हम में से कई लोग ऐसे होंगे जो 9 टू 5 वाली नौकरी से थक कर अपना बिजनस शुरू करने का प्लान करते होंगे। दोस्तों-यारों के साथ चाय की टपरी या स्नैक्स की शॉप पर बैठकर तो सभी ने बिजनस शुरू करने का प्लान बनाया ही होगा। इन सभी प्लानिंग में एक प्लानिंग बहुत आम होती है – पहाड़ों में मैगी नूडल्स का बिजनस। लोग सोचते हैं पहाड़ों की ठंडी हवा के बीच वो लोगों को मैगी नूडल्स बेचेंगे और मोटी कमाई करेंगे।
ऐसा ही कुछ सोचा दिल्ली बेस्ड फूड व्लॉगर देवांश त्यागी और वो निकल पड़े पहाड़ों में मैगी बेचने। अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किए गए वीडियो में उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने एक दिन पहाड़ों में मैगी बेची और कितने की आमदनी थी। इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में दिव्यांश मैगी बनाते और उसे कस्टमर्स को सर्व करते दिख रहे हैं। वो ग्राहकों से रिव्यू भी ले रहे हैं।
वीडियो जिसे इंस्टाग्राम पर 50 लाख से अधिक लोगों ने लाइक किया है, उसके आखिर में देवांश दावा करते हैं कि दिनभर मैगी बेचकर उन्होंने 24 हजार रुपये कमाए हैं। उन्होंने बताया कि कुल 225 प्लेट मैगी की बिक्री हुई और इससे उन्हें हजारों की आमदनी हुई। उन्होंने यूजर्स से भी ऐसे ही किसी बिजनस को शुरू करने की अपील की।
यहां देखें वायरल वीडियो –
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो पर मिलीजुली प्रतिक्रिया आई। कुछ यूजर्स ने बिजनेस आइडिया की तारीफ की, जबकि कुछ ने इसकी वास्तविकता से जुड़े गंभीर पहलू सामने रखे। जबकि कुछ ऐसे भी थे जिन्होंने वीडियो पर मजेदार प्रतिक्रिया दी। एक कमेंट में लिखा था, “भाई मेरे दोस्त ने नौकरी छोड़ा दी। अब वो पहाड़ों में मैगी बेचेगा।” दूसरे कमेंट में लिखा था, “भाई ये आईडिया वाकई अच्छा है।”
जबकि एक अन्य कमेंट में लिखा था, “पहाड़ कोई व्यावसायिक अवसर नहीं हैं। वे एक नाजुक, जीवित पारिस्थितिकी तंत्र हैं। अगर इस तरह के आईडिया से प्रभावित होकर 10 प्रतिशत लोग भी ऐसा करेंगे तो पहाड़ों को काफी नुकसान होगा। वहां अधिक प्रदूषण, अधिक शोर और अधिक प्लास्टिक होगा।” बहरहाल, वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। आपकी इस पर क्या राय है, कमेंट करके बताएं।
यह भी पढ़ें – बेंगलुरु के कपल ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, लगातार 11 घंटे तैरकर श्रीलंका से आए भारत, रचा इतिहास
बेंगलुरु के आईटी प्रोफेशनल्स दानिश अब्दी और वृषाली प्रसादे ने इतिहास रच दिया है। दोनों श्रीलंका से भारत तक राम सेतु मार्ग पर साथ-साथ ओपन वॉटर स्विम पूरी करने वाले पहले कपल बन गए हैं। जानकारी अनुसार 7 मई को इस जोड़े ने श्रीलंका के तलाइमन्नार से सुबह करीब 4:30 बजे तैराकी शुरू की और लगभग 32 किलोमीटर लंबी पाल्क जलमार्ग की दूरी तय करते हुए दोपहर करीब 3:15 बजे तमिलनाडु के धनुषकोडी पहुंचे। यह बेहद कठिन सफर 10 घंटे 45 मिनट में पूरा हुआ। पूरी खबर पढ़ें…
(डिस्क्लेमर: यह लेख सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और संबंधित कंटेंट क्रिएटर द्वारा किए गए दावों पर आधारित है। जनसत्ता इन आंकड़ों या कमाई के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। किसी भी क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधि शुरू करने से पहले स्थानीय प्रशासन के नियमों, आवश्यक परमिट और कानूनी आवश्यकताओं की जानकारी स्वयं प्राप्त करें। पहाड़ों या संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापारिक निर्णय लेने से पहले विशेषज्ञों की सलाह लें। वायरल दावों को निवेश या करियर के निश्चित आधार के रूप में न मानें।)
