सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क घटाकर तीन रुपये प्रति लीटर कर दिया है और डीजल पर इसे शून्य कर दिया गया है। सरकार के इस कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि प्रधानमंत्री देर से जाग रहे हैं इसके नुकसान तो उठाने पड़ेंगे।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, “पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के प्रभाव हम पर तो पड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री जी देर से जाग रहे हैं, जहां टाइम पर निर्णय होने चाहिए थे, तब हमारा तटस्थ रुख था, एक गुटनिरपेक्ष रुख की हम लोग अगुआई कर रहे थे। अब हमलोग तो एक जगह लाकर खड़े कर दिए गए तो इसके नुकसान तो उठाने पड़ेंगे। स्थिति बेहद गंभीर है। लोग चिंतित हैं, व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं। लोग बेहद परेशान हैं।”
आप कमरे में बैठकर परेशानी का अंदाजा नहीं लगा सकते- इमरान मसूद
एक्साइज ड्यूटी में कटौती पर इमरान ने कहा कि 20 डॉलर प्रति बैरल तेल का दाम है पर जब हमारी सरकार थी तो हमने 120 डॉलर प्रति बैरल तेल भी खरीदा था इसलिए इन्हें यह तो नहीं कहना चाहिए कि ये लोग बहुत काम कर रहे हैं। स्थित बहुत खराब है, लोगों की शादियां बाधित हो गईं। लोग बहुत परेशान हैं। कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। आप कमरे में बैठकर उस परेशानी का अंदाजा नहीं कर सकते।
वहीं, सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती पर शेयर बाजार विशेषज्ञ सुनील शाह ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान कहा, “वे अंतिम उपभोक्ता मूल्य नहीं बढ़ा रहे हैं। उत्पाद शुल्क कम करने से ऑइल मार्केटिंग कंपनियों को कम नुकसान होगा। यह एक संतुलन बनाने का प्रयास है। अभी तक आम आदमी इस युद्ध से प्रभावित नहीं हुआ है लेकिन धीरे-धीरे अगर हालात बेकाबू हो जाते हैं और तनाव कम नहीं होता है तो हमें इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।”
पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क घटा
वित्त मंत्रालय द्वारा 26 मार्च की देर रात जारी एक अधिसूचना के अनुसार, पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर तीन रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है, जबकि डीजल पर यह शुल्क पहले के 10 रुपये से घटाकर शून्य कर दिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि शुल्क में यह कटौती तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। तेल कंपनियों को राहत देने के लिए सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती की है।
घटी एक्साइज ड्यूटी के बाद भी आम लोगों को नहीं मिलेगा सस्ता पेट्रोल-डीजल
केंद्र सरकार ने शुक्रवार, 27 मार्च को पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में बड़ी कटौती की है, लेकिन कटौती का सीधा फायदा सस्ते ईंधन के रूप में आम लोगों को शायद न मिले। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
