलीज टाइम्स के अनुसार विबीश पल्लियली एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में पिकअप ड्राइवर के तौर पर काम करते हैं। उन्होंने 28 फरवरी को अपने परिवार और दोस्तों के कहने पर लॉटरी टिकट खरीदा था।

1,000 दिरहम में खरीदा था टिकट

ड्राइवर ने खलीज टाइम्स को बताया, “मैंने 7 फरवरी को ही Dh1,000 में टिकटों का एक सेट खरीद लिया था, जब मैं भारत जा रहा था। 28 फरवरी को मेरे चचेरे भाई और उसके दो दोस्तों ने मुझे फोन करके कहा कि मैं उनके साथ मिलकर एक टिकट खरीद लूं। मैंने उन्हें समझाने की कोशिश की कि इस महीने का मेरा बजट पहले ही खत्म हो चुका है, लेकिन वे मुझसे लगातार मिन्नतें करते रहे। मैंने टिकट खरीद लिया ताकि उन्हें निराश न होना पड़े।”

विबीश पल्लियली लगभग दो दशकों से UAE में रह रहे हैं और काम कर रहे हैं। जिस शाम उन्होंने ऑनलाइन टिकट खरीदा था, उन्हें जरा भी अंदाज़ा नहीं था कि यह टिकट जल्द ही उनकी ज़िंदगी बदल देगा। यह खबर उन्हें तब मिली जब वे एक डिलीवरी पूरी करने के बाद अबू धाबी से शारजाह वापस गाड़ी चलाकर जा रहे थे। उन्होंने बताया, “चूंकि मैं एक रेगुलर कस्टमर हूं, इसलिए मुझे अक्सर कंपनी से फोन आते रहते हैं। लेकिन वे आमतौर पर महीने के बीच में या आखिर में फोन करके बताते हैं कि टिकटों पर कोई ऑफर चल रहा है। मैं सोच में पड़ गया कि वे महीने की शुरुआत में शाम के समय मुझे क्यों फोन कर रहे हैं।”

सालों की लगातार कोशिशों के बाद मिली जीत

जब विबीश पल्लियली को बताया गया कि उन्होंने जैकपॉट जीत लिया है, तो यह खबर सुनकर वे कुछ देर के लिए बिल्कुल चुप हो गए। उन्होंने याद करते हुए बताया, “मैंने उनसे पूछा कि कहीं यह कोई मज़ाक वाला फोन तो नहीं है, हालांकि मुझे पता था कि ऐसा नहीं है।” फोन रखने के बाद विबीश पल्लियली ने अपनी पत्नी को फोन किया। पत्नी ने तुरंत ऑनलाइन चेक किया और फिर विबीश पल्लियली को बताया कि वेबसाइट पर विजेता के तौर पर उनका लिखा हुआ है। विबीश पल्लियली को यह जीत सालों की लगातार कोशिशों के बाद मिली है।

15 सालों से हर महीने खरीद रहे थे टिकट

विबीश पल्लियली ने बताया कि आर्थिक तंगी के बावजूद, वे पिछले 15 सालों से हर महीने ‘बिग टिकट’ के लिए एंट्री खरीदते आ रहे थे। उन्होंने बताया, “मैं पिछले 15 सालों से हर महीने पूरी लगन से यह टिकट खरीद रहा हूं। जैसा कि आप अंदाज़ा लगा सकते हैं, एक ड्राइवर होने के नाते हर महीने Dh1,000 बचाना एक मुश्किल काम था। कई बार मेरी पत्नी शिकायत करती थी कि इस पैसे का इस्तेमाल दूसरी चीज़ों के लिए किया जा सकता था। कुछ महीनों तो मैं उसे बताता भी नहीं था कि मैंने टिकट खरीदा है।”

दिलचस्प बात यह है कि विबीश पल्लियली ने कभी भी नतीजों पर बारीकी से नज़र नहीं रखी या ड्रॉ लाइव नहीं देखा। उनके लिए टिकट खरीदना बस एक आदत बन गया था। उन्होंने बताया, “टिकट खरीदना मेरे लिए बस ज़िंदगी जीने का एक तरीका था। मैंने कभी सच में यह नहीं सोचा था कि मैं जीतूँगा या उस पैसे से कुछ करूँगा। मेरी बस एक ही तमन्ना थी कि एक दिन मैं कुछ जीतूँ, भले ही वह Dh100,000 का ही इनाम क्यों न हो।”

मिलेगी एक चौथाई रकम

विबीश पल्लियली ने जो इनामी रकम जीती है वो चार लोगों में बांटी जाएगी। ऐसे में इसलिए पल्लियाली को अपने हिस्से के तौर पर Dh 3.75 मिलियन (करीब 9 करोड़ रुपये) मिलेगा। अब उन्हें उम्मीद है कि वह भारत लौटकर अपनी ज़िंदगी का एक नया अध्याय शुरू करेंगे। विबीश पल्लियली ने बताया, “मैं 20 सालों से पूरे UAE में ड्राइविंग कर रहा हूं। अब मैं भारत वापस जाकर बसना चाहता हूं। यह पैसा इसमें ज़रूर मदद करेगा।” विबीश पल्लियली इनाम की रकम का कुछ हिस्सा अपनी बेटी के भविष्य को संवारने में भी लगाने की सोच रहे हैं। पढ़ें बैंगनी आलू की खेती कर लाखों कमा रहा किसान

(यह भी पढ़ें- भारतीय रेलवे ने बदली वंदे भारत ट्रेनों की टाइमिंग)

रेल मंत्रालय ने कुछ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के शेड्यूल में बदलाव किया है। इन सभी चार सेमी-हाई-स्पीड ट्रेनों को दक्षिण पश्चिम रेलवे (SWR) ज़ोन द्वारा ऑपरेट और मेन्टेन किया जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर