राजधानी नई दिल्ली में सोमवार को भारी बारिश से कई इलाकों में सड़कों पर कमर तक पानी भर गया, गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और आम जनजीवन थम-सा गया। मौसम विभाग के मुताबिक, शहर के जनकपुरी इलाके में सर्वाधिक 67 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों, मथुरा रोड, कनॉट प्लेस, भैरों मार्ग, आईटीओ और जखीरा अंडरपास सहित कई प्रमुख जगहों पर जलजमाव के कारण लंबा यातायात जाम लग गया।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में संगम विहार में कम से कम एक दर्जन छात्रों को कमर तक गहरे पानी से होकर गुजरते हुए देखा गया। पुरानी दिल्ली इलाके में बारिश का पानी जमा होने के कारण सदर बाजार के लोगों को भी कमर तक गहरे पानी से होकर गुजरना पड़ा। कुछ हफ्ते पहले भी इलाके के लोगों को ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ा था।
कमला नगर बाजार इलाके की सड़कों पर भी जल जमाव की शिकायत मिली। दोपहर 1:15 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को जनकपुरी में सर्वाधिक 67 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि छतरपुर में 57 मिलीमीटर, पीतमपुरा में 35 मिलीमीटर और सफदरजंग में 29 मिलीमीटर वर्षा हुई।
कहां-कहां हुआ जलजमाव?
यात्रियों ने सराय काले खां, मथुरा रोड और द्वारका एक्सप्रेसवे के पास भारी यातायात जाम की सूचना दी, जबकि लुटियंस दिल्ली में बिशंबर दास मार्ग और संसद मार्ग के आसपास के क्षेत्रों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भैरों मार्ग, आईटीओ, मथुरा रोड, कनॉट प्लेस के इनर और आउटर सर्कल, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन, बुराड़ी, सीआर पार्क और अलकनंदा के पास भी सड़कों पर पानी जमा होने की खबर मिली, जिससे यातायात में रुकावट आई और पैदल चलने वालों को भी परेशानी हुई। बाहरी दिल्ली के संगम विहार और भलस्वा इलाके से भी जलभराव की खबर मिली।
IMD ने बारिश को लेकर जताया यह अनुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सुबह 8.30 बजे से पूर्वाह्न 11.30 बजे के बीच दिल्ली में सबसे ज्यादा 28 मिलीमीटर बारिश छतरपुर में दर्ज की गई, जबकि लोधी रोड में 24.6 मिलीमीटर, पीतमपुरा में 18.5 मिलीमीटर, रिज में 5 मिलीमीटर, मयूर विहार में 1.5 मिलीमीटर, सफदरजंग में 1 मिलीमीटर और आयानगर में 0.1 मिलीमीटर वर्षा हुई।
मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में कुछ घंटों के लिए भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। शहर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। दक्षिण-पूर्व दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्व दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नयी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली और उत्तर दिल्ली के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें: जानिए कल कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
दिल्ली एनसीआर में 25 अगस्त को भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा सुबह से ही बादल छाए रहने की भी संभावना जताई गई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
