गुजरात के भावनगर से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है जहां एक किसान पर शेर ने हमला कर दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि किसान करीब 30 मिनट तक शेर के कब्जे में रहा, लेकिन आखिरकार वह जिंदा बचकर बाहर निकल आया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना सोमवार सुबह भावनगर जिले के पालिताणा तालुका के गरजिया गांव की बताई जा रही है। कालूभाई परमार नाम के किसान अपनी गाय को चारा खिलाने के लिए गए थे। जैसे ही वह चारा डाल रहे थे, तभी वहां मौजूद एक शेर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। शेर ने किसान का हाथ अपने जबड़ों में दबोच लिया।
हमले के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शोर मचाकर शेर को भगाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक शेर वहां से नहीं हटा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस इलाके में हमला हुआ, वह वन्यजीव क्षेत्र के पास है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि शेर किसी वजह से आक्रमक हो गया था। लोगों ने ही उसे उकसाया होगा। इसी वजह से उसने किसान पर हमला कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, किसान की हालत अब स्थिर है और उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कालूभाई परमार ने खुद इस घटना के बारे में मीडिया से बात की। उन्होंने बताया, “मैं सुबह अपनी गाय को चारा देने गया था। उस समय शेर वहीं बैठा हुआ था। जैसे ही मैं चारा डालने लगा, उसने अचानक मुझ पर हमला कर दिया। उसके धक्के से मैं जमीन पर गिर गया और मेरा हाथ उसके जबड़ों में फंस गया। करीब 30 मिनट तक उसने मेरा हाथ नहीं छोड़ा। बाद में जैसे ही मौका मिला, मैं किसी तरह वहां से भाग निकला।”
सोशल मीडिया पर यह घटना इसलिए भी चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि किसान ने बेहद मुश्किल हालात में भी असाधारण हिम्मत दिखाई। घबराने के बजाय उन्होंने खुद को शांत रखा और सही मौके का इंतजार किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे किसान शांति से शेर के सिर पर हाथ फेरकर उसे शांत कराने की कोशिश कर रहा है। आखिरकार, जैसे ही शेर की पकड़ थोड़ी ढीली हुई, किसान वहां से निकलने में सफल हो गया। यही सूझबूझ और हिम्मत उसकी जान बचाने की सबसे बड़ी वजह बनी।
