कोलकाता से पुणे जाने वाली इंडिगो की उड़ान में एक महिला यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ने पर विमान को गुरुवार को रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया।
अधिकारियों ने बताया कि उड़ान संख्या 6ई-135 को स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर उतारा गया। उन्होंने बताया कि विमान दोपहर लगभग 12 बजे हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतर गया।
अधिकारियों ने बताया कि उड़ान के दौरान एक महिला यात्री अचानक बेहोश हो गईं, जिसके बाद चालक दल ने तत्काल मेडिकल सहायता के लिए रायपुर हवाई अड्डे में एटीसी से संपर्क किया और विमान को रायपुर में उतारने का फैसला किया।
महिला को पहुंचाया गया अस्पताल
अधिकारियों के मुताबिक, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने विमान के उतरते ही महिला यात्री को प्राथमिक सहायता दी और एम्बुलेंस के जरिये अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि आवश्यक औपचारिकताएं और स्थिति सामान्य होने के बाद विमान ने लगभग दोपहर एक बजे फिर से अपने गंतव्य के लिए उड़ान भरी।
इससे पहले 28 मार्च को विशाखापत्तनम से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट के इंजन में खराबी के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी। इस विमान में 160 यात्री सवार थे।
