दुनिया की प्रमुख विकसित अर्थव्यवस्थाओं के नेता इस हफ्ते फ्रांस में 52वें G7 शिखर सम्मेलन के लिए एकत्रित हुए। शिखर सम्मेलन में युद्ध, व्यापार और अन्य वैश्विक चुनौतियों जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा के साथ-साथ कुछ हल्की-फुल्की बातचीत भी चर्चा का विषय बनी जिसे वहां लगे ‘हॉट माइक'(माइक्रोफोन) ने रिकॉर्ड कर लिया। फ्रांस में झील किनारे स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित इस शिखर सम्मेलन के दौरान बैठक कक्षों के भीतर और बाहर लगे माइक्रोफोन में नेताओं की अनौपचारिक बातचीत भी रिकॉर्ड हो गई। इन चर्चाओं में खेल, धूम्रपान, मौसम और ग्रीनलैंड जैसे विषय शामिल रहे।

हम सबसे पॉपुलर कपल हैं- जॉर्जिया मेलोनी

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी से मिले तो मेलोनी ने कहा, “आपसे दोबारा मिलकर अच्छा लगा।” उसी समय, फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने इंस्टाग्राम पर उनकी लोकप्रियता का जिक्र किया, जिस पर मेलोनी ने चुटकी लेते हुए कहा, “हम दुनिया के सबसे मशहूर कपल हैं।”

मेलोनी ने धूम्रपान छोड़ने की जानकारी दी

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने पूछा कि क्या उन्होंने सुबह सिगरेट पी है। इस पर मेलोनी ने जवाब दिया कि उन्होंने एक मई के बाद से धूम्रपान नहीं किया है। उनकी इस बात पर कनाडा, ब्रिटेन, जापान और यूरोपीय संघ के नेताओं ने उन्हें बधाई दी। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या वह ‘निकोटिन पैच’ का इस्तेमाल कर रही हैं।

फुटबॉल और खेल पर भी हुई चर्चा

अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में आयोजित फुटबॉल विश्व कप के बीच खेल चर्चा का प्रमुख विषय रहा। लंच के दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अन्य नेताओं के बीच फुटबॉल पर बातचीत हुई। एक नेता ने हाल में पेरिस सेंट-जर्मेन की चैंपियंस लीग जीत का जिक्र किया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में आयोजित यूएफसी (अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप) मुकाबले का उल्लेख किया। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टॉर्मर ने केप वर्डे और विश्व चैंपियन स्पेन के बीच 0-0 से बराबरी पर समाप्त हुए मैच को काफी रोमांचक बताया।

ग्रीनलैंड पर ट्रंप की टिप्पणी

एक अन्य मौके पर ट्रंप और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा के बीच हुई बातचीत भी माइक्रोफोन में रिकॉर्ड हो गई। बातचीत के दौरान ट्रंप ने कोस्टा की ओर देखते हुए केवल ग्रीनलैंड शब्द कहा। हालांकि, इस टिप्पणी का पूरा संदर्भ स्पष्ट नहीं हो सका। ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप के पहले दिए गए बयानों और वहां नियंत्रण स्थापित करने संबंधी टिप्पणियों के कारण यूरोप के कई नेता पहले भी आपत्ति जता चुके हैं।

मैक्रों की घड़ी और ट्रंप का मजाक

लंच के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपनी घड़ी वहीं छोड़ गए। इस पर कार्नी ने अन्य नेताओं का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि मैक्रों अपनी घड़ी भूल गए हैं। इस पर ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा, ”अगर वह इसे छोड़ गए हैं तो मुझे दे दीजिए।” यह सुनकर वहां मौजूद नेताओं के बीच ठहाके गूंज उठे।

ट्रंप को जन्मदिन पर जर्सी और साइकिल मिली

शिखर सम्मेलन के दौरान नेताओं के बीच उपहारों का आदान-प्रदान भी हुआ। मैक्रों ने अगले वर्ष फ्रेंच आल्प्स में आयोजित होने वाली साइक्लिंग विश्व चैंपियनशिप के प्रचार के लिए अपने समकक्ष नेताओं को साइकिलें भेंट कीं। वहीं, जर्मन चांसलर मर्ज ने ट्रंप को उनके नाम और 47 नंबर वाली जर्मन राष्ट्रीय फुटबॉल टीम की जर्सी भेंट की। डोनाल्ड ट्रंप ने जर्सी को उठाकर तस्वीर खिंचवाई और मुस्कुराते हुए उसे सभी को दिखाया। मर्ज ने बाद में इस मौके की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, ”आखिरकार, हम एक ही टीम में हैं।”

मोदी-ट्रंप का हाथ मिलाना

प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की मुलाकात 16 महीनों बाद हुई और दोनों के बीच गले मिलने का खास अंदाज’ इस मुलाकात में गायब था। टैरिफ को लेकर अमेरिका-भारत संबंधों में आए तनाव के बाद इस तरह के गर्मजोशी भरे माहौल का न होना इंटरनेट पर खूब चर्चा का विषय बना। हालांकि, सम्मेलन के दौरान एक फोटो सेशन में, ट्रंप को पोडियम पर चढ़ने में थोड़ी मदद की जरूरत महसूस हुई तो पीएम मोदी ने तुरंत अपना हाथ बढ़ाया और अमेरिकी राष्ट्रपति को उठने में मदद की।

ज़ेलेंस्की और मेलोनी का अजीबोगरीब ‘किस’

जी7 सम्मेलन में एक और अजीबोगरीब पल कैमरे में कैद हो गया जब यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी मिले। दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और गाल पर किस करने के लिए आगे बढ़े। हालांकि, ठीक इसी पल स्थिति तब अजीब हो गई जब दोनों एक ही दिशा में मुड़ गए।

यह भी पढ़ें: मोदी फरिश्ते जैसे हैं- G7 में डोनाल्ड ट्रंप बोले

फ्रांस में चल रहे G7 शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री के साथ हमारी कुछ बहुत अच्छी बातचीत हुई। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

(इनपुट- भाषा, इंडियन एक्सप्रेस )