सड़को पर रफ्तार भरी बाइक दौड़ाने के नजारें आपने और हमने बहुत देखे हैं लेकिन पानी पर बाइक दौड़ाने का ये नज़ारा बेमिसाल जांबाजी का अनोखा नज़ारा है। चीन के एक उद्यमी ने खुले पानी पर 40 किमी से ज़्यादा दूरी तक मोटरसाइकिल चलाकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया है। पेशेवर स्टंट और कड़ी ट्रेनिंग के दम पर एक राइडर ने पानी की सतह पर मोटरसाइकिल चलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
39 वर्षीय झांग ने 25 अक्टूबर को हुनान प्रांत के हुआइहुआ में, मयांग मियाओ ऑटोनॉमस काउंटी में एक मॉडिफाइड MX 450 मोटरसाइकिल से 40.74 किमी का सफर तय किया। मोटरसाइकिल बनाने वाली कंपनी ZXMOTO के संस्थापक, झांग ज़्यू ने चीन में अपने होमटाउन में यह सफर पूरा किया। इससे पहले उनकी मोटरसाइकिल को पानी पर चलाने की कई कोशिशें नाकाम रही थीं। राइडर को ये कामयाबी कई सालों के प्रयोगों के बाद मिली है। जांबाज के इस कारनामे की कहानी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
पानी पर कैसे टिकी बाइक?
झांग ज़्यू की मोटरसाइकिल कोई आम मोटर साइकिल नहीं है बल्कि मॉडिफाइड मोटरसाइकिल है। इस बाइक को इस तरह डिजाइन किया गया है कि ये पानी पर चल सके। ‘चाइना डेली’ के अनुसार झांग ज़्यू के इस कारनामे ने एक मॉडिफाइड मोटरसाइकिल द्वारा खुले पानी पर तय की गई सबसे लंबी दूरी के लिए गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। झांग ने मुश्किल मोड़ों और शारीरिक थकान का सामना करते हुए छह चक्कर पूरे किए। इसने 31.8 किमी के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
इस मोटर साइकिल को पानी पर चलाने के लिए खास तरीके से डिजाइन किया गया है। मोटरसाइकिल में तैरने के लिए खास ढांचे और वाटरप्रूफिंग बदलाव किए गए थे, ताकि वो नदी के ऊपर चल सके। इतना ही नहीं पानी पर बाइक चलाने के दौरान राइडर की हिफाजत के भी खासे इंतजाम किए गए थे। इस कोशिश के दौरान बचाव नौकाएं और मेडिकल टीमें नियुक्त की गई थीं।
17 साल की कोशिशें और तैयारी के बाद मिली कामयाबी
झांग ज्यू को ये कामयाबी रातो रात नहीं मिली है बल्कि उनकी लम्बी मेहनत का नतीजा है। झांग ने पहली बार 22 साल की उम्र में पानी पर मोटरसाइकिल चलाने की कोशिश की थी। उनकी पहली चार कोशिशें नाकाम रहीं, जिनमें सबसे लंबी कोशिश में वे सिर्फ 20 मीटर तक ही जा पाए थे। इस बार की कोशिश के लिए, झांग और उनकी टीम ने पांच महीने तक मोटरसाइकिल की तैरने की क्षमता, वाटरप्रूफ सील और पावर सिस्टम को बेहतर बनाने पर काम किया। उन्होंने मोटरसाइकिल के संतुलन से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए पानी में कई बार टेस्ट भी किए।
झांग ज्यू की कैसी रही प्रतिक्रिया
वीएनएक्सप्रेस इंटरनेशनल के मुताबिक झांग ने अपनी कामयाबी को अपनी मेहनत और यकीन का फल बताया। उन्होंने बताया कि, मुझे यकीन था कि मैं ऐसा कर सकता हूं। अगर मैं फेल भी हो जाता, तो भी बिना किसी हिचकिचाहट के कोशिश करता रहता। मुझे इस पूरी प्रक्रिया में बहुत मज़ा आता है। झांग ने कहा कि अपने गृहनगर में यह कोशिश करने से उनकी यह उपलब्धि और भी खास हो गई। वे अपनी इस ख्वाहिश को पूरा करना चाहते थे, और साथ ही मयांग (Mayang) और वहां की खूबियों की ओर लोगों का ध्यान खींचना चाहते थे।
डिस्क्लेमर: यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दी गई जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। जनसत्ता वीडियो में किए गए दावों या सूचनाओं की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
