Pangi Valley Chamba Viral Video: हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में बीते एक हफ्ते में भारी बर्फबारी हुई है। ताजी बर्फबारी के बाद हिमालय सफेदी की चादर में डूब गया है। बर्फबारी की वजह से जहां रिकॉर्ड-तोड़ थंड पड़ रही है। वहीं, राज्य के कई हिस्सों से ऐसे वीडियो सामने आ रहे हैं, जिन्हें देखकर सुखद अनुभूति भी हो रही है। साथ ही भय भी लग है।
पानी की तरह बहता दिखा बर्फ
इंटरनेट पर फिलहाल चंबा तहसील के पांगी वैली का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सफेद बर्फ की चादर से ढंके पहाड़ों के बीच से एक धारा बह रही है। हालांकि, धारा पानी की नहीं बर्फ की है। हैरान करने वाले फुटेज में बर्फ को पानी की तरह बहते हुए देखा जा सकता है।
ऐसी संभावना है कि यह धारा चंद्रभागा नदी (ऊपरी चिनाब) की कोई सहायक नदी या हिस्सा है, जो घाटी से होकर लगभग 85 किलोमीटर तक बहती है। हाल ही में हुई बर्फबारी के कारण यह बर्फ से भरी हुई है, जिससे “बहती हुई बर्फ” जैसा असर दिख रहा है। हालांकि, जनसत्ता स्वतंत्र रूप से तथ्यों की पुष्टि नहीं कर सकता है।
यहां देखें वायरल वीडियो –
वीडियो जिसे एक्स पर @nikhilsaini ने शेयर किया है के कैप्शन में लिखा है – आखिरकार हिमालय में अच्छी मात्रा में बर्फ गिरी है। कल की बर्फबारी के बाद अब लगभग सभी इलाके बर्फ से ढक गए हैं। एक्स पर पोस्ट किए जाने के बाद से वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। कमेंट सेक्शन में यूजर्स सुखद आश्चर्य करते दिख रहे हैं।
गौरतलब है कि हिमालय क्षेत्र में एक्टिव एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से हिमाचल प्रदेश का मौसम बदल गया है। राज्य के ज़्यादातर हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने चंबा, कुल्लू, लाहौल और स्पीति जिलों में कुछ जगहों पर भारी बर्फबारी और बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर और मंडी जिलों के लिए ओलावृष्टि का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला के अनुसार, एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में 27 जनवरी तक खराब मौसम की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
