Google Trends: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक विदेशी महिला के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। कुछ युवकों ने विदेशी महिला के साथ सेल्फी लेने के बहाने अभद्रता करने की कोशिश की।
वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक सेल्फी लेने के बहाने महिला के गले में हाथ डालकर उसे अपनी ओर खींच रहे हैं। इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया गया है। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लिया है और इसे साइबर सेल को सौंप दिया गया है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला जल महल की पाल का है।
ब्रह्मपुरी थाने के एसएचओ हेमंत जनागत ने बताया कि विदेशी महिला ने अभी तक सामने आकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उनके अनुसार, महिला खुद भी सेल्फी खिंचवा रही थी, लेकिन वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक अभद्रता करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
यह पहली बार नहीं है जब पर्यटकों के साथ इस तरह की बदसलूकी का मामला सामने आया हो। राज्य में पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार देखा गया है। इस मामले में भी साइबर सेल की मदद से शरारती तत्वों की पहचान की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
