Google Trends: दिल्ली में मंगलवार रात से बारिश, गरज के साथ बौछारें पड़ने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है और यह अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है, जिससे चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मंगलवार को शहर के तापमान में मामूली गिरावट देखी गई और अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह अप्रैल महीने का दूसरा सबसे गर्म दिन था।
बुधवार को कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली के कुछ हिस्सों में भी दिन के दौरान हल्की बारिश हुई। इसमें पालम और लोदी रोड पर सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच मामूली वर्षा दर्ज की गई। आईएमडी ने बुधवार के लिए तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है और येलो अलर्ट जारी किया है।
स्काईमेट वेदर के महेश पालावत ने कहा, “राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में आज रात बारिश हो सकती है और इस (सर्कुलेशन) प्रणाली के दिल्ली पहुंचने और 30 अप्रैल तक सक्रिय रहने का अनुमान है।” उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे यह प्रणाली राजस्थान से आगे बढ़ेगी, इससे धूल भरी आंधी के साथ-साथ मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती है, जो मानसून से पहले की स्थितियों की विशेषता है।
बुधवार को गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने और तेज हवाओं की चेतावनी के बीच अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कैसी रही दिल्ली की हवा
इस बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी रही और एक्यूआई 239 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के मुताबिक, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
