Google Trends: पश्चिम एशिया संघर्ष और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देश के लोगों से एक खास अपील की थी। पीएम मोदी ने कम पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल, सोना कम खरीदने और कुछ समय के लिए विदेश दौरों से बचने की अपील की थी। प्रधानमंत्री की अपील पर एक मासूम बच्ची ने अपनी बात रखी।

वायरल हो रहे इस वीडियो में छोटी बच्ची कहती हुई सुनाई दे रही है, “मोदी जी आप टेंशन मत लो, हम आपके साथ हैं। हम कोई फॉरेन ट्रिप नहीं जाते हैं और हम तो सिर्फ नानी के घर ही जाते हैं। हमारा नानी का घर तो फॉरेन ट्रिप जैसा ही है। आप टेंशन मत लो हम आपके साथ हैं।”

पीएम मोदी ने लोगों से की थी अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की कि वे पेट्रोल और डीजल बचाएं और बेहद जरूरी न होने पर इस्तेमाल से बचे। पीएम मोदी ने कहा कि हमने कोविड के समय कई सारी व्यवस्थाएं बना ली थीं और अब समय की मांग है कि हम उन व्यवस्थाओं को फिर से शुरू करें।

पश्चिम एशिया संघर्ष के प्रभाव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं, “वैश्विक संकट के इस दौर में हमें कर्तव्य को सर्वोपरि मानते हुए संकल्प लेना होगा और उसे पूर्ण समर्पण के साथ निभाना होगा। एक बड़ा संकल्प है पेट्रोल और डीजल का कम से कम उपयोग करना। हमें पेट्रोल और डीजल के उपयोग को कम करना होगा। मेट्रो लाइन वाले शहरों में हमें केवल मेट्रो से ही यात्रा करने का निर्णय लेना चाहिए।”

पीएम मोदी ने कहा था, “हमें घर से काम करने, ऑनलाइन कॉन्फ्रेंसिंग और वर्चुअल बैठकों को फिर से प्राथमिकता देनी चाहिए। हमें विदेशी मुद्रा की बचत पर भी विशेष जोर देना चाहिए, क्योंकि वैश्विक स्तर पर पेट्रोल और डीजल बहुत महंगे हो गए हैं। पेट्रोल और डीजल खरीदने पर खर्च होने वाली विदेशी मुद्रा को बचाना हमारी जिम्मेदारी है।”

पीएम मोदी ने कहा कि मध्यम वर्ग में विदेश में शादियों, विदेश यात्रा और विदेश में छुट्टियां मनाने की संस्कृति तेजी से बढ़ रही है। हमें हमने फैसला किया है कि इस संकट के समय में हमें कम से कम एक साल के लिए विदेश यात्रा स्थगित कर देनी चाहिए।