तूफान और भारी बारिश में जहां लोगों को हिदायत दी जाती है कि वो बारिश और बाढ़ के पानी से बचाव करें और घर में बैठें, वहीं एक डिलीवरी ब्वॉय अपना पेट पालने के लिए बारिश की परवाह किए बिना पार्सल डिलीवर करने निकल गया। मामला है हैदराबाद का जहां इस समय चक्रवाती तूफान अर्नब ने मौसम को बेहद प्रभावित किया हुआ है। तेज हवाएं, मूसलाधार बारिश की वजह से सड़कों पर पानी का जाम लगा है ऐसे में प्रशासन ने लोगों को खुद का बचाव करने के लिए सूचित किया है। 

वहीं 46 साल का एक डिलीवरी एजेंट ऐसे इलाके में डिलीवरी पहुंचाने गया जहां पानी लबालब भरा था। फिर क्या था डिलीवरी एजेंट इस इलाके में पानी से भरे नाले में गिर पड़ा। नाले में गिरा ये युवा इस तरह से गिरा कि वो कंधों तक पानी में डूब गया, पानी में सिर्फ उसका सर ही दिखाई दिया।  डिलीवरी एजेंट के पानी से भरे नाले में डूबने का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बारिश के बीच डिलीवरी एजेंट के साथ हुए इस हादसे ने एक बार फिर खराब मौसम में गिग वर्कर्स की सुरक्षा और खुले नालों के खतरे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, माधापुर के विट्टल राव नगर इलाके में तेज बारिश के कारण सड़क पर पानी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान Zepto में काम करने वाला डिलीवरी एजेंट अर्जुन कुमार अपनी बाइक से डिलीवरी पहुंचाने जा रहा था तभी वो अपनी बाइक पर कंट्रोल नहीं कर पाया और बाइक समेत पानी से भरे खुले नाले में जा गिरा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि नाले में बारिश का पानी तेज रफ्तार से बह रहा है जिससे बचाव करना बेहद मुश्किल लग रहा है।

मौके पर पुलिस पहुंची मदद करने

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और हैदराबाद डिजास्टर रिस्पांस एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी (HYDRAA) की टीमें मौके पर पहुंचीं। तेज पानी के बहाव के बीच बचाव अभियान चलाया गया और काफी मशक्कत के बाद डिलीवरी एजेंट को सही सलामत पानी से भरे नाले से निकाला गया। बचाव दल जब डिलीवरी एजेंट को बाहर निकालने में कामयाब रहा तो मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर खुशी का इज़हार किया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में डिलीवरी एजेंट को कोई चोट नहीं पहुंची। घटना में डिलीवरी एजेंट की जान तो बच गई लेकिन कमाई का साधन बनने वाली बाइक नाले में ही फंस गई।

तेलंगाना में भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवाती तूफान अर्नब  के प्रभाव की वजह से भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2 से 3 नवंबर तक तेलंगाना के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश की वजह से यहां के इलाकों में बुरी तरह पानी भरा है। IMD ने लोगों से घरों से बाहर नहीं निकलने की और खुद का बचाव करने की अपील की है। IMD ने लोगों को हिदायत दी है कि वो बारिश में सड़क पर निकलते समय सावधानी बरतें। बाइक सवाल  और पैदल चलने वाले लोग जलभराव वाली जगहों से दूर रहें। इस दौरान खुले नाले,टूटी सड़कें जानलेवा साबित हो सकती हैं। ऐसे में इन जगहों से गुजरने से बचें।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की गई वीडियो और सार्वजनिक दावों के आधार पर तैयार की गई है।