अमेरिका में हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी करने वाले 19 साल के माइक सैटरली (Mike Satterlee) इन दिनों अपने 3D प्रिंटेड कैन कूलर की वजह से सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि हाई स्कूल से ग्रेजुएशन करने के महज तीन महीने बाद ही उनका कारोबार इतनी तेजी से बढ़ने लगेगा। बेसमेंट में छोटे स्तर पर शुरू किया गया उनका 3D प्रिंटिंग का काम आज सालाना 8 लाख 8 हजार डॉलर (करीब 7 करोड़ 68 लाख रुपये से ज्यादा) के कारोबार में बदल चुका है। इस कामयाबी के पीछे एक साधारण-सा इंस्टाग्राम वीडियो है, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

इस वीडियो को बनाने में न तो बहुत ज्यादा पैसे खर्च हुए और न ही किसी बड़ी टीम की जरूरत पड़ी। वीडियो में माइक Dr. Pepper सॉफ्ट ड्रिंक का एक कैन तेजी से पीते नजर आते हैं। इसके बाद वह अपने खास हार्ड-शेल इंसुलेटेड कूजी (डिब्बे को ठंडा रखने वाला मजबूत कवर) में नया कैन डालते हैं। इसे देखकर ऐसा लगता है, जैसे वह किसी मशीन में नया कारतूस भर रहे हों।

यही वजह है कि उनके इस प्रोडक्ट को ‘टैक्टिकल रीलोडर’ कहा जाने लगा। इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को 5 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया और रातोंरात माइक का कारोबार नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया।

महज 13 साल की उम्र में अपना पहला बिजनेस शुरू कर दिया था

माइक की कारोबारी बनने की कहानी हालांकि यहीं से शुरू नहीं हुई थी। उन्होंने महज 13 साल की उम्र में अपना पहला बिजनेस शुरू कर दिया था। उस समय वह ऐसी लोशन बेचते थे, जिस पर रेत नहीं चिपकती थी। तब उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि उनका यह छोटा-सा प्रयोग आगे चलकर एक बड़े कारोबार की नींव बन जाएगा। इसके बाद उन्होंने 3D प्रिंटिंग से बने कई तरह के प्रोडक्ट बेचने शुरू किए। इनमें जूतों के लिए खास एक्सेसरीज और कार में कप रखने वाले होल्डर जैसे सामान शामिल थे।

आज माइक की 3D प्रिंटिंग फैक्ट्री में 160 से ज्यादा मशीनें लगी हुई हैं। इन्हीं मशीनों की मदद से वह अपने कैन कूलर तैयार करते हैं। काम का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि माइक हर हफ्ते 80 से 85 घंटे तक काम करते हैं। इसके बावजूद उनके लिए यह काम किसी बोझ जैसा नहीं है। CNBC से बातचीत में उन्होंने कहा, “हर दिन जब मेरी आंख खुलती है, तो मैं काम पर जाने के लिए उत्साहित रहता हूं। सच कहूं तो मुझे यह काम लगता ही नहीं है। मुझे जो करना है, वह मुझे बेहद पसंद है।”

Google Trends: रात में कैसा दिखता है भारत-पाक बॉर्डर? प्लेन से दिखा नजारा; वीडियो वायरल

माइक के कारोबार की रफ्तार का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि उन्हें हर दिन करीब 400 से 700 ऑर्डर मिलते हैं। इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी संख्या में ऑर्डर मिलना उनके बिजनेस की बढ़ती लोकप्रियता को दिखाता है।

कितनी कमाई कर रहा है माइक का कारोबार?

कमाई की बात करें तो माइक के मुताबिक, इस साल सितंबर तक उनके ब्रांड Cruise Cup ने करीब 6 लाख 1 हजार डॉलर का रेवेन्यू हासिल कर लिया था। वहीं, साल 2025 में उनके कारोबार की कमाई करीब 8 लाख डॉलर रही थी। CNBC Make It की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी की कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा उसकी अपनी वेबसाइट और TikTok Shop से आता है। इसके अलावा Amazon पर प्रोडक्ट बेचकर भी कंपनी को कमाई होती है, हालांकि वहां से मिलने वाला हिस्सा अपेक्षाकृत कम है।

माइक के कारोबार को सबसे बड़ी रफ्तार तब मिली, जब उन्होंने CruiseCup के नए प्रोडक्ट का एक वीडियो पोस्ट किया। यह खास इंसुलेटेड होल्डर एक साथ दो कैन रखने के लिए बनाया गया है। इसमें ऊपर और नीचे, दोनों तरफ से कैन डालने की सुविधा है। वीडियो में इस प्रोडक्ट को इस्तेमाल करने का तरीका लोगों को काफी पसंद आया और ‘टैक्टिकल रीलोडर’ सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

इस वायरल वीडियो से माइक को शुरुआती बिक्री मिलने लगी। उन्होंने इस कमाई का इस्तेमाल और 3D प्रिंटिंग मशीनें खरीदने में किया, ताकि ज्यादा से ज्यादा ऑर्डर पूरे किए जा सकें। धीरे-धीरे कंपनी का कारोबार बढ़ता गया और एक महीने में रेवेन्यू का आंकड़ा रिकॉर्ड 1 लाख डॉलर तक पहुंच गया। यह रकम उनके पिछले कारोबारी प्रयासों से हुई कमाई के मुकाबले करीब 60 फीसदी ज्यादा थी।

करोड़ों का कारोबार, फिर भी हर महीने खुद के लिए निकालते हैं इतने पैसे

माइक की कंपनी तेजी से आगे बढ़ रही है, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि इतनी कमाई के बावजूद वह हर महीने अपने लिए सिर्फ 500 से 1,500 डॉलर ही निकालते हैं। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि वह अभी अपने माता-पिता के साथ रहते हैं और उन्हें घर का किराया नहीं देना पड़ता।

माइक अपनी कंपनी की कमाई का ज्यादातर हिस्सा वापस कारोबार में ही लगा देते हैं। इस पैसे से वह नई 3D प्रिंटिंग मशीनें खरीदते हैं, सोशल मीडिया पर विज्ञापन चलाते हैं और नए प्रोडक्ट तैयार करने पर काम करते हैं। यानी फिलहाल उनका पूरा ध्यान खुद के लिए ज्यादा पैसा निकालने के बजाय कंपनी को और बड़ा बनाने पर है।

माइक सैटरली की कहानी दिखाती है कि कई बार एक छोटा-सा आइडिया और उसे सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की कोशिश जिंदगी बदल सकती है। जिस काम की शुरुआत उन्होंने अपने बेसमेंट से की थी, वह आज एक तेजी से बढ़ते कारोबार में बदल चुका है। महज 19 साल की उम्र में माइक ने साबित कर दिया है कि अगर किसी प्रोडक्ट में कुछ अलग करने की बात हो और वह लोगों को पसंद आ जाए, तो सोशल मीडिया की ताकत एक छोटे बिजनेस को भी बड़ी पहचान दिला सकती है।