WB Election 2026, Google Trends: पश्चिम बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण में राज्य की बची हुई 142 सीटों पर वोटिंग होनी है लेकिन मतदान से ठीक पहले राज्य के प्रमुख धार्मिक नेताओं ने एकजुट होकर नागरिकों से शांति बनाए रखने की पुरजोर अपील की है। ‘यूनाइटेड इंटरफेथ फाउंडेशन, इंडिया’ के बैनर तले एकजुट हुए इन नेताओं ने मतदाताओं से किसी भी प्रकार के उकसावे या अफवाहों से बचने का आग्रह किया है।

दूसरे चरण के लिए वोटिंग से पहले धार्मिक प्रमुखों ने एक संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि मतदान करना केवल एक संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि एक गंभीर जिम्मेदारी भी है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे मतदान के दौरान टकराव से बचें और सामाजिक सद्भाव को प्राथमिकता दें।

जनता से क्या की अपील?

UIFI द्वारा जारी बयान में कहा गया, “आज का दिन बंगाल के सर्वोच्च मूल्यों, शांति, व्यवस्था और एकजुटता, का प्रतीक बनना चाहिए।” इस शांति की अपील पर फाउंडेशन के अध्यक्ष आर्कबिशप मोस्ट रेव एलियास फ्रैंक और महासचिव डॉ. सतनाम सिंह अहलूवालिया के साथ-साथ नखोदा मस्जिद के इमाम मौलाना शफीक कासमी ने हस्ताक्षर किए। इस मुहिम में हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, सिख, जैन, बौद्ध और पारसी समुदायों के अन्य प्रतिनिधि भी शामिल रहे।

‘लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखें’

नेताओं ने सभी हितधारकों और राजनीतिक दलों से एक ऐसा माहौल तैयार करने का आह्वान किया जहाँ लोकतंत्र बिना किसी डर या व्यवधान के काम कर सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक मतभेद कभी भी हमारे “सह-अस्तित्व के साझा ताने-बाने” पर हावी नहीं होने चाहिए।

अफवाहों से बचने की चेतावनी

सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर चिंता जताते हुए, गुरुओं ने नागरिकों को किसी भी अपुष्ट जानकारी पर प्रतिक्रिया न देने की सलाह दी। आर्कबिशप फ्रैंक ने भाईचारे का संदेश देते हुए कहा, “चुनाव आते-जाते रहते हैं, लेकिन भाईचारे की भावना हमेशा बनी रहनी चाहिए।”