गुरुग्राम में घर का किराया सुनकर जहां ज्यादातर लोगों की जेब का हिसाब बिगड़ जाता है, वहीं एक महिला ऐसी भी हैं जो अपनी हर महीने की सैलरी का आधे से ज्यादा हिस्सा सिर्फ अपने घर के किराए पर खर्च कर रही हैं। हैरानी की बात यह है कि उसके पास इससे सस्ता घर लेने का विकल्प भी मौजूद है, लेकिन वह अपना घर छोड़ना नहीं चाहती। वजह सिर्फ घर की खूबसूरती या सुविधाएं नहीं हैं, बल्कि वह सुकून है जो उसे अपने घर और ऑफिस दोनों जगहों से मिलता है।

शक्ति धारणी पांडे की कहानी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान इसलिए खींच रही है, क्योंकि यह सिर्फ महंगे किराए की कहानी नहीं है। यह उस सवाल की कहानी है कि क्या जिंदगी में हर फैसले का हिसाब सिर्फ पैसों से लगाया जा सकता है? कई बार इंसान कुछ ज्यादा पैसे इसलिए खर्च करता है, क्योंकि बदले में उसे समय, मानसिक शांति, सुविधा और अपनेपन का एहसास मिलता है।

कौन हैं महिला और क्या करती हैं काम?

गुरुग्राम में रहने वाली शक्ति धारणी पांडे एक स्कूल में काम करती हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर बताया कि उनके घर का किराया उनकी मासिक सैलरी का आधे से ज्यादा हिस्सा खा जाता है। यह सुनकर कई लोगों को लगा कि शायद उन्हें कोई सस्ता विकल्प नहीं मिल रहा होगा, लेकिन कहानी कुछ अलग है। शक्ति के मुताबिक उनके पास कम किराए में घर लेने का विकल्प मौजूद है। इसके बावजूद वह अपना मौजूदा घर छोड़ना नहीं चाहतीं।

महिला के घर का किराया क्यों बना चर्चा का विषय

गुरुग्राम की इस महिला ने सोशल मीडिया पर उस समय चर्चा छेड़ दी, जब उन्होंने बताया कि वह अपनी सैलरी का आधे से ज्यादा हिस्सा किराए पर खर्च करती हैं। महिला ने माना कि यह फैसला हर किसी के लिए आर्थिक रूप से सही नहीं हो सकता, लेकिन उनके लिए उनका घर और ऑफिस दोनों बहुत मायने रखता है। घर और ऑफिस में सुकून दोनों ही जगह सेहत, मानसिक सुकून और दूसरे कामों पर ध्यान देने का मौका देता हैं।

आखिर क्यों नहीं छोड़ना चाहतीं घर?

शक्ति के लिए घर सिर्फ सोने या रहने की जगह नहीं है। उनके लिए यह ऐसी जगह है जहां उन्हें सुकून मिलता है, मानसिक शांति मिलती है और काम के बाद खुद को संभालने का मौका मिलता है। इसी तरह उनका ऑफिस भी उनके लिए मायने रखता है। यानी वह सिर्फ मकान का किराया नहीं दे रही हैं, बल्कि अपनी जिंदगी में सुविधा, समय और मानसिक सुकून को भी महत्व दे रही हैं।
कभी-कभी हम घर का किराया नहीं, बल्कि उस सुकून की कीमत चुका रहे होते हैं जो घर लौटने के बाद मिलती है।

क्यों ज्यादा किराया देना पसंद करती हैं शक्ति?

शक्ति ने वीडियो में बताया कि उनकी सैलरी का 50 फीसदी से ज्यादा हिस्सा हर महीने घर के किराए में चला जाता है। वह गुरुग्राम के जिस स्कूल में काम करती हैं, वहां से उनका घर महज चार मिनट की पैदल दूरी पर है। वह एक बड़े 1RK में रहती हैं। आम तौर पर इतनी कम दूरी के लिए इतना ज्यादा किराया देना कई लोगों को सही फैसला नहीं लगेगा। लेकिन शक्ति के लिए यह सिर्फ एक घर का किराया नहीं है। इस घर ने उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को थोड़ा आसान बना दिया है।

ऑफिस से घर की दूरी इतनी कम है कि उन्हें क्लास के बीच मिलने वाले ब्रेक में भी घर जाने का मौका मिल जाता है। वह घर जाकर गर्म खाना खा सकती हैं, थोड़ा आराम कर सकती हैं और अपने बाकी काम भी निपटा सकती हैं। उनके लिए ज्यादा किराए का मतलब सिर्फ जेब से ज्यादा पैसे निकलना नहीं है, बल्कि बदले में मिलने वाला वह समय और सुकून भी है, जिसे वह अपनी जिंदगी में काफी अहम मानती हैं।

शक्ति का कहना है कि इस घर में रहने से उन्हें ‘पीस, एनर्जी और टाइम’ बचाने में मदद मिलती है। उन्हें सुबह बहुत जल्दी उठकर ऑफिस पहुंचने की भागदौड़ नहीं करनी पड़ती और न ही दिनभर के काम के बाद लंबे समय तक ऑटो या मेट्रो में सफर करके घर लौटना पड़ता है। घर और ऑफिस के बीच कम दूरी होने की वजह से आने-जाने का खर्च भी काफी हद तक बच जाता है।

SIP में लगाने के बजाय अपनी जिंदगी पर खर्च कर रही हैं कमाई

शक्ति ने अपनी सोच को लेकर एक और दिलचस्प बात कही। उनका कहना है कि वह अपनी 20s में कमाई का हर हिस्सा सिर्फ भविष्य के लिए बचाकर रखने के बजाय अपनी जिंदगी को बेहतर बनाने पर भी खर्च करना चाहती हैं। उनके मुताबिक, वह जितना पैसा इस घर पर खर्च कर रही हैं, उसके बदले उन्हें रोज थोड़ा ज्यादा समय, कम थकान और अपनी पसंद के काम करने की आजादी मिलती है। वह मानती हैं कि पैसे को सिर्फ बचत या SIP में लगाने के बजाय अपनी जिंदगी को आसान बनाने और अपने लिए बेहतर माहौल तैयार करने पर खर्च करना भी जरूरी है। यही वजह है कि फिलहाल उनका घर बदलने का कोई इरादा नहीं है।

बचा हुआ समय बना रही हैं अपने सपनों के लिए

शक्ति के लिए इस घर की सबसे बड़ी कीमत शायद वह समय है, जो उन्हें रोज आने-जाने में खर्च नहीं करना पड़ता। घर और ऑफिस की दूरी कम होने से बचने वाले इसी समय और एनर्जी का इस्तेमाल वह नई स्किल सीखने, वीडियो बनाने और खुद पर ध्यान देने में करती हैं। उन्होंने बताया कि उनकी साइड इनकम भी है, जिससे ज्यादा किराए का कुछ हिस्सा मैनेज करने में मदद मिलती है। शक्ति के मुताबिक, वह सिर्फ एक घर के लिए अपनी आधी से ज्यादा सैलरी खर्च नहीं कर रही हैं। वह इसके बदले अपना समय, सुरक्षा, शांति और एनर्जी खरीद रही हैं। यही चीजें उन्हें उन कामों के लिए वक्त देती हैं, जिन्हें वह जिंदगी में करना चाहती हैं। शायद यही वजह है कि उनके लिए यह घर सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी को थोड़ा आसान बनाने वाला एक फैसला है।

सोशल मीडिया पर लोगों ने भी रखी अपनी राय

वीडियो शेयर करते हुए शक्ति ने कैप्शन में लोगों से पूछा, ‘क्या आप भी ऐसा कुछ करेंगे?’

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं भी अलग-अलग रहीं। कुछ यूजर्स ने उनके फैसले का समर्थन किया। एक यूजर ने कहा कि मानसिक सुकून के लिए ज्यादा किराया देना गलत नहीं है। वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा कि जिंदगी में समय की कीमत भी पैसों जितनी ही महत्वपूर्ण है।